कांग्रेस ने महाराष्ट्र की नवनिर्वाचित फडणवीस सरकार की ओर से चर्चित सिंचाई घोटाले को बंद किए जाने पर तीखी प्रतिक्रिया जताई है। प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा और अजित पवार की प्रजातंत्र चीरहरण सरकार की असलियत अब सामने आ गई है। ये खाएंगे भी और खिलाएंगे भी और भ्रष्टाचार भी बढ़ाएंगे। उनका कहना है कि अजित पवार से संबंधित भ्रष्टाचार के मुकदमे बंद करने के बाद अब साफ हो गया है कि भाजपा ही भ्रष्टाचार जगाओ पार्टी है।
सुरजेवाला का कहना है कि पिछले 48 घंटे में नाजायज सरकार ने केवल एक जनहित का फैसला लिया है और वो है सिंचाई घोटाले के और दूसरे घोटालों के मुकदमों को एंटी करप्शन ब्यूरो की ओर से बंद किया जाना। वादा तो था कि अजित पवार को आर्थर रोड जेल के अंदर चक्की पिसवाएंगे लेकिन उपमुख्यमंत्री बना दिया और पिछले 48 घंटे में उनके ऊपर भ्रष्टाचार के मुकदमे बंद करने का काम किया है। किसानों की सुध लेने की बजाय भाजपा सरकार भ्रष्टाचार पर पर्दा डालने में लगी है।