शिवसेना सांसद रविंद्र गायकवाड़ ने शनिवार को प्राइवेट एयरलाइन स्पाइसजेट में टिकट बुक किया लेकिन एक बार फिर उनका टिकट रद्द कर दिया गया। सांसद ने पुणे से अहमदाबाद के लिए टिकट बुक किया, लेकिन उसे विमानन कंपनी ने रद्द कर दिया।
फ्लाइट तीन अप्रैल की रात को उड़ान भरने वाली है, लेकिन उससे पहले ही उनका टिकट रद्द कर दिया गया। सांसद ने 4,504 रुपए देकर एसजी524 में टिकट बुक किया था। बता दें कि सभी विमानन कंपनियों ने उनको खराब व्यवहार वाले पैसेंजर्स की श्रेणी में डाल हुआ है।
बता दें कि एयर इंडिया के स्टाफ के साथ मारपीट करने के खिलाफ की गई शिकायत के आधार पर दिल्ली पुलिस ने गायकवाड़ के खिलाफ FIR दर्ज है। एयर इंडिया और उनके स्टाफ मेंबर्स ने सांसद के खिलाफ शिकायत दी थी।
दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता देवेंद्र पाठक के मुताबिक गायकवाड़ के खिलाफ आईपीसी की धारा 308 और 355 के तहत केस दर्ज किया गया है। इसके साथ ही यह केस दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच के पास भी है।
रवींद्र गायकवाड़ के मुद्दे को लेकर संसद से सड़क तक बरपा हंगामा
शिवसेना सांसद, रवींद्र गायकवाड
- फोटो : self
एयर इंडिया के स्टाफ को चप्पल से पीटने वाले सांसद रवींद्र गायकवाड़ के मुद्दे को लेकर संसद से सड़क तक हंगामा बरपा। लोकसभा में हंगामे के बाद शिवसेना सांसद और लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन के साथ बैठक हुई जिसमें नागरिक उड्डयन मंत्री अशोक गजपति राजू भी मौजूद थे।
बैठक के बाद स्पीकर सुमित्रा महाजन ने कहा कि किसकी गलती हुई, क्या हुआ वो अलग बात है। सांसद को सदन में आना होता है, हर बार ट्रेन से नहीं कभी प्लेन से भी आना होता है। उन्होंने कहा कि आशा है कि बातचीत के माध्यम से मामले को सुलझा लिया जाएगा।
इससे पहले लोकसभा में शिवसेना सांसद आनंदराव अडसुल ने कहा था कि रविंद्र गायकवाड़ ने गलत किया, तो उसकी शिकायत एयरलाइंस ने पुलिस में की है। लेकिन सभी एयरलाइंस ने उन्हें बैन कर दिया, जो कि गलत है। शिवसेना ने रविंद्र गायकवाड़ पर लगे बैन को हटाने की मांगी की है।
साथ ही, शिवसेना सांसद ने कॉमेडियन कपिल शर्मा का भी मु्ददा उठाया और कहा कि कपिल शर्मा ने भी प्लेन में शराब पीकर दुर्व्यवहार किया, लेकिन उन पर कोई बैन नहीं लगाया गया।