पूर्वोत्तर के छात्रों के खिलाफ हो रहे दुर्व्यवहार की कड़ी में सभ्य कहे जाने वाले शहर बंगलूरू का नाम भी जुड़ गया। यहां अरुणाचल के एक छात्र से मकान मालिक ने कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया और उसे जूते चाटने पर मजबूर कर दिया। छात्र की खता सिर्फ इतनी थी कि उसने ज्यादा पानी इस्तेमाल कर लिया था।
मामला सामने आने के बाद देशभर की राजनीति में हड़कंप मच गया। कर्नाटक सीएम ने इस पर खेद जताते हुए पुलिस को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए जिसके बाद आरोपी मकान मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में केंद्रीय गृहराज्यमत्री किरिण रिजिजू ने भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएं दुखदायी हैं।
जानकारी के अनुसार मामला छह मार्च का है। अरुणाचल प्रदेश के रहने वाले 22 साल के हिगियो तामा से उसके मकान मालिक हेमंत कुमार ने मारपीट की। छात्र के अनुसार मकान मालिक ज्यादा पानी इस्तेमाल करने से भड़का हुआ था उसने मारपीट के बाद उसे जूते चाटने पर भी मजबूर किया।
बिल्डिंग में रहने वाले अन्य लोगों ने बताया कि छात्र हिगियो ने अत्याधिक इस्तेमाल के कारण पानी की कमी की शिकायत की थी। हिगियो ने बताया कि घटना के वक्त मकान मालिक शराब के नशे में था। वह कमरे के अंदर आया और बिना कुछ बताए उसे पीटना शुरू कर दिया। उसने मुझे अपना जूता चाटने पर भी मजबूर किया। वह मुझे पुलिस में देने की धमकी भी दे रहा था, वह तब तक मुझे पीटता रहा जब तक मैं लहूलुहान नहीं हो गया।