लोकसभा में बुधवार को अगस्ता वेस्टलैंड हेलीकॉप्टर सौदा घोटाला मामले में पूर्व वायुसेना प्रमुख एसपी त्यागी की गिरफ्तारी का मामला उठा। बीजेडी सांसद भर्तृहरि महताब ने सरकार पर त्यागी की गिरफ्तारी मामले में राजनीति करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि यह सेना से जुड़ा संवदेनशील मामला है। ऐसे में सरकार को मामले की गंभीरता को समझते हुए राजनीति से बाज आना चाहिए।
महताब ने कहा कि यह मामला वर्तमान और पूर्ववर्ती सरकारों से जुड़ा है। यूपीए सरकार के कार्यकाल के दौरान सीएजी ने इसका खुलासा किया और लोकलेखा समिति ने इसका संज्ञान लिया। फिर इसकी सीबीआई जांच शुरू हुई और चार्जशीट पेश की गई।
चूंकि मामला एक पूर्व वायुसेना प्रमुख से जुड़ा है इसलिए इस मामले में गिरफ्तारी को लेकर हो रही राजनीति बंद होनी चाहिए। सांसद ने कहा कि सेना से जुड़े मामलों को राजनीति से दूर रखना चाहिए। इस दौरान विपक्ष ने महताब का साथ दिया।