अब रेलवे स्टेशनों पर भी मतदाता पहचान पत्र व आधार कार्ड बनवाने की सुविधा मिलेगी। %रेलवायर साथी कियोस्क% इस काम में आपकी मदद करेगा। इतना ही नहीं इस कियोस्क के माध्यम से बिजली बिल भुगतान, पैन कार्ड, आयकर, बैंकिंग, बीमा से जुड़ी सेवाएं भी मिलेंगी। साथ ही ट्रेन, हवाई, बस यात्रा टिकट की बुकिंग भी संभव हो सकेगी और मोबाइल रिचार्ज भी करा सकेंगे। दरअसल रेलवे ने स्टेशनों पर कॉमन सर्विस सेंटर कियोस्क संचालन का निर्णय लिया है। रेलटेल इस सुविधा के लिए 200 स्टेशनों को फिलहाल चुना है।
ई-गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड के साथ मिलकर रेलटेल ने रेलवायर साथी कियोस्क शुरू करने जा रहा है। ये कियोस्क कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के ग्राम स्तरीय उद्यमियों द्वारा संचालित किया जाएगा। रेलटेल के प्रबंध निदेशक पुनीत चावला ने बताया कि ग्रामीण आबादी की सुविधा के लिए यह विशेष अभियान होगा। रेलटेल ने पूरे भारत में रेलवे स्टेशनों पर कॉमन सर्विस सेंटर कियोस्क (स्टॉल) संचालित करने की योजना तैयार की है। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के साथ मिलकर इसे संचालित किया जाएगा।
बतौर पॉयलट प्रोजेक्ट वाराणसी व प्रयागराज में शुरू
बतौर पॉयलट प्रोजेक्ट उत्तर प्रदेश के वाराणसी सिटी स्टेशन और प्रयागराज सिटी स्टेशन पर दो कॉमन सर्विस सेंटर संचालित किया जा रहा है। अब 200 रेलवे स्टेशनों पर चरणवार संचालित किया जाएगा। इनमें 44 कियोस्क दक्षिण मध्य रेलवे में, 20 पूर्वोत्तर सीमा रेलवे में, 13 पूर्व मध्य रेलवे में, 15 पश्चिम रेलवे में, 25 उत्तर रेलवे में, 12 पश्चिम मध्य रेलवे में हैं, 13 पूर्वी तट रेलवे में हैं और 56 पूर्वोत्तर रेलवे जोन में लगाया जाएगा।
ग्रामीण इलाके के लोगों को मिलेगा फायदा
इससे ग्रामीण क्षेत्रों में ब्रॉडबैंड सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। ग्रामीण इलाको में इंटरनेट का उपयोग करने की जानकारी का अभाव है। इस वजह से आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर कार्ड ऑनलाइन बनवाने में लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ता है। अब स्टेशन पहुंचकर इस सुविधा को लोग ले सकेंगे। रेलवॉयर साथी कियोस्क ग्रामीण आबादी की सहायता के लिए ग्रामीण रेलवे स्टेशनों पर इन आवश्यक डिजिटल सेवाओं को उपलब्ध कराया जाएगा।