भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को कई अहम राजनीतिक मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कामकाज की तारीफ की। विपक्षी नेताओं राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने राहुल गांधी को देश में अराजकता फैलाने का टूलकिट बताया। अखिलेश यादव को माफियाओं का शागिर्द कहा।
'सड़कों पर दिख रहा जनता का समर्थन'
समाचार एजेंसी आईएएनएस के साथ एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा, उत्तर प्रदेश के प्रत्येक जिले में भाजपा के प्रति लोगों के मन में भरोसा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिस प्रकार से नेतृत्व मिला है और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जिस प्रकार से केंद्र की योजनाओं को लागू को करने के साथ-साथ राज्य में भी कानून-व्यवस्था को एक नए आयाम पर ले गए, उसने जनता को एक भरोसे की सरकार दी है। नवीन ने कहा, मेरा ये मानना है कि वो विश्वास जनता के बीच में दिख रहा है। यही कारण है कि जनता का वो समर्थन हमें सड़कों पर भी दिख रहा है।
सपा और कांग्रेस के गठबंधन की अटकलों पर क्या कहा?
समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच गठबंधन की चर्चा को लेकर नवीन ने कहा, पहले भी ये लोग अपनी जुगलबंदी से आए हैं, लेकिन उस जुगलबंदी पर जनता का भरोसा नहीं है। जनता को मालूम है कि ये दो तथाकथित युवराज केवल अपनी चिंता में हैं। अपने परिवार की चिंता में हैं।
'इनको उत्तर प्रदेश की जनता से कोई लेना देना नहीं है। इनके साहेबजादे लोगों को भी मौका मिला तो तब भी इन्होंने केवल अपनी चिंता की। उत्तर प्रदेश के युवा, किसान, महिलाएं और मजदूर वर्ग को मालूम है कि ये जनता के लिए नहीं, बल्कि खुद के परिवार के लिए बने हुए लोग हैं'।
अखिलेश यादव को क्यों बताया 'माफियाओं का शागिर्द'?
जेल में बंद समाजवादी पार्टी के नेता आजम खां से हाल ही में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की मुलाकात पर नितिन नवीन ने कहा, ये वही लोग हैं, जिन्होंने उत्तर प्रदेश की पहचान बनाई थी- 'वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया'। हर जिले का एक छत्रप होता था। जिस छत्रप के माध्यम से सरकार में पहुंचते थे। बाद में जब भाजपा की सरकार बनी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानून-व्यवस्था को कड़ाई के साथ लागू किया और इन माफियाओं को जेल के रास्ते दिखाए। इन 'माफियाओं के शागिर्द' अखिलेश यादव हैं। उनको सुरक्षा देने के लिए वोट बैंक की राजनीति का सहारा ले रहे हैं।
ये भी पढ़ें:
'इटैलियन चश्मा उतारकर देखिए भारत की तरक्की': सोनिया गांधी को भाजपा की नसीहत; इमरजेंसी पर भी घेरा; विवाद क्यों?
उन्होंने आगे कहा, 'लेकिन अब वो उत्तर प्रदेश नहीं है। ये उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य नहीं है। ये उत्तर प्रदेश, उत्तम प्रदेश की दिशा में आगे बढ़ रहा है। अब यहां 'वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट' की बात होती है। 'वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया' पुरानी बात हो गई'।
'लंबे समय से टोपी से परहेज कर रहे हैं अखिलेश यादव'
उन्होंने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा, कल तक ये लोग टोपी पहनकर राजनीति करते थे। पिछले लंबे समय से टोपी से परहेज कर रहे हैं। यूपी की जनता भूली नहीं है कि प्रभु श्रीराम के मंदिर के निर्माण में इन्होंने कितने कितने कारनामे किए हैं। ये बहुरुपिए देश को ठगने निकले हैं।
आरएसएस की विचारधारा को लेकर क्या कहा?
उन्होंने कहा, संघ ने एक विचारधारा और संकल्प को लेकर सौ वर्षों तक काम किया है। ये सामान्य बात नहीं है। ये सौभाग्य है कि उसी संघ के एक प्रचारक देश के प्रधानमंत्री बने।
'गरीबी से बाहर निकले 25 करोड़ लोग'
उन्होंने दावा किया, 25 करोड़ लोग गरीबी की रेखा से बाहर आए हैं। ये मेरे प्रधानमंत्री की सबसे बड़ी उपलब्धि है। मोदी जी ने प्रो इंकंबैंसी (सत्ता के प्रति जनता का समर्थन) क्या होता है, इसको सुनिश्चित किया। इस देश में हमारे सैनिकों के सर काट लिए जाते थे और दिल्ली में बैठी सरकार मौन रहती थी। मगर आज हमारे मोदी जी के नेतृत्व में कोई आंख उठाने की भी हिम्मत नहीं करता है।कभी भारत को पांच कमजोर अर्थव्यवस्थाओं वाले देशों में गिना जाता था, लेकिन आज भारत दुनिया की पांच सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में से एक है।
राहुल गांधी को बताया अराजकता पैदा करने का टूलकिट
लोकसभा में विपक्ष के नेता पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, राहुल गांधी इस देश को अस्थिर करने के लिए, इस देश में अराजकता पैदा करने के लिए एक टूलकिट के रूप में यूज हो रहे हैं। इस देश का लोकतंत्र ऐसे अराजकतावादी सोच के लोगों को, ऐसे नक्सलवादी सोच के लोगों को जवाब देना जानता है।
उन्होंने आगे कहा, राहुल संघर्ष करके नहीं आए हैं। वे चाहते हैं कि परिवार का राज चलता रहे। उन्होंने इस देश के लोकतंत्र को अपने परिवार का राज समझ लिया है।
'राहुल को जवाब देने के लिए पार्टी का मंडल अध्यक्ष काफी'
नवीन ने कहा, राहुल गांधी ने केरल से लेकर वर्तमान लोकसभा तक विकास के नाम का एक पत्थर नहीं लगाया है। उनके खुद के नाम की एक उपलब्धि नहीं है। राहुल गांधी को जवाब देने के लिए पार्टी का एक मंडल अध्यक्ष काफी है। इसके लिए हमारे नेता को आने की आवश्यकता नहीं है।
'विदेशी फंडिंग पर चलाया जा रहा राजीव गांधी फाउंडेशन'
भाजपा अध्यक्ष ने दावा किया कि राजीव गांधी फाउंडेशन को विदेशी फंडिंग के जरिए चलाने वाले लोग देश में अपनी कहानी गढ़ने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन ऐसा संभव नहीं है।
पंजाब में सभी सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी?
नितिन नवीन ने कहा, पंजाब में हम अपने बल पर वहां के विषयों को उठा रहे हैं। पंजाब के मुख्यमंत्री जनता के प्रति बिल्कुल भी जवाबदेह नहीं हैं।
उन्होंने कहा, पंजाब की जनता के लिए भाजपा उम्मीद की किरण है। पंजाब में गठबंधन का जहां तक विषय है, वो समय पर निर्णय होगा। आज तो हम 117 सीटों पर अपनी तैयारी कर रहे हैं, समय आने पर हमारी ताकत बढ़ती है तो निश्चित तौर पर उस दिशा में जाएंगे।
'पश्चिम बंगाल में लोग कैद से आजाद हुए'
उन्होंने कहा, पश्चिम बंगाल में लोगों के मन में आजादी की खुशी है। ऐसा लगता है कि लोग इतने दिनों से कहीं न कहीं कैद थे। 49 साल बाद ऐसी सरकार बनी है कि जनता को लगता है कि अपनी सरकार बनी है। इस बार दुर्गा पूजा में हर घर में उत्सव मना। एक दुखद घटना घटी, मगर जिस प्रकार से दशहरा मना, पश्चिम बंगाल की सांस्कृतिक विरासत को वापस लाने में हमारी सरकार सफल होगी।
टीवीके पर नियंत्रण चाहती है कांग्रेस?
भाजपा प्रमुख ने दावा किया कि कांग्रेस तमिलनाडु में तमिलगा वेत्रि कझगम (टीवीके) को नुकसान पहुंचा रही है। उस पर नियंत्रण चाही है। सत्ता की चाभी अपने पास रखना चाहती है।
उन्होंने कहा, कांग्रेस का इतिहास क्या रहा है। कांग्रेस ने किसी भी गठबंधन या दल के साथ मिलकर उसे समाप्त ही किया है। जिस डीएमके के साथ चुनाव लड़ा, उस डीएमके को छोड़ने में एक दिन भी नहीं लगाया। वो टीवीके के साथ भी वही कर रही है। वो सोचती है कि टीवीके को नियंत्रण में रखकर सत्ता की चाभी अपने पास रखेगी। उन्होंने कहा, जनता ने टीवीके को जनादेश दिया है। वो सरकार चलाए।