दिल्ली के नेहरू प्लेस में उत्तर-पूर्व की एक और बिहार की एक महिला से अभद्रता और गाली-गलौज के बाद विवाद हो गया। घटना के बाद दोनों महिलाओं का एम्स में मेडिकल कराया गया। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर चार मुख्य आरोपियों की पहचान कर ली है और सभी को गिरफ्तारी कर लिया गया है।
मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा ने दिल्ली में पूर्वोत्तर की एक महिला के साथ हुई कथित मारपीट की घटना पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री ने असम की रहने वाली महिला के साथ हुए शारीरिक और नस्लीय उत्पीड़न की निंदा की। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "हिंसा और भेदभाव के ऐसे बार-बार होने वाले कृत्यों को अलग-थलग घटनाओं के रूप में खारिज नहीं किया जा सकता है। कानून के तहत इन्हें सबसे सख्त सजा मिलनी चाहिए।"
पुलिस ने हिरासत में लिए चार संदिग्ध
दिल्ली पुलिस ने सोमवार को बताया कि दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के नेहरू प्लेस स्थित एक होटल के बाहर कथित तौर पर पुरुषों के एक समूह ने असम और बिहार की दो महिलाओं के साथ छेड़छाड़ और मारपीट की। पुलिस ने कहा कि इस घटना में शामिल सभी चार संदिग्धों को हिरासत में ले लिया गया है। यह घटना 10 मई की सुबह करीब 6:30 बजे होटल के बाहर एक चाय की दुकान के पास हुई थी।
संगमा ने की ऐसे अपराधों से सख्ती से निपटने की मांग
संगमा ने अधिकारियों से घटना में शामिल लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने देश के विभिन्न हिस्सों में रहने वाले पूर्वोत्तर के लोगों की सुरक्षा और गरिमा सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने कहा, "पूर्वोत्तर के लोगों के खिलाफ नस्लीय भेदभाव और हिंसा को हमारे समाज में कोई स्थान नहीं है और इससे सख्ती से निपटा जाना चाहिए।"
महिलाओं से हुई थी बदसलूकी
प्रारंभिक जांच में सामने आया था कि पीड़ित महिलाओं के साथ अभद्र टिप्पणियां और गाली-गलौज की गई थी। इसके बाद पीड़ितों और आरोपियों के बीच विवाद और हाथापाई हुई। दोनों पीड़ित महिलाओं को एम्स अस्पताल ले जाया गया था। वहां उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके बाद मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई थी।