एनआईटी श्रीनगर के गैर कश्मीरी छात्रों ने मांग की है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी या एचआरडी मंत्री स्मृति ईरानी कैंपस का दौरा कर वहां तिरंगा फहराएं, ताकि छात्रों में सुरक्षा की भावना पैदा हो सके। छात्रों ने कैंपस स्थानांतरित करने से सरकार के इनकार के बाद यह मांग की है।
स्मृति ईरानी को लिखे एक पत्र में छात्रों ने 19 मांगें की हैं। इनमें कैंपस में स्थायी तौर पर सीआरपीएफ की तैनाती, कॉलेज के प्रशासन में बदलाव, छात्र परिषद का गठन, परीक्षा का मूल्यांकन बाहर कराने का विकल्प और संस्थान में राष्ट्रीय पर्व मनाने जैसी मांगें शामिल हैं। यह पत्र मंगलवार को मानव संसाधन विकास मंत्रालय के अधिकारियों को दिया गया।
पत्र में छात्रों ने अनुरोध किया है कि या तो एचआरडी मंत्री या प्रधानमंत्री श्रीनगर स्थित एनआईटी के कैंपस में आएं और पूर्ण आकार का तिरंगा कैंपस के सबसे ऊंचे स्थान पर फहराएं। छात्रों ने कहा है कि इससे सुरक्षा की भावना आएगी और गैर कश्मीरी छात्र कैंपस में लौट सकेंगे।