आईआरसीटीसी की वैकल्पिक यात्रा बीमा योजना अब रेल यात्रियों के लिये एक पैसे के सांकेतिक मूल्य पर उपलब्ध है। आईआरसीटीसी ने यह फैसला सितंबर के यात्रियों की बीमा योजना में भागीदारी के बाद लिया। खास बात यह कि पिछले महीने बीमा की प्रीमियम राशि 92 पैसे थी। प्रीमियन की राशि शुक्रवार से प्रभावी हो जायेगी। वहीं, 31 अक्तूबर तक के लिए बुक किये गये सभी टिकटों के लिये मान्य होगा।
आईआरसीटीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डॉ एके मनोचा ने बताया कि यात्रियों के लिये यह दीवाली उपहार जैसा है। सितंबर महीने में इसे काफी पसंद किया गया था। 29 सितंबर तक एक करोड़ यात्रियों से योजना का चयन किया था। बीमा योजना के तहत यात्रा करने वाले यात्रियों को आईआरसीटीसी के पोर्टल पर एक ट्रेन टिकट बुक करने पर 10 लाख रुपये तक का बीमा कवर प्रदान किया जाता है। इसमें दुर्घटना से मौत या स्थायी पूर्ण विकलांगता की स्थिति में यात्रियों को या उनके परिवारों को 10 लाख रुपये व आंशिक विकलांगता पर 7.5 लाख रुपये, अस्पताल में भर्ती होने पर खर्च के 2 लाख रुपये मिलते हैं।