बुलंदशहर कांड की सनसनी अभी थमी नहीं कि बरेली में भी दिल्ली हाईवे किनारे एक निजी स्कूल की शिक्षिका से तीन दरिंदों ने अगवाकर गैंगरेप कर डाला। सुबह सात बजे शिक्षिका स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी तभी बीच रास्ते से वैन सवार तीन युवकों ने उसका अपहरण कर लिया और परसाखेड़ा इंडस्ट्रियल एरिया के आगे खेत के पास ले गए और वहां वैन में ही रेप किया।
इस दौरान फोटो भी खींच लिये। डरी सहमी शिक्षिका घर पहुंची और परिजनों को जानकारी दी। दिन भर सदमे में रहे परिवार ने शाम साढ़े चार बजे के करीब सीबीगंज थाने में सूचना दी तो खलबली मच गई। पुलिस के आला अफसर मौके पर पहुंच गए। तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ गैंगरेप और धमकाने का मुकदमा दर्ज किया गया है, अपहरण की धारा नहीं लगायी गई है।
इस मामले में आईजी जोन के आदेश पर सीबी गंज थाने के इंस्पेक्टर राकेश कुमार को निलंबित कर दिया गया है। वहीं डीजीपी और प्रमुख सचिव गृह ने स्थानीय वरिष्ठ अधिकारियों से पूरे मामले की रिपोर्ट तलब कर ली है। शहर से सटे सीबीगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली अविवाहित 19 वर्षीय युवती इलाके के ही एक पब्लिक स्कूल में शिक्षिका है। सुबह सात बजे वह स्कूल के लिए निकली।
जब एक किलोमीटर आगे खड़ौआ रोड पर शिव ज्ञान डिग्री कॉलेज के पास पहुंची तो वैन सवार तीन युवकों ने उसे रोका। जब तक वह कुछ समझ पाती कि मुंह पर हाथ रखकर उसे वैन में डाल लिया। वहां से वे उसे वैन लखनऊ दिल्ली हाईवे (एनएच-24) के किनारे परसाखेड़ा इंडस्ट्रियल एरिया से लगे रोड नंबर एक पर बंडिया के एक खेत के पास ले गए।