ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले के पटकुरा विधानसभा सीट से सत्तारूढ़ बीजू जनता दल की प्रत्याशी सावित्री अग्रवाल अपने निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा प्रत्याशी बिजोय महापात्रा से 11,791 मतों से आगे चल रही हैं।
चुनाव अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। सीट पर मतदान 20 जुलाई को हुआ था। अधिकारी ने बताया कि सातवें चरण की गिनती के बाद अग्रवाल को अभी तक 42,037 मत मिले हैं जबकि महापात्रा को 30,246 वोट मिले हैं। कांग्रेस प्रत्याशी जयंत कुमार मोहंती को अभी तक 1,107 वोट मिले हैं।
अधिकारियों ने बताया कि केन्द्रपाड़ा ऑटोनॉमस कॉलेज में त्रिस्तरीय सुरक्षा के बीच मतगणना चल रही है। चुनाव आयोग के निर्देशानुसार पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी करायी जा रही है।
सीट पर 29 अप्रैल को मतदान होना था, लेकिन बीजद प्रत्याशी वेद प्रकाश अग्रवाल के निधन के कारण चुनाव रद्द हो गया। उसके बाद मतदान 19 मई को होना था लेकिन चक्रवात फोनी के कारण मतदान फिर से रद्द करना पड़ा।