फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

NIA: कनाडा और पाकिस्तान से गतिविधियां चला रहे छह खालिस्तानी भगोड़े घोषित, एनआईए कोर्ट का बड़ा फैसला

Tue, 01 Aug 2023 03:35 PM IST
नितिन गौतम न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

पाकिस्तान में रहने वाले हरविंदर सिंह संधू उर्फ रिंदा, लखबीर सिंह रोडे और वाधवा सिंह बब्बर को भी अपराधी घोषित किया गया है। 
 
विज्ञापन
एनआईए की विशेष अदालत का फैसला - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की विशेष कोर्ट ने एक बड़े फैसले में कनाडा और पाकिस्तान से अपनी गतिविधियों को अंजाम देने वाले छह खालिस्तानी आतंकियों को भगोड़ा घोषित कर दिया है। एनआईए की तरफ से मंगलवार को बताया गया कि गैंगस्टर्स से आतंकी बने इन अपराधियों में कनाडा में रह रहे अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श डल्ला, रमन सिंह उर्फ रमन जज, लखबीर सिंह संधू उर्फ लांडा शामिल हैं। इसके साथ ही पाकिस्तान में बैठे हरविंदर सिंह संधू उर्फ रिंदा, लखबीर सिंह रोडे और वाधवा सिंह बब्बर को भी भगोड़ा घोषित किया गया है।

विज्ञापन


जानकारी के मुताबिक, पिछले साल 20 अगस्त को स्वत: संज्ञान लेकर दर्ज किए गए मामले में एनआईए ने गत 22 जुलाई को डल्ला, लांडा और रिंडा समेत नौ आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दायर किया था। उक्त मामला खालिस्तान लिबरेशन फोर्स, बब्बर खालसा इंटरनेशनल और इंटरनेशनल सिख यूथ फेडरेशन जैसे प्रतिबंधित खालिस्तान समर्थक संगठनों की आतंकी गतिविधियों से जुड़ा है।

सीमा पार से तस्करी में रहे हैं शामिल...
एनआईए अधिकारी के मुताबिक, आतंकवादी गतिविधियों में सक्रिय खालिस्तान समर्थक ये गैंगस्टर देश के विभिन्न हिस्सों में सक्रिय आतंकी संगठनों और संगठित आपराधिक गिरोहों के अन्य गुर्गों के साथ मिलकर हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक और रेडी-टू-यूज आईईडी, और कई तरह के हार्डवेयर की तस्करी में लिप्त रहे हैं। इसके अलावा सीमा पार से नशीले पदार्थों आदि की तस्करी में भी इनका हाथ है।
विज्ञापन


भारत को निशाना बनाने की साजिश रची
अधिकारी ने बताया कि जांच में इन आरोपियों ने अपने सहयोगियों की मदद से अंतरराष्ट्रीय सीमाओं को पार करके आतंकवादी गतिविधियों में इस्तेमाल होने वाले हार्डवेयर की तस्करी की आपराधिक साजिश रची थी, जिनका इस्तेमाल भारतीय सरजमीं पर किए जाने का इरादा था। अधिकारी ने कहा कि ये भारत में आतंकी गुर्गों की भर्ती और प्रतिबंधित संगठनों के लिए धन जुटाने जैसी गतिविधियों में भी शामिल रहे हैं।

यूके, यूएस में भारतीय दूतावासों पर हमलों के मामले में पूछताछ
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की टीमों ने मंगलवार को पंजाब के कई जिलों में 20 से अधिक ठिकानों पर टेरर फंडिंग के मामले में छापे मारे। सुबह-सुबह ही एनआईए की टीमों ने राज्य के विभिन्न इलाकों में कार्रवाई शुरू कर दी। टीमों ने जहां भी रेड की वहां, उनके विदेश में रह रहे परिजनों के खालिस्तान कनेक्शन के अलावा लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग, सैन फ्रांसिस्को स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास, ब्रिटिश कोलंबिया और ब्रिस्बेन स्थित वाणिज्य दूतावासों में हुए खालिस्तान समर्थकों के हमलों के मामलों में भी पूछताछ की। जालंधर के आदमपुर, दौलतपुर, चूमो, लोहियां और डल्लेवाल में टीमों ने सुबह कई घरों में रेड की।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें