Kerala: माकपा ने नीलांबुर उपचुनाव के लिए एम. स्वराज को एलडीएफ उम्मीदवार घोषित किया, जबकि कांग्रेस पहले ही आर्यादन शौकत के नाम का एलान कर चुकी है। उधर, टीएमसी नेता पी.वी. अनवर ने चुनाव लड़ने पर फैसला एक दिन के लिए टाल दिया। उन्होंने कहा कि कई नेता उन्हें इंतजार करने की सलाह दे रहे हैं।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) ने शुक्रवार को मलप्पुरम जिले की नीलांबुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए पार्टी नेता एम. स्वराज को वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) का उम्मीदवार घोषित किया। माकपा के राज्य सचिव ने पार्टी की राज्य स्तरीय बैठक के बाद यहां एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्वराज के नाम का एलान किया।
विज्ञापन
एम. स्वराज पहले एर्नाकुलम जिले की त्रिपुनिथुरा विधानसभा सीट से 2016 से 2021 तक विधायक रह चुके हैं। वह मूल रूप से नीलांबुर (मलप्पुरम) के ही रहने वाले हैं। 2021 के विधानसभा चुनाव में उन्हें कांग्रेस के के. बाबू से हार का सामना करना पड़ा था। वर्तमान में वह माकपा की राज्य समिति के सदस्य हैं। इससे पहले कांग्रेस पार्टी ने दिवंगत वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आर्यादन मोहम्मद के बेटे आर्यादन शौकत को नीलांबुर सीट से उम्मीदवार घोषित किया था।
वहीं, तृणमूल कांग्रेस इस उपचुनाव में उम्मीदवार उतारेगी या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं है। टीएमसी के राज्य संयोजक पी.वी. अनवर ने कहा कि वह नीलांबुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव लड़ने को लेकर कोई भी घोषणा करने से पहले एक दिन और इंतजार करेंगे। अनवर ने बताया कि उन्हें यूडीएफ, कांग्रेस और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के कई वरिष्ठ नेताओं के फोन आ रहे हैं, जिनमें उनसे अनुरोध किया गया है कि वे अभी कोई घोषणा न करें और एक दिन और रुकें।
उन्होंने कहा, जब इतने लोग मुझसे कह रहे हैं कि मैं एक दिन और रुकूं, तो मुझे उनकी बात माननी होगी। मैं उनके सामने छोटा आदमी हूं। इसलिए मैंने जो आज कहने का इरादा किया था, उसे फिलहाल टाल रहा हूं। अनवर ने यह भी बताया कि कुछ धार्मिक और सामाजिक नेता भी उनसे ऐसा ही अनुरोध कर रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि मामला अच्छे समाधान की ओर बढ़ रहा है।
यह बयान ऐसे समय आया है जब एक दिन पहले अनवर ने विपक्ष के नेता वी. डी. सतीशन पर यह आरोप लगाया था कि वह यूडीएफ में के प्रवेश को रोकने के लिए गोपनीय एजेंडा चला रहे हैं। अनवर का कहना है कि सतीशन का विरोध ही यूडीएफ में उनकी पार्टी की एंट्री में एकमात्र बाधा है। इसके जवाब में वी. डी. सतीशन ने कहा था कि यूडीएफ सिर्फ अनवर से अपने उम्मीदवार का समर्थन चाहता है, बाकी मुद्दों पर बाद में चर्चा हो सकती है। नीलांबुर उपचुनाव अनवर के विधायक पद से इस्तीफे के कारण हो रहा है। मतदान 19 जून को निर्धारित है।