शिवसेना ने नोटबंदी को लेकर एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। शिवसेना ने कहा है कि इस फैसले ने भारतीय अर्थव्यवस्था को उस तरह तबाह कर दिया है जिस तरह अमेरिका ने साल 1945 में जापान के शहर हिरोशिमा और नागासाकी पर परमाणु बम गिराकर तहस नहस कर दिया था।
पीएम मोदी के मंत्रिमंडल में गूंगे बहरे तोते बैठा दिए गए हैं और इसी तरह के भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर की नियुक्ति कर दी गई है, जिन्होंने अर्थव्यवस्था की जड़ों को हिलाकर रख दिया है।
शिवसेना के मुखपत्र में ‘नोटबंदी का परमाणु बम’ नामक शीर्षक से प्रकाशित संपादकीय में कहा गया है कि पीएम मोदी ने 500 और 1000 रुपये के नोट चलन से बाहर कर भारतीय अर्थव्यवस्था को हिरोशिमा और नागासाकी की तरह तहस-नहस कर दिया है।