विवादित इस्लामिक प्रचारक जाकिर नाइक ने रविवार को दावा किया कि उसके प्रतिबंधित एनजीओ ने फंड का कोई दुरुपयोग नहीं किया है। साथ ही नाइक ने आतंकी गतिविधियों में शामिल होने के सभी आरोपों को खारिज कर दिया है।
इस बीच जाकिर ने भारत वापस आने को लेकर कोई प्रतिबद्धता भी नहीं जताई। दरअसल, भारत में 51 वर्षीय जाकिर नाइक के खिलाफ नफरत फैलाने वाले भाषण देने का आरोप है। उसके खिलाफ आतंकवाद निरोधी कानून यूएपीए के तहत मामला दर्ज किया गया है।
फिलहाल देश से बाहर रह रहे जाकिर ने कहा कि उसने बार-बार एनआईए को सहयोग की पेशकश की है। ढाका हमले के कुछ आतंकियों को अपने नफरत फैलाने वाले भाषणों से गुमराह करने का आरोप झेल रहे जाकिर ने कहा कि हिंसा में शामिल होने वाले मुसलमान नहीं रहते और समर्थन खो देते।