येदियुरप्पा ने बेंगलुरु में सवांददाताओं से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, "इस बयान में कोई सच्चाई नहीं है कि मेरी उपेक्षा की जा रही है। मैं सभी कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहा हूं।"
भाजपा के कद्दावर नेता बी. एस. येदियुरप्पा ने गुरुवार को उन खबरों को खारिज कर दिया जिनमें कहा जा रहा था कि पार्टी में उनकी उपेक्षा की जा रही है। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री येदियुरप्पा ने कहा कि उनकी अपनी ताकत है और कोई भी उन्हें राजनीतिक रूप से खत्म नहीं कर सकता। इस बीच, मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने भी येदियुरप्पा के साथ मतभेदों की खबरों को खारिज किया।
विज्ञापन
जिला मुख्यालय शहर कोप्पल के लिए रवाना होने से पहले येदियुरप्पा ने बेंगलुरु में सवांददाताओं से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा, "इस बयान में कोई सच्चाई नहीं है कि मेरी उपेक्षा की जा रही है। मैं सभी कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहा हूं।" कोप्पल में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने भी एक कार्यक्रम में शिरकत की। बोम्मई भी इसमें शामिल हुए।
उनके करीबी सूत्रों ने बताया कि येदियुरप्पा ने पहले कोप्पल में आयोजित कार्यक्रम में शामिल न होने का फैसला किया था। लेकिन गुरुवार की सुबह उन्होंने कहा कि वह कार्यक्रम में शामिल होंगे। येदियुरप्पा ने कहा, "लोगों को मुझे आमंत्रित करने की कोई जरूरत नहीं है, क्योंकि पार्टी के कार्यक्रमों में शामिल होना मेरा कर्तव्य है।"
विज्ञापन
उनसे जब सवाल किया गया कि क्या उन्हें राजनीतिक रूप से खत्म करने का कोई प्रयास किया गया था, तो दिग्गज नेता ने कहा, इसमें कोई सच्चाई नहीं है। कोई किसी की राजनीति को खत्म नहीं कर सकता। मेरी अपनी ताकत है। मैंने पार्टी को मजबूत किया है और भाजपा को लाने के लिए कड़ी मेहनत की है। पूरा राज्य यह जानता है।