पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़
- फोटो : ANI
पश्चिम बंगाल सरकार से विभिन्न मुद्दों पर भिड़ने वाले राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने कहा है कि सरकार के साथ मुझे कोई युद्ध नहीं छेड़ना है। मेरा उद्देश्य केवल जनता की सेवा करना है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य के विश्वविद्यालय अपने मन मुताबिक काम नहीं कर रहे हैं।
राज्यपाल ने ये बातें एमसीसीआई एजुकेशन फोरम में कहीं। उन्होंने कहा कि राज्य के विश्वविद्यालयों का कुलपति होने के नाते मैं सुर्खियां बटोरने वाले विभिन्न विकास कार्यों का साक्षी बना हूं।
राज्यपाल ने कहा कि अगर मैं उन सभी को बताना शुरू करता हूं, तो यह अगले दिन अखबारों की सुर्खियां बन जाएंगी। यह माना जाता है कि विश्वविद्यालयों का कुलपति होने के नाते हम उन्हें अपने मुताबिक कार्य करने की अनुमति देते हैं, लेकिन ऐसा नहीं है।
उन्होंने आगे कहा कि प्रश्न यह उठता है कि कौन बड़ा है, राज्यपाल या फिर राज्य? मैंने विश्वविद्यालयों के संचालन में राज्यपाल और राज्य सरकार की भूमिका जानने की कोशिश की। मैंने पाया कि इसमें दोनों की छोटी सी भूमिका है। इसलिए 'कौन बड़ा है' है कि प्रतिस्पर्धा की बजाय हमें संचालन में सहयोग करना चाहिए।