Nuapada Bypoll: नुआपड़ा उपचुनाव में राजनीतिक प्रतिस्पर्धा बढ़ गई है। बीजेडी ने स्नेहांगिनी चुरिया को उम्मीदवार बनाया है, जबकि भाजपा ने जय ढोलकिया को अपना प्रतिनिधि घोषित किया है। इस बार का मुकाबला तीन प्रमुख पार्टियों बीजेडी, भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ा होने की उम्मीद है।
ओडिशा के नुआपड़ा विधानसभा उपचुनाव के लिए बीजू जनता दल ने अपनी उम्मीदवार स्नेहांगिनी चुरिया का नाम घोषित किया है, जबकि भाजपा ने जय ढोलकिया को अपना उम्मीदवार बनाया है। भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने बुधवार को जारी बयान में जय ढोलकिया को नुआपड़ा उपचुनाव के लिए पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया।
विज्ञापन
आज दाखिल करेंगे नामांकन पत्र
जय ढोलकिया पूर्व बीजेडी विधायक राजेंद्र ढोलकिया के पुत्र है, जो पिछले हफ्ते भाजपा में शामिल हुए थे। भाजपा ने कहा कि वे गुरुवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे, जिसमें मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। इसके पहले पार्टी ने नुआपड़ा में एक भव्य रैली का आयोजन भी किया है। बीजेपी में शामिल होने से पहले, जय ढोलकिया को उनके पिता की पार्टी बीजेडी से उम्मीदवार बनाने की योजना थी। यह उपचुनाव उनके पिता राजेंद्र ढोलकिया के 8 सितंबर को असमय निधन के कारण कराना पड़ा।
वहीं, बीजेडी अध्यक्ष नवीन पटनायक ने अपनी पार्टी की महिला शाखा की अध्यक्ष और पूर्व मंत्री स्नेहांगिनी चुरिया को उपचुनाव का उम्मीदवार घोषित किया। पटनायक ने कहा कि चुरिया पश्चिमी ओडिशा की मजबूत नेता हैं और उन्होंने गरीबों, वंचितों और विशेषकर महिलाओं के लिए कार्य किया है। कांग्रेस ने पहले ही घासीराम मांझी को नुआपड़ा उपचुनाव का उम्मीदवार घोषित किया है। मांझी ने 2024 में नुआपड़ा सीट पर स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा और दूसरे स्थान पर रहे।
उपचुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तारीख 20 अक्टूबर है। कागजात की जांच 22 अक्टूबर को होगी और नामांकन वापसी की अंतिम तारीख 24 अक्टूबर है। चुनाव 11 नवंबर को होने वाले हैं।