मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने पर पार्टी पदाधिकारियों ने सोमवार को लोगों के साथ संवाद कर सरकार की उपलब्धियां गिनाईंं। केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि सरकार ने तय समय सीमा में लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया। मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह ने कहा, प्रधानमंत्री ने देश को बदल दिया है, आज हर भारतवासी आत्म विश्वास और गौरव से भरा हुआ है। सीतारमण ने दावा किया कि मोदी सरकार ने गरीब-जरूरतमंदों को विकास की मुख्य धारा में ले आई है।
स्वच्छ नोट नीति के तहत हटाए जा रहे 2,000 के नोट : सीतारमण
केंद्रीय वित्त मंत्री सीतारमण ने दावा किया कि मोदी सरकार नौ वर्षों में गरीब-जरूरतमंदों को विकास की धारा में ले आई है। सरकार के नौ वर्षों के दौरान 74 हवाईअड्डे, 15 एम्स, 7 आईआईटी और 3.5 करोड़ पक्के मकान के अलावा 11.72 करोड़ शौचालय बने। 9 करोड़ से अधिक लोगों को उज्ज्वला योजना का लाभ मिला, 80 करोड़ जनता को मुफ्त अनाज दिया गया, जबकि 220 करोड़ लोगों को देश भर में कोरोनावायरस वैक्सीन की डोज दी गई।। आयुष्मान भारत योजना के तहत पांच लाख तक का मुफ्त इलाज किया जा रहा है। सीतारमण ने सोमवार को मुंबई में मोदी सरकार के नौ साल की उपलब्धियां साझा कीं और कहा कि स्वच्छ नोट नीति के तहत 2,000 के नोट हटाए जा रहे हैं। उन्होंने पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम के संदेह को अनुचित बताया। कहा, आरबीआई के निर्णय पर संदेह व्यक्त करना और दोष लगाना ठीक नहीं।
2014 के पहले देश पॉलिसी पैरालिसिस का शिकार था : भूपेंद्र यादव
केंद्रीय पर्यावरण, वन, जलवायु परिवर्तन, श्रम और रोजगार मंत्री भूपेंद्र यादव ने सोमवार को भोपाल में कहा, 2014 से पहले देश में जो संप्रग सरकार थी, उसमें सत्ता के ऐसे केंद्र बन गए थे, जो संविधानेत्तर थे और उनकी देश के संविधान के प्रति कोई जवाबदेही नहीं थी। देश पॉलिसी पैरालिसिस (नीतिगत लकवे) का शिकार था। अर्थव्यवस्था ढेर हो रही थी और भ्रष्टाचार की स्थिति यह थी कि सरकार के मंत्री ही जेल चले जाते थे। मोदी सरकार ने तय समय सीमा में अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने पर भोपाल में भाजपा ने मीडिया संवाद का आयोजन किया। इसमें केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के अलावा मप्र के सीएम शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा भी मौजूद रहे।
यादव ने कहा, देश की जनता ने पूर्ण बहुमत से सरकार बनाकर जो विश्वास जताया था, बीते नौ वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने अपने कामकाज से उस भरोसे को सही साबित कर दिया है। उन्होंने कहा कि बीते नौ वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार अगर देश में बड़े बदलाव ला सकी है, तो उसका आधार है लक्षित वर्ग तक लाभ पहुंचाना (टारगेटेड डिलीवरी) और अंतिम व्यक्ति को लाभांवित करना (लॉस्ट माइल डिलीवरी)। यही मोदी सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धियां भी हैं। मोदी सरकार ने हर काम की समय सीमा तय की और हर योजना का 100 प्रतिशत लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके, यह सुनिश्चित किया।
भारत के लिए भगवान का वरदान हैं मोदी : शिवराज
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के विकास, गरीब कल्याण, प्रकृति और पर्यावरण को लेकर सोचते हैं। नौ साल में प्रधानमंत्री ने देश को बदल दिया है, आज हर भारतवासी आत्म विश्वास और गौरव से भरा हुआ है। पूरी दुनिया में भारत की जय-जय हो रही है। सीएम ने कहा कि नरेंद्र मोदी भारत के लिए भगवान का वरदान हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक वैभवशाली, गौरवशाली और संपन्न भारत का निर्माण हो रहा है, आज भारत विश्वगुरु बनने की ओर तेजी से अग्रसर है। सुरक्षित भारत और आत्मविश्वास से भरा भारत आज दुनिया को दिशा दिखा रहा है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने नौ साल पूरा होने पर केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार महंगाई न होने के अहंकारी दावे कर रही है, जबकि वह ‘घातक मुद्रास्फीति’ से लोगों की कमाई लूटने में लगी है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने ट्वीट किया कि 9 सालों में जानलेवा महंगाई, भाजपा ने लूटी जनता की कमाई। हर जरूरी चीज पर जीएसटी की मार, बिगड़ा बजट, जीना दुश्वार। आगे उन्होंने लिखा कि इसके बावजूद सरकार अहंकारी दावे कर रही है। उसे महंगाई तो दिखती नहीं या ये महंगी चीज हम खाते ही नहीं। अच्छे दिनों से अमृतकाल की यात्रा, महंगाई से जनलूट की बढ़ती गई मात्रा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के नौ साल पूरे हो रहे हैं। कांग्रेस ने पिछले हफ्ते सरकार से बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की आय समेत नौ सवाल किए थे। विपक्षी पार्टी ने कहा कि सरकार को अपनी नौवीं वर्षगांठ के दिन को ‘माफी दिवस’ के रूप में मनाना चाहिए।