आकाशवाणी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मन की बात करते दिखते है तो अब केंद्रीय रेल मंत्री सुरेश प्रभु फेसबुक पर लाइव दिखेंगे। आप प्रभु के कार्यक्रमों को उनके संदेश को घर बैठे फेसबुक पर देख सकेंगे। रेल मंत्री के कार्यक्रम को अगर लाइव नहीं देख पाते है तो रिकार्डेड संदेश भी सुन सकते हैं। इसके लिए प्रभु के फेसबुक पेज पर लिंक उपलब्ध रहेगा।
फेसबुक व वाइबर पर चैट भी कर सकते है। सोशल नेटवर्किंग साइट्स ट्विटर से बच्चों को ट्रेन में दूध उपलब्ध कराने से लेकर बिछड़ों को इंस्टाग्राम से मिलाने वाले रेलमंत्री सुरेश प्रभु फेसबुक पर लाइव होंगे। प्रभु के साथ ही रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा, 17 जोन के रेल महाप्रबंधक, सभी जोन के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी व 68 रेल मंडल प्रबंधक भी फेसबुक पर लाइव होंगे।
रेल मंत्रालय के अधिकारियों का कहना है कि रेलवे की योजनाओं व कार्यक्रम से कई लोग अवगत नहीं हो पाते हैं। ऐसे में फेसबुक लाइव उनके लिए मददगार साबित होगा। इसके जरिए फेसबुक से जुड़े लोग सीधा मंत्री तक अपनी प्रतिक्रिया व सुझाव भी दे सकेंगे।