सफर के दौरान अब आपकों शिकायत करके समाधान के लिए इंतजार नहीं करना होगा। शिकायतों का समाधान अब ट्रेन में ही होगा। इसके लिए रेल मंत्रालय ने ट्रेन सुप्रीटेंडेंट की जवाबदेही तय कर दी है। दिल्ली मंडल के वरिष्ठ कॉमर्शियल मैनेजर अब प्रोडक्ट मैनेजर के रूप में काम करेंगे और ट्रेन के सुप्रीटेंडेंट को मॉनीटर करेंगे।
इसके लिए एक ऐप भी तैयार किया जाएगा। एप पर ट्रेन के सभी विभाग के लोग जुड़ेंगे और तत्काल ट्रेन सुप्रीटेंडेंट शिकायतों का समाधान कर सकेंगे। रेल मंत्रालय ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रख एक व्यक्ति की जिम्मेदारी तय कर दी है।
विभिन्न चैनलों से पहुंचने वाली शिकायत अब सीधा ट्रेन के सुप्रीटेंडेंट तक पहुंचेगी और वहीं सफर के दौरान यात्रियों की सभी तरह की समस्या का समाधान असिस्टेंट सुप्रीटेंडेंट के साथ मिलकर करेंगे। यात्रा के दौरान यात्री शिकायत कहीं भी करे ट्रेन सुप्रिटेंडेंट की जवाबदेही होगी।