भारत में ब्रिटेन के उच्चायुक्त डोमिनिक एसक्विथ ने मंगलवार को कहा कि जम्मू कश्मीर पर उनके देश का रुख बदला नहीं है और कश्मीर मुद्दे का समाधान कश्मीर के लोगों की इच्छाओं का ध्यान रखते हुए भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय तरीके से निकाला जाना चाहिए।
एसक्विथ ने कहा कि जब संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) ने हाल ही में इस मुद्दे पर चर्चा की थी तब भी उनके देश ने यही रुख अख्तियार किया था। उन्होंने जम्मू कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले संविधान के अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को समाप्त करने के भारत सरकार के फैसले की पृष्ठभूमि में यहां संवाददाताओं से यह बात कही।
एसक्विथ ने कहा, ब्रिटेन का रुख एक इंच भी नहीं बदला है। हम एक साल पहले जिस स्थिति पर कायम थे, आज भी हैं। वह यही है कि कश्मीर के सवाल को भारत सरकार और पाकिस्तान सरकार को द्विपक्षीय तरीके से हल करना होगा और कश्मीरी जनता की आकांक्षाओं को ध्यान में रखना होगा।
उन्होंने कहा, भारत सरकार ने साफ किया है कि अनुच्छेद 370 पर उसका क्या मकसद है, जिसमें कश्मीर के लोगों का और वहां का आर्थिक विकास शामिल है। हम इसका स्वागत करते हैं और वहां के विकास तथा वहां चीजें साकार होते हुए देखने की उम्मीद करते हैं।