नीति आयोग के उपाध्यक्ष राजीव कुमार ने मंगलवार को कहा, आत्मनिर्भर भारत पहल सिर्फ देश के भीतर ही सीमित नहीं है। बल्कि यह दुनिया भर के लिए एक प्रतिद्वंद्वी पहल है और हम मौका पड़ने पर इसके तहत वैश्विक स्तर पर लेनदेन कर सकेंगे। विदेशी निवेश से हमारी अर्थव्यवस्था को रफ्तार भी मिलेगी। राजीव कुमार आईसीएफएआई फाउंडेशन फॉर हायर एजुकेशन के एक कार्यक्रम में वर्चुअल संबोधन दे रहे थे।
राजीव कुमार ने साथ ही निजी निवेशकों, सरकार, शिक्षा क्षेत्र और सिविल सोसायटी के बीच भरोसा कायम करने की जरूरत पर जोर भी दिया। उन्होंने कहा, आत्मनिर्भरता और आत्म सामर्थ्य दो अलग अलग चीजें हैं। हमें यह भली भांति समझ लेना चाहिए कि आत्मनिर्भर व्यवस्था वैश्विक प्रतिद्वंद्वी अर्थव्यवस्था है।
नेपाली महिला से दुर्व्यवहार के केस में जांच करने उन्नाव पहुंचा एनएचआरसी दल
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) का जांच दल मंगलवार को 15 साल से बंधुआ मजदूर बनाकर रखी गई नेपाली महिला से दुर्व्यवहार के आरोपों की जांच करने उन्नाव पहुंचा। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक इसके संबंध में 2018 में एनएचआरसी ने मामला दर्ज किया था, जिसके बाद कई अधिकारियों को नोटिस जारी किए गए थे।
फिलहाल तीन सदस्यीय जांच दल आरोपों की मौके पर जांच कर रहा है। एनएचआरसी में दायर याचिक के मुताबिक अवैध तरीके से एक महिला को बंधक बनाकर रखने, उसका यौन उत्पीड़न करने और यातनाएं देने के मामले में स्थानीय पुलिस ने पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई करने में निष्क्रियता दिखाई थी। आयोग के दखल के बाद मामला दर्ज होने पर उत्तर प्रदेश के उन्नाव के जिला मजिस्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक को नोटिस जारी किए गए थे और चार सप्ताह के भीतर एक रिपोर्ट मांगी गई थी। एजेंसी
नेपाल: भारतीय मदद से लाइब्रेरी का शिलान्यास
नेपाल में भारतीय राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने त्रिभुवन विश्वविद्यालय केंद्रीय पुस्तकालय भवन का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत सरकार नेपाल के शैक्षिक ढांचे के लिए निरंतर सहायता प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि भारत ने नेपाल को शिक्षा के क्षेत्र में करीब 6 अरब रुपये का अनुदान दिया है। लाइब्रेरी भवन अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ भूकंपरोधी होगी।
ब्रह्मपुत्र नदी के रास्ते हल्दिया से असम पहुंचा सबसे लंबा जहाज
बांग्लादेश से पश्चिम बंगाल के हल्दिया होते हुए माल की ढुलाई के बाद ब्रह्मपुत्र नदी में चलने वाला सबसे लंबा जहाज मंगलवार को यहां पांडु बंदरगाह पहुंचा। 90 मीटर लंबा और 26 मीटर चौड़ा जहाज एमवी रामप्रसाद बिस्मिल का दो मालवाहक नौकाएं डीबी कल्पना चावला और डीबी एपीजे अब्दुल कलाम के साथ यह पहला प्रायोगिक परीक्षण अभियान था, जो सफल रहा।
जहाज से करीब 1,793 मीट्रिक टन स्टील की छड़ों हल्दिया बंदरगाह से पांडु तक भेजा गया था। 16 फरवरी को केंद्रीय जहाजरानी, बंदरगाह और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने इस जहाज को हल्दिया के श्यामाप्रसाद मुखर्जी बंदरगाह से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। जहाज के गंतव्य पर पहुंचने के कार्यक्रम से वर्चुअली जुड़े सोनोवाल ने कहा, लंबे जहाज का परीक्षण सफर सफल रहा।