देश में स्कूली शिक्षा से दूर हो चुके दो करोड़ बच्चों के हाथों में फिर किताबें थमाने की तैयारी है। 14 से 18 वर्ष आयु वर्ग के इन बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (एनआईओएस) विशेष अभियान शुरू करने जा रहा है।
इसमें यूपी के सर्वाधिक 47 लाख बच्चे हैं। अभियान के तहत दिसंबर के पहले सप्ताह में श्रावस्ती से पायलट प्रोजेक्ट एनआईओएस मित्र की शुरुआत होगी। बच्चों की पहचान, दाखिले और पढ़ाई की प्रगति पर डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिये नजर रखी जाएगी।
आज मित्र एप लॉन्च होगा , रियल टाइम निगरानी
एनआईओएस के अध्यक्ष प्रोफेसर अखिलेश मिश्रा ने बताया कि इस अभियान के लिए तैयार विशेष ‘मित्र’ एप सोमवार को लॉन्च होगा। इस पर हर बच्चे का अलग रिकॉर्ड बनेगा और उसकी शैक्षिक प्रगति की रियल टाइम निगरानी संभव होगी।
नीति आयोग की 2026 की रिपोर्ट के मुताबिक, देश में छह से सात करोड़ ऐसे युवा भी हैं, जो न शिक्षा से जुड़े हैं, न प्रशिक्षण ले रहे हैं और न रोजगार में हैं। सरकार उनकी पहचान कर जरूरत और रुचि के अनुसार शिक्षा एवं कौशल प्रशिक्षण से जोड़ने की तैयारी कर रही है।
दाखिले पर मिलेंगे 80 रुपये
पायलट प्रोजेक्ट यूपी के अलावा पश्चिम बंगाल, ओडिशा, कर्नाटक और असम में भी शुरू होगा। स्थानीय स्तर पर बनाए जाने वाले ‘मित्र’ बच्चों की पहचान कर उनका दाखिला कराएंगे। हर बच्चे का दाखिला कराने पर 80 रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
अब हर परीक्षा केंद्र के लिए अलग प्रश्न पत्र तैयार करेगा एनआईओएस
नेशनल ओपन स्कूल बोर्ड (एनआईओएस) ने देश में पहली बार परीक्षाओं को नकल से मुक्त बनाने का सिस्टम तैयार किया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) पेपर लीक से सबक लेते हुए एनआईओएस ने ऑनलाइन पेपर डिलीवर करने से लेकर रियल टाइम निगरानी का तंत्र तैयार किया है। इसके तहत हर सेंटर के लिए अलग-अलग प्रश्न-पत्र तैयार होंगे।
खास बात यह है कि यदि एक सेंटर पर प्रश्न-पत्र लीक भी हो जाता है तो उसका असर दूसरे सेंटर के छात्रों पर नहीं पड़ेगा। इससे पेपर लीक की चिंता नहीं रहेगी। एनआईओएस के अध्यक्ष प्रोफेसर अखिलेश मिश्रा ने बताया, एनआईओएस ने सभी
परीक्षाओं को ऑनलाइन पेपर डिलीवर तकनीक से जोड़ दिया है। अब एनआईओएस के नोएडा मुख्यालय से परीक्षा वाले दिन 2-3 घंटे पहले पेपर तैयार होगा। बता दें कि एनआईओएस की दसवीं और 12वीं कक्षा की परीक्षा में हर बार एक से डेढ़ लाख छात्र शामिल होते हैं।
परीक्षा केंद्र में डेढ़ घंटे पहले पहुंचेगा पेपर
नोएडा में प्रश्न पत्र तैयार होने के बाद परीक्षा शुरू होने से करीब डेढ़ घंटा पहले उसे ईमेल या इंटरनल सॉफ्टवेयर की सहायता से संबंधित परीक्षा केंद्र के कंप्यूटर तक पहुंचाया जाएगा। वहां सेंटर सुपरीटेडेंट और एनआईओएस के ओएसडी की मौजूदगी में दो पासवर्ड के माध्यम से सॉफ्टवेयर से डाउनलोड होगा और फिर उसी कमरे में प्रश्न-पत्र के सभी सेट प्रिंट होंगे। खास बात यह है कि इसी दौरान एनआईओएस अपने नेत्र ऐप के माध्यम से रियल टाइम निगरानी भी करता रहेगा।