पनामा पेपर्स लीक मामले में बॉलीवुड अदाकार अमिताभ बच्चन और ऐश्वर्या राय के बाद रतन टाटा की करीबी मानी जाने वाली सोशलाइट नीरा राडिया का भी नाम सामने आ रहा है। एक अंग्रेजी अखबार के मुताबिक लीक हुए दस्तावेजों से इस बात का खुलासा हुआ है कि राडिया ने खुद को ब्रिटिश नागरिक बताकर एक कंपनी बनाई।
इन पेपर्स की जांच में पता चला है कि विदेश में राडिया की एक कंपनी को 1994 में मोसेक फोंसेका द्वारा ब्रिटिश वर्जिन आइलैंड्स (बीवीआई) में रजिस्टर कराया गया, जिसका नाम क्राउनमार्ट इंटरनेशनल ग्रुप लिमिटेड है।
रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि 2004 तक इससे जुड़े दस्तावेजों पर राडिया ने ही हस्ताक्षर किए थे। खबर के अनुसार दस्तावेजों में राडिया के दिल्ली स्थित घर का पता भी लिखा है जबकि उनके पिता की दो संपत्तियों का जिक्र है। उल्लेखनीय है कि राडिया का नाम इससे पहले यूपीए के दौरान हुए करोंड़ो के 2जी घोटाले में आ चुका है।