फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

13 राज्यों में कोहरे का अलर्ट: उत्तर और मध्य भारत में पारा लुढ़का, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में झीलें जमीं

Fri, 27 Nov 2026 04:31 AM IST
देवेश त्रिपाठी अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली

सार

पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और गिरते तापमान का असर मैदानी राज्यों में भी दिखने लगा है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में रात की ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग ने 13 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। 
विज्ञापन
तमिलनाडु-पुडुचेरी में भारी बारिश की चेतावनी - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पहाड़ों पर बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों पर भी पड़ने लगा। कई राज्यों में तापमान गिरा है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में रात का तापमान गिरने से ठिठुरन बढ़ी है। कश्मीर घाटी और हिमाचल के ऊपरी इलाकों में कई झीलें और ताल जम गए हैं। वहीं, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ समेत 13 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है।
विज्ञापन


मौसम विभाग के मुताबिक, 27 और 28 नवंबर को मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश और बिहार में तापमान में 2-4 डिग्री की गिरावट आ सकती है जबकि पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पश्चिमी-पूर्वी उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा और चंडीगढ़ में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। राजस्थान के कुछ इलाकों में शीत लहर चल सकती है।

कई जिलों में गिरा पारा
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, उत्तर और मध्य भारत के 40 से अधिक शहरों और जिलों में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया है। राजस्थान के 12 (जैसे सीकर, फतेहपुर, चूरू, नागौर, टोंक आदि), मध्य प्रदेश के 6 शहरों, हरियाणा के 15 (महेंद्रगढ़, हिसार, करनाल, सिरसा, पंचकुला, झज्जर आदि), उत्तर प्रदेश के पांच जिलों (हरदोई, कानपुर, इटावा, नजीबाबाद और मुजफ्फरनगर) और पंजाब के फरीदकोट (6.4) में न्यूनतम पारा 10 डिग्री से कम दर्ज किया गया।  
विज्ञापन


राजस्थान के सीकर में पारा 4.3 तो मध्य प्रदेश के दमोह में 7.4 के साथ इस सीजन की सबसे सर्द रात रिकॉर्ड की गई। यूपी, बिहार, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ समेत कई राज्यों में गुरुवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। 

हिमाचल : दिन में गर्मी, रात को बढ़ रही ठंड
प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य से 0.9 डिग्री अधिक रहा जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.2 डिग्री कम दर्ज किया गया। इससे दिन के समय अपेक्षाकृत गर्मी के बावजूद सुबह और रात को ठंड का असर बना हुआ है। ताबो में सबसे कम -4.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। शिंकुला दर्रे के समीप स्थित ताल का पानी पूरी तरह जम गया। झील पर बर्फ की मोटी चादर बिछ गई। वहीं, सूरज ताल सहित अन्य ऊंचाई वाली झीलों का पानी भी जमना शुरू हो गया है।

उत्तराखंड : कोहरा और पाला बढ़ाएगा ठंड
उत्तराखंड में पहाड़ से लेकर मैदान तक न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया है। 27 और 28 नवंबर को प्रदेश के पर्वतीय इलाकों के साथ मैदानी इलाकों में पाला और कोहरा छाने से ठंड बढ़ने की संभावना है।
दक्षिण में बारिश और तेज हवाएं : तमिलनाडु व पुडुचेरी में 27 नवंबर से 2 दिसंबर तक भारी बारिश की संभावना जताई गई, जबकि आंध्र और केरल में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। 

कश्मीर : -4.4 डिग्री के साथ शोपियां सबसे ठंडा
दक्षिण कश्मीर का शोपियां जिला माइनस 4.4 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ घाटी का सबसे ठंडा स्थान रहा। श्रीनगर में रात का पारा लगातार दूसरे दिन माइनस 1.9 डिग्री पर बना रहा। घाटी के अन्य हिस्सों में भी हाड़ कंपाने वाली ठंड महसूस की गई। 3 दिसंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम मुख्यतः शुष्क बना रहेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें