राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने बीएसएफ की मदद से पश्चिम बंगाल के मालदा जिले से बृहस्पतिवार को इनामुल हक नाम के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया। एनआईए प्रवक्ता ने बताया कि हक साल 2018 से फरार था। उस पर 45 हजार रुपये का इनाम था।
हक को भारत में नकली मुद्रा चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। वह बांग्लादेश स्थित अपने सहयोगियों की मदद से जाली मुद्रा की तस्करी कर भारत में चलाता था। रिमांड के लिए उसे मालदा की एनआईए कोर्ट में पेश किया जाएगा। एजेंसी मामले की आगे की जांच कर रही है।
हक के खिलाफ साल 2018 में विशाखापट्टनम में मामला दर्ज हुआ था जिसे बाद में एनआईए ने अपने हाथ में ले लिया था। एनआईए ने मोहम्मद महबूब बेग, सैयद इमरान, फिरोज शेख और ताजामुल शेख के खिलाफ विजयवाड़ा की विशेष अदालत में साल 2018 और 2019 में मामला दर्ज किया था।
हक बांग्लादेश से अपने सहयोगियों के जरिये जाली मुद्रा की तस्करी कर बेग और इमरान को भारत में इस्तेमाल करने के लिए देता था।