यदि आप प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं और कंपनी अपने हिस्से का
पीएफ आपके खाते में जमा नहीं करा रही है तो इसकी सूचना आपको सीधे मिलेगी। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (
ईपीएफओ) कंपनी की तरफ से निर्धारित समय में पीएफ जमा नहीं कराए जाने की सूचना सदस्यों को देगा।
ईपीएफओ मौजूदा समय में रजिस्टर्ड खाताधारक सदस्यों को एसएमएस / ई-मेल से उसके खाते में जमा की गई राशि के बारे में सूचना देता है। ईपीएफओ ने एक बयान में कहा, ‘जिन सदस्यों को खाते में अंशदान जमा नहीं होता उन्हें सूचना नहीं मिल पाती है। इसमें अधिक पारदर्शिता लाने के लिए यह निर्णय लिया गया है कि सदस्यों (जिनका यूनिवर्सल खाता संख्या में मोबाइल नंबर/ई-मेल दर्ज है) को उनकी कंपनी की तरफ से निर्धारित समय में अंशदान जमा नहीं किए जाने के बारे में सूचित किया जाएगा।’
बयान के अनुसार सभी सदस्यों को उनके खाते में जमा की सूचना ऑनलाइन ई-पासबुक और उमंग मोबाइल एप के साथ ही मिस कॉल सेवा के जरिये भी उपलब्ध होगी। इसके अतिरिक्त संगठन सभी उम्र के आधार पर नए सदस्यों के बारे में जानकारी भी प्रकाशित करेगा। ये सूचना कंपनी की तरफ से उपलब्ध कराई गई जानकारी पर आधारित होगी। इस जानकारी को ऑनलाइन देखा जा सकेगा। वर्तमान में ईपीएफओ के सदस्यों की संख्या पांच करोड़ से अधिक है।