नोटबंदी के बाद दिक्कत झेल रहे किसानों को सरकार ने राहत दी है। अब वो पुराने पांच सौ रुपये के नोटों के जरिए सरकारी दुकानों से बीज खरीद सकेंगे। सोमवार को वित्त मंत्रालय ने बयान जारी कर ये जानकारी दी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 8 नवंबर को लिए गए नोटबंदी के फैसले के बाद से लाखों किसान पैसे की तंगी से जूझ रहे हैं। उनके पास रबी की फसलों की बुआई के लिए बीज खरीदने के भी पैसे नहीं हैं। इसके साथ ही उनके पास खेती से जुड़ी अन्य जरूरतों को पूरा करने के लिए भी पैसै नहीं हैं।
सरकार द्वारा दी गई इस राहत के बाद अब किसान राज्य और केंद्र सरकार की दुकानों से पुराने नोटों को देकर ही बीज खरीद सकेंगे। इसके लिए उन्हें खेती के उत्पादन का सबूत देना होगा। सरकार का कहना है कि किसानों के लिए कोई दिक्कत न हो इसके लिए वो प्रतिबद्ध है।