नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए) ने गुरुवार को दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर आरोपी सुरिंदर सिंह उर्फ 'ठिकरीवाल' को गिरफ्तार किया है। वह 'खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स' (केजेडएफ) का समर्थक है। उसे अमेरिका से भारत डिपोर्ट किया गया था। यूएस में गिरफ्तार होने के बाद अमेरिकी सरकार के साथ समन्वय करके उसे भारत वापस भेजा गया।
एनआईए के मुताबिक, उसकी गिरफ्तारी 27 अप्रैल, 2026 को शंभू और राजपुरा स्टेशनों के बीच, 'डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड' की रेलवे लाइन पर हुए धमाके के मामले में की गई है। यह धमाका केजेडएफ की आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा देने, सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने और पंजाब में कानून-व्यवस्था को अस्थिर करने के उद्देश्य से किया गया था।
जांच के दौरान पता चला कि राजपुरा-शंभू रेलवे ट्रैक पर हुए इस धमाके के बाद, सुरिंदर सिंह उर्फ 'ठिकरीवाल' ने अपने फेसबुक अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें उसने इस घटना का महिमामंडन करते हुए धमाके का समर्थन किया। वीडियो में उसने इस आपराधिक साजिश के पीछे शामिल आरोपियों का भी समर्थन किया, जिसमें मृतक जगरूप सिंह भी शामिल था, जो धमाका करते समय मारा गया था।
उसने प्रतिबंधित आतंकी संगठन 'खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स' को "कौमी संगठन" बताया और 'डेजिग्नेटेड इंडिविजुअल टेररिस्ट' रणजीत सिंह उर्फ 'नीता' को "कौम का जनरल" कहा। जांच के दौरान, एनआईए ने आरोपी के खिलाफ एक 'लुक आउट सर्कुलर' (एलओसी) जारी किया था। पंजाब के अलग-अलग जिलों में उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले भी दर्ज हैं।
इस गिरफ्तारी के साथ, एनआईए ने राजपुरा-शंभू विस्फोट मामले में अब तक कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एजेंसी इस बड़ी साजिश की जांच कर रही है। इसका मकसद आतंकवादियों और विदेशों में बैठे उनके साथियों के बीच पनप रहे गठजोड़ को खत्म करना, और उनकी फंडिंग तथा बुनियादी ढांचे को तोड़ना है।