राजस्थान, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और बिहार के अधिकतर हिस्सों में जानलेवा ठंड का दौर जारी है। उत्तर प्रदेश के कानपुर में मंगलवार सुबह पारा गिरकर जमाव बिंदु यानी शून्य डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जबकि राजधानी लखनऊ में भी 0.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के मुताबिक, पंजाब और हरियाणा में नारनौल (2.3 डिग्री) को सामान्य से 3 डिग्री कम न्यूनतम तापमान के साथ सबसे ज्यादा ठंडा स्थान दर्ज किया गया। चंडीगढ़ में 4.8 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा, जबकि हरियाणा के हिसार में 4.5 डिग्री, रोहतक में 4.8 डिग्री और करनाल में 5 डिग्री तापमान रहा। पंजाब के अमृतसर (3.4 डिग्री), लुधियाना (4.1 डिग्री) और पटियाला (4.2 डिग्री) में भी ठंड का जोर जारी है। कई जगह धुंध छाई रही।
हवाई उड़ान सामान्य, ट्रेनों में देरी जारी
उत्तर भारत में मंगलवार को कोहरे में राहत मिलने के चलते हवाई उड़ानों का सामान्य तरीके से संचालन किया गया। दिल्ली एयरपोर्ट पर हल्का कोहरा होने के बावजूद कोई भी फ्लाइट रद्द या डायवर्ट नहीं की गई। हालांकि ट्रेनों का समय अभी नहीं सुधर पाया है।
उत्तरी रेलवे क्षेत्र में कम से कम 34 ट्रेन अपने तय समय से एक घंटे से लेकर 15 घंटे तक की देरी से चल रही हैं। मंगलवार सुबह को भुवनेश्वर-आनंद विहार संपर्क क्रांति 15 घंटे, पुरी-आनंद विहार नीलांचल 13 घंटे, दिल्ली-गोमती एक्सप्रेस 5 घंटे और चेन्नई-निजामुद्दीन दुरंतो एक्सप्रेस 8 घंटे देरी से चल रही थीं।
हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर की कश्मीर घाटी में नए साल का स्वागत भारी बर्फबारी से होने की संभावना है। हिमाचल में मंगलवार को माइनस 8.2 डिग्री के साथ केयलोंग सबसे ठंडा रहा, जबकि शिमला में 1.2 डिग्री, कालपा में माइनस 3 डिग्री, कुफरी में माइनस 1.8 डिग्री, मनाली में माइनस 1.4 डिग्री, सोलन में माइनस 0.6 डिग्री और डलहौजी में माइनस 0.4 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य में 31 दिसंबर से 4 जनवरी के बीच मध्यम ऊंचाई पर बारिश और ऊंचे पहाड़ों में भारी बर्फबारी के पूरे आसार हैं। उधर, जम्मू-कश्मीर में रात के तापमान में थोड़ा सुधार हुआ है। श्रीनगर में रविवार-सोमवार रात (माइनस 6.5 डिग्री) के मुकाबले सोमवार-मंगलवार रात को माइनस 3.2 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
मशहूर स्की रिजॉर्ट गुलमर्ग (माइनस 7.8 डिग्री) प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा। मौसम विभाग ने बुधवार को कश्मीर घाटी में जमकर बर्फबारी के आसार जताए हैं।
चिड़ियाघर में बाघों के लिए लगा हीटर
स्थानीय असम राज्य चिड़ियाघर में बाघाें और शेरों को बर्फीली ठंड के असर से बचाने के लिए उनके बाड़े के बाहर बिजली के हीटर लगाए गए हैं। चिड़ियाघर के एनिमल कीपर इंचार्ज प्रवीण के मुताबिक, हिरणों और अन्य जानवरों को भी गर्म रखने के लिए धान के अवशेष का इंतजाम किया गया है।