तमिलनाडु में जारी चुनावी घमासान के बीच एआईएडीएमके के राज्यसभा सांसद एम. थंबीदुरई ने कहा है कि तमिलनाडु में गठबंधन सरकार के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा किअगर उनकी पार्टी 2026 के विधानसभा चुनाव में जीतती है, तो एडप्पाडी के. पलानीस्वामी अकेले सरकार बनाएंगे।
तमिलनाडु में अगले साल विधानसभा के चुनाव होने है, जिसको लेकर सभी राजनीतिक पार्टियों ने अपनी-अपनी तैयारी तेज कर दी है। इसी बीच अन्नाद्रमुक (एआईएडीएमके) के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद एम. थंबीदुरई ने कहा है कि तमिलनाडु में गठबंधन सरकार के लिए कोई जगह नहीं है और अगर उनकी पार्टी 2026 के विधानसभा चुनाव में जीतती है, तो एडप्पाडी के. पलानीस्वामी अकेले सरकार बनाएंगे।
विज्ञापन
भाजपा के साथ गठबंधन पर साफ किया रूख
गुरुवार को पत्रकारों से बात करते हुए थंबीदुरई ने साफ किया कि भले ही भाजपा उनके गठबंधन में शामिल हो, लेकिन सत्ता में साझेदारी नहीं होगी। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु में आज तक कभी गठबंधन सरकार नहीं बनी है। चाहे वो कांग्रेस के नेता सी. राजगोपालाचारी, के. कामराज, या द्रविड़ नेता एम.जी. रामचंद्रन और करुणानिधि हों सभी ने अकेले सरकार चलाई है। थंबीदुरई ने कहा कि 2026 में भी एडप्पाडीयार (पलानीस्वामी) अकेले सरकार बनाएंगे। गठबंधन सरकार की कोई जरूरत नहीं है और न ही इसकी परंपरा है।
तमिलनाडु में गठबंधन की सरकार को लेकर इससे पहले बुधवार को एआईएडीएमके प्रमुख पलानीस्वामी ने भी इस बात को दोहराया कि केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने कभी यह नहीं कहा कि तमिलनाडु में गठबंधन सरकार बनेगी। उन्होंने मीडिया पर आरोप लगाते हुए कहा कि मीडिया ने बात को तोड़-मरोड़ कर पेश किया। अमित शाह ने सिर्फ यह कहा था कि एआईएडीएमके-बीजेपी गठबंधन चुनाव जीतेगा, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि मिलकर सरकार चलाएंगे।
तमिलनाडु की राजनीति में गठबंधन की भूमिका
हालांकि तमिलनाडु में डीएमके और एआईएडीएमके दोनों ही पार्टियां चुनावों में गठबंधन करती रही हैं, लेकिन अब तक किसी ने अपने सहयोगी दलों को सरकार में भागीदार नहीं बनाया है। सत्ता में आने के बाद हमेशा मुख्य पार्टी ने अकेले ही सरकार चलाई है। थंबीदुरई और पलानीस्वामी के बयानों से साफ है कि अगर 2026 में एनडीए गठबंधन को जीत मिलती है, तो तमिलनाडु में सरकार सिर्फ एआईएडीएमके की ही होगी बिना किसी साझेदार के।