फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Afghanistan: अफगान दूतावास में तालिबानी राजनयिक की नियुक्ति पर विवाद, मिशन ने कहा- भारत ने कभी नहीं दी मान्यता

Mon, 15 May 2023 10:26 PM IST
निर्मल कांत न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

अफगान दूतावास ने एक बयान में कहा, इस्लामी गणराज्य अफगानिस्तान का दूतावास तालिबान के इशारे पर नई दिल्ली में मिशन का प्रभार संभालने का दावा करने वाले एक व्यक्ति के दावों को स्पष्ट रूप से खारिज करता है।
विज्ञापन
नई दिल्ली स्थित अफग़ान दूतावास - फोटो : wikipidia
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अफगानिस्तान के दूतावास ने सोमवार को कहा कि उसके नेतृत्व में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इन खबरों के बाद तालिबान शासन ने फरीद मामुंदजे की जगह मिशन का नेतृत्व करने के लिए एक प्रभारी नियुक्त किया है। मामुंदजे को पिछली अशरफ गनी सरकार ने नियुक्त किया था और वह अगस्त 2021 में तालिबान के सत्ता पर कब्जा करने के बाद भी अफगान राजदूत के रूप में काम कर रहे हैं। 

विज्ञापन


बताया जा रहा है कि 2020 से अफगान दूतावास में व्यापार पार्षद के रूप में काम कर रहे कादिर शाह ने पिछले महीने विदेश मंत्रालय (एमईए) को पत्र लिखकर दावा किया था कि उन्हें तालिबान ने दूतावास में प्रभारी के रूप में नियुक्त किया है। हालांकि, भारत ने अभी तक तालिबान के गठन को मान्यता नहीं दी है। भारत काबुल में समावेशी सरकार बनाने की वकालत करता रहा है और इस बात पर जोर देता रहा है कि अफगान धरती का इस्तेमाल किसी भी देश के खिलाफ आतंकवादी गतिविधियों के लिए नहीं किया जाना चाहिए। 

मामुंदजे के नेतृत्व वाले दूतावास ने एक बयान में कहा, इस्लामी गणराज्य अफगानिस्तान का दूतावास तालिबान के इशारे पर नई दिल्ली में मिशन का प्रभार संभालने का दावा करने वाले एक व्यक्ति के दावों को स्पष्ट रूप से खारिज करता है। बयान में कहा गया है, दूतावास अफगान लोगों के हितों का समर्थन करने के लिए भारत सरकार के रुख की सराहना करता है।  साथ ही काबुल में तालिबान शासन को मान्यता नहीं देता है, जैसा कि दुनियाभर की लोकतांत्रिक सरकारों के साथ होता रहा है।
विज्ञापन


कादिर शाह के दावे पर भारत सरकार की ओर से कोई टिप्पणी नहीं की गई है। मामले की जानकारी रखने वाले लोगों ने कहा कि शाह ने मामुंदजे की गैर-मौजूदगी में विदेश मंत्रालय को पत्र लिखा क्योंकि वह भारत से बाहर यात्रा कर रहे थे। दूतावास ने अपने बयान में कहा कि जिस व्यक्ति का दावा है कि तालिबान ने उसे राजदूत बनाया है, वह 'गलत सूचना फैलाने और मिशन के अधिकारियों के खिलाफ आधारहीन और निराधार अभियान चलाने के लिए जिम्मेदार है, जिसमें एक बिना हस्ताक्षर वाले पत्र के आधार पर भ्रष्टाचार के पूरी तरह से मनगढ़ंत आरोप भी शामिल हैं।'

अफगान मीडिया में दूतावास के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों के बारे में कुछ खबरें आई थीं। दूतावास ने कहा, मिशन विशेष रूप से इस कठिन समय में अफगान नागरिकों के वास्तविक हितों की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध है और कोविड-19 टीकों, दवाओं और खाद्य आपूर्ति सहित मानवीय प्रयासों पर भारतीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम किया है। दूतावास अफगान नागरिकों को यह भी सूचित करना चाहता है कि मिशन सामान्य रूप से काम कर रहा है और भारत में उनके हितों के लिए काम कर रहा है।
विज्ञापन


 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें