अधिकारी ने बताया कि घोष को पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके तीन आरोपियों के खुलासों के आधार पर गिरफ्तार किया गया था। इन तीनों की पहचान रिंटू एसके, मिराजुद्दीन अली खान उर्फ मिराज और मीर मोहम्मद नुरुज्जमान उर्फ रोमियो उर्फ प्रिंस के तौर पर बताई गई। एनआईए मामले में 28 जून को मिराज और प्रिंस के खिलाफ आरोप पत्र दायर कर चुकी है।
28 जून को हुई थी छापेमारी
प्रवक्ता ने बताया कि घोष एक अवैध खनिक बताया जा रहा है। उसे रिंटू एसके जिलेटिन, डेटोनेटर और अमोनियम नाइट्रेट की सप्लाई करता था। इससे पहले 28 जून को उसके अवैध गोदाम पर छापेमारी में एक पिस्तौल, कारतूस, 16.25 किलोग्राम जिलेटिन छड़ें (कुल 130) और 50 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट से भरा एक बोरा जब्त किया गया था।
81,000 विद्युत चालित डेटोनेटर जब्त
इस बीच पश्चिम बंगाल एसटीएफ के एक दल ने बीरभूम के मोहम्मद बाजार थाना क्षेत्र में एक गाड़ी से करीब 81,000 विद्युत चालित डेटोनेटर जब्त किए। प्रवक्ता ने बताया कि गाड़ी चालक आशीष केवड़ा को भी गिरफ्तार किया गया है। बाद में हुई तलाशी में एक अवैध गोदाम से 2,525 विद्युत चालित डेटोनेटर, 27,000 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट और 1,625 किलोग्राम जिलेटिन की छड़ें जब्त की गईं।