लोहित नदी में खोज एवं बचाव अभियान चलाता आपदा मोचन बल
- फोटो : अमर उजाला
अरुणाचल प्रदेश के लोहित जिले के परशुराम कुंड में नहाते समय लापता हुए पूर्वोत्तर सीमा रेवले के प्रधान मुख्य सुरक्षा अधिकारी शुभेंदु कुमार चौधरी का सोमवार को दूसरे दिन भी कोई सुराग नहीं मिला। उनकी खोज में भारतीय वायु सेना के तीन हैलीकॉप्टर, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, स्थानीय पुलिस और मछुआरों ने मिलकर तलाश के लिए बड़े पैमाने पर खोज और बचाव अभियान चलाया। इस बीच, देर शाम पूर्वोत्तर सीमा रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी केके शर्मा ने बताया कि शुभेंदु का आज भी कोई सुराग नहीं मिला। उनकी तलाश की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि पूर्वोत्तर सीमा रेलवे (एनएफआर) के एक वरिष्ठ रेलवे अधिकारी एसके चौधरी के रविवार को अरुणाचल प्रदेश के लोहित जिले की लोहित नदी के परशुराम कुंड में नहाते समय लापता होने की खबर सामने आई थी। लोहित पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया था कि दोपहर करीब 12.45 बजे एक व्यक्ति की परशुराम कुंड में स्नान करते समय लापता होने की खबर मिली थी। लापता होने वाले व्यक्ति की पहचान एसके चौधरी, उम्र करीब 55 एनएफ रेलवे के प्रधान मुख्य सुरक्षा अधिकारी के रूप में हुई है।
बचाव अभियान में एनडीआरएफ-एसडीआरएफ शामिल
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि राहत व बचाव के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों को लगाया गया है। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ को भी बचाव और खोज अभियान में शामिल किया गया है। बताया जा रहा है कि एसके चौधरी परिवार के साथ परशुराम कुंड में पवित्र स्नान करने गए थे, जहां से वे लापता हो गए।
रेलवे-जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी कुंड पर मौजूद
पुलिस के मुताबिक, क्योंकि रविवार को अंधेरा हो गया था, सोमवार को फिर से खोज और बचाव अभियान चलाया गया। रेलवे और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी अभियान की निगरानी और समन्वय के लिए परशुराम कुंड पर मौजूद हैं।