एनआईए / भाजपा नेता प्रवीण नेट्टारू
- फोटो : ANI
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने आज प्रतिबंधित पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) के एक फरार राज्य कार्यकारी सदस्य को भाजपा नेता प्रवीण नेट्टारू की हत्या के मामले में गिरफ्तार किया। जानकारी के मुताबिक कोडाजे मोहम्मद शेरिफ, जिसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी था, को बहरीन से आने पर नई दिल्ली में इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से हिरासत में लिया गया।
अगस्त में एनआईए ने दायर किया था आरोपपत्र
इससे पहले 2 अगस्त 2024 को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने प्रवीण नेट्टारू की हत्या के मुख्य साजिशकर्ता को शरण देने के आरोप में शुक्रवार को दो लोगों के खिलाफ आरोपपत्र दायर किया। एनआईए के मुताबिक, मंसूर पाशा और रियाज एच.वाई. ने कथित तौर पर मुस्तफा पाइचर को शरण दी। जिसे पीएफआई सेवा दल का मास्टर ट्रेनर माना जाता है और जिसने लोगों के बीच आतंक पैदा करने के इरादे से 27 जुलाई 2022 को एक सार्वजनिक स्थान पर नेत्तारू को मारने की साजिश रची थी।
राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने 4 अगस्त, 2022 को कर्नाटक पुलिस जांच अपने हाथ में लेते हुए यूएपीए और आईपीसी की कई धाराओं के तह फिर से मामला दर्ज किया था। मामले में इससे पहले 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
जुलाई 2022 में की गई थी प्रवीण नेट्टारू की हत्या
बता दें कि, कर्नाटक भाजपा युवा मोर्चा के सदस्य प्रवीण नेट्टारू की बेल्लारी में 26 जुलाई 2022 में उनकी दुकान के सामने एक वाहन में सवार तीन लोगों ने हत्या कर दी थी। सुलिया तालुक के बेल्लारे गांव में पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया के 'किलर स्क्वॉड' या सर्विस टीम्स ने कथित तौर पर उनकी हत्या कर दी थी। कर्नाटक सरकार की सिफारिश के बाद तीन अगस्त को केंद्रीय गृह मंत्रालय ने एनआईए को इस मामले की जांच सौंपने का आदेश दिया था।