फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

West Bengal: फर्जी पासपोर्ट रैकेट की जांच में NIA का बड़ा एक्शन, दुर्गापुर से मानव तस्करी का आरोपी दबोचा

Mon, 27 Jul 2026 03:29 PM IST
Devesh Tripathi पीटीआई, कोलकाता/दुर्गापुर

सार

राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने मानव तस्करी और फर्जी पासपोर्ट से जुड़े एक कथित नेटवर्क की जांच के दौरान पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एजेंसी का आरोप है कि यह नेटवर्क रोजगार का झांसा देकर लोगों को पश्चिम एशियाई देशों में भेजता था और उनके लिए जाली दस्तावेजों की व्यवस्था करता था।
विज्ञापन
मानव तस्करी के आरोप में एक शख्स गिरफ्तार (सांकेतिक तस्वीर) - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स/ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने सोमवार को पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर स्थित एक किराए के मकान से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। उस पर फर्जी पासपोर्ट के जरिए लोगों को पश्चिम एशियाई देशों में भेजने वाले मानव तस्करी गिरोह से जुड़े होने का आरोप है। एनआईए के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान गोलाम जमा के रूप में हुई है। दुर्गापुर के वार्ड संख्या 13 स्थित न्यू स्टील पार्क में उसके घर पर करीब तीन घंटे तक तलाशी और पूछताछ के बाद उसे हिरासत में लिया गया।
विज्ञापन


एनआईए के अनुसार, गोलाम जमा पर एक ऐसे नेटवर्क का हिस्सा होने का संदेह है, जो विदेश में संविदा आधारित रोजगार दिलाने के नाम पर श्रमिकों को पश्चिम एशियाई देशों में भेजता था। जांच एजेंसी इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि विदेश भेजे जाने वाले लोगों के लिए फर्जी पासपोर्ट की व्यवस्था की जाती थी।

छत्तीसगढ़ का रहने वाला आरोपी कैसे पहुंचा बंगाल? 
एनआईए के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "मानव तस्करी के एक नेटवर्क की चल रही जांच के तहत यह तलाशी अभियान चलाया गया। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है और जांच से जुड़े आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है। चूंकि जांच अभी जारी है, इसलिए इस स्तर पर अभियान से जुड़ी अधिक जानकारी साझा करना उचित नहीं होगा।"
विज्ञापन


ये भी पढ़ें: CGPSC पेपर लीक में बड़ा खुलासा: पूर्व चेयरमैन पर रिश्तेदारों को नौकरी दिलाने का आरोप, ईडी ने किया गिरफ्तार

अधिकारी ने बताया कि गोलाम जमा मूल रूप से छत्तीसगढ़ का रहने वाला है। करीब चार वर्ष पहले उसने दुर्गापुर की एक महिला से शादी की थी और इसके बाद वह वहीं आकर बस गया। वह न्यू स्टील पार्क इलाके में अपनी पत्नी और दो बेटों के साथ रह रहा था। जांचकर्ता उसके पिछले रोजगार से जुड़े रिकॉर्ड की भी जांच कर रहे हैं।

टायर की दुकान से ट्रैवल एजेंसी पहुंचा, फिर इस तरह शुरू हुआ मानव तस्करी का खेल
एनआईए अधिकारी के मुताबिक, गोलाम जमा पहले छत्तीसगढ़ में एक टायर की दुकान पर काम करता था। बाद में वह एक ट्रैवल एजेंसी से जुड़ा, जहां उसका संपर्क कथित तौर पर विदेशों में श्रमिकों को भेजने वाले संगठित नेटवर्क से हुआ। एजेंसी को संदेह है कि ट्रैवल एजेंसी का इस्तेमाल मानव तस्करी के अवैध कारोबार की आड़ के रूप में किया जा रहा था।
विज्ञापन


स्थानीय लोगों ने बताया कि गोलाम जमा बेहद कम लोगों से मेलजोल रखता था और पड़ोसियों से भी बहुत कम बातचीत करता था। उन्होंने यह भी बताया कि वह अक्सर मलयेशिया और सऊदी अरब जैसे देशों की यात्रा करता था। हालांकि उस समय उसकी यात्राओं का उद्देश्य किसी को पता नहीं था। सोमवार को चली कार्रवाई के दौरान एनआईए अधिकारियों ने गोलाम जमा की पत्नी से भी पूछताछ की। तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने पूरे समय घर के बाहर सुरक्षा घेरा बनाए रखा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें