अमेरिका और कनाडा को जोड़ने वाला नियाग्रा फॉल का इलाका यहां आने वाले भारतीयों को अपनापन देता है। भारतवंशी या कहें यहां आकर बसे अप्रवासियों की मौजूदगी अलग सुगंध बिखेरती है। कहने को यहां बड़ा अमेरिकन शॉपिंग सेंटर है, जिसमें मोटे अक्षरों में लिखा है यहां अमेरिकी सामान मिलता है, लेकिन भारतीय व्यंजनों की खुशबू न सिर्फ हिंदुस्तानियों को लाइन में खड़ा करती है, बल्कि विदेशी भी स्पाइसी इंडियन फूड पसंद कर रहे हैं।
अमेरिकन सेंटर के गिफ्ट शॉप में सजा सामान तो आकर्षक है ही, कैशियर के काउंटर पर हिंदी में लिखा खजांची शब्द हिंदी प्रेमियों को आकर्षित करता है। नियाग्रा के इलाके में कई इंडियन होटल हैं, जो पंजाब और दक्षिण भारतीय व्यंजन परोस रहे हैं। पंजाबी हट को चलाने वाले पटियाला के सरदार जसवंत सिंह 33 साल पहले घूमने आए थे और अब यही के हैं।
पंजाबी हट में किसी गोरे से किसी इंडियन वेटर की तरह दाल मखनी और रायता बोलते सुनकर सुखद अनुभूति होती है। इसी तरह हाउस ऑफ इंडिया होटल भी इस इलाके में भारतीयों की पहचान बना है। अमेरिका के अन्य राज्यों से आने वाली टूरिस्ट बसों में पहुंचने वालों में चीनी के बाद भारतीयों की बड़ी संख्या है।