राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने भीमा कोरेगांव मामले के संबंध में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें से दो को सोमवार को तो एक को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया। एजेंसी ने बताया कि तीनों लोग कबीर कला मंच के सदस्य हैं।
कबीर कला मंच प्रतिबंधित आतंकी संगठन सीपीआई (माओवादी) का मुखौटा संगठन है। तीनों लोगों में से सागर तात्याराम गोरखे और रमेश मुरलीधर गैछोड़ को सोमवार को गिरफ्तार किया गया था। वहीं, ज्योति राघोबा जगताप को आज गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों को आज मुंबई स्थित एनआईए विशेष अदालत में पेश किया गया। तीनों आरोपियों को पूछताछ के लिए चार दिन की एनआईए हिरासत में भेजा गया है। एजेंसी ने कहा कि मामले की आगे की जांच की जा रही है।