एड्स छूने से नहीं फैलता, एड्स रोगियों के प्रति हमदर्दी रखें। इस विज्ञापन के जरिये एड्स रोगियों के प्रति समाज का नजरिया बदलने की कोशिश की गई। लेकिन एड्स रोगियों को जीवन साथी बनाने के लिए शायद ही कोई जल्दी से तैयार हो। लेकिन अब एचआईवी संक्रमित लोग एक वेब पोर्टल के जरिये अपने जीवनसाथी की तलाश कर सकते हैं। इस पोर्टल को खास तौर पर एड्स पीड़ितों के लिए ही बनाया गया है।
भारतीय प्रबंध संस्थान अहमदाबाद (आईआईएमए) में इस पोर्टल का मंगलवार को शुभारंभ किया गया। इसका मकसद एचआईवी संक्रमित लोगों की गोपनीयता की चिंताओं का समाधान करना है।
यह ऑनलाइन मंच गुजरात स्टेट नेटवर्क ऑफ पॉजीटिव पीपुल ने बनाया है, जो एक गैर लाभकारी संगठन है। इसमें आईआईएमए के स्वास्थ्य सेवा प्रबंध केंद्र ने सहायता की है।
सूरत के राम कृष्ण नॉलेज फाउंडेशन ने वित्तीय मदद की पेशकश की है। आईआईएमए के निदेशक इरोल डीसूजा ने इसे एक ‘‘बहुत ही प्रगतिशील’’ कदम बताया है।