फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

News Wrap: कबाड़ के निपटान से केंद्र की बंपर कमाई, मुंबई में विक्षिप्त लड़की के साथ दुष्कर्म, पढ़ें अहम खबरें

Tue, 25 Oct 2022 08:26 PM IST
शिव शरण शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

एक ओर जहां केंद्र सरकार की कबाड़ के निपटान से बंपर कमाई हुई है। वहीं, यह भी सामने आया है कि केंद्र सरकार द्वारा प्रचुर मात्रा में बजटीय समर्थन के बावजूद आर्थिक विकास के मामले में पूर्वोत्तर भारत के राज्यों की हालत पतली है। पढ़ें आज की बड़ी और अहम खबरें...
विज्ञापन
breaking news - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

एक ओर जहां केंद्र सरकार की कबाड़ के निपटान से बंपर कमाई हुई है। वहीं, यह भी सामने आया है कि केंद्र सरकार द्वारा प्रचुर मात्रा में बजटीय समर्थन के बावजूद आर्थिक विकास के मामले में पूर्वोत्तर भारत के राज्यों की हालत पतली है। आलम यह है कि इस क्षेत्र के लाखों युवा नौकरी के लिए देश के अन्य हिस्सों में जा रहे हैं। वहीं, मानसिक रूप से विक्षिप्त नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का मामला देश की आर्थिक राजधानी कही जाने वाली मुंबई नगरी में सामने आया है। फिलहाल इस मामले का एक आरोपी गिरफ्तार कर लिया गया है। ऐसी ही आज की बड़ी खबरों पर डालें एक नजर... 
विज्ञापन


 

कबाड़ के निपटान से केंद्र ने कमाए 254 करोड़ रुपये  

दो अक्तूबर से शुरू हुए विशेष स्वच्छता अभियान के तहत केंद्र सरकार ने कबाड़ के निपटान से 254.21 करोड़ रुपये कमाए हैं। इसके साथ ही अब तक 40 लाख फाइलों की समीक्षा की जा चुकी है। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी है। कार्मिक राज्य मंत्री सिंह ने कहा कि मंत्रालयों/विभागों में स्वच्छता को संस्थागत बनाने और लंबित मामलों को कम करने के लिए जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि इस अभियान ने व्यवहार में बदलाव किया है और शासन में नवाचार का नेतृत्व किया है। उन्होंने कहा कि 3,20,152 जन शिकायतों का निवारण किया गया है, 37.19 लाख वर्ग फुट स्थान मुक्त किया गया है।गौरतलब है कि गांधी जयंती से शुरू हुआ विशेष स्वच्छता अभियान 31 अक्तूबर तक चलाया जाएगा।    

केंद्रीय बजटीय समर्थन में वृद्धि के बावजूद पूर्वोत्तर रोजगार सृजन में पिछड़ा 

 केंद्र सरकार द्वारा पिछले आठ वर्षों में दोगुने से अधिक बजट आवंटन के बावजूद भारत के पूर्वोत्तर राज्य आर्थिक उत्पादन और रोजगार सृजन में पिछड़ रहे हैं। पूर्वोत्तर परिषद के सचिव के मूसा चलई ने इसके बारे में जानकारी दी। उन्होंने मंगलवार को कहा कि इस क्षेत्र के लाखों युवा नौकरी के लिए देश के अन्य हिस्सों में जा रहे हैं, जिसका अर्थ है कि यहां आर्थिक विकास बेहतर तरीके से नहीं हो रहा है।  

गौरतलब है कि 2013-14 में, कुल 10 प्रतिशत GBS (सकल बजटीय सहायता) लगभग 34,000 करोड़ रुपये थी। इस वित्तीय वर्ष में यह 76,000 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। इसके बावजूद, यहां वस्तुओं और सेवाओं का उत्पादन और वितरण पर्याप्त नहीं हो रहा है। ना ही यहां पर्याप्त नौकरियां  हैं। 

असम बीजेपी नेता सुकुमार विश्वास का लंबी बीमारी के बाद निधन 

भाजपा नेता और असम भाषाई अल्पसंख्यक विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष सुकुमार विश्वास का लंबी बीमारी के बाद मंगलवार को गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल (जीएमसीएच) में उनका निधन हो गया। वे भाजपा के राज्य सचिव रहे थे। मिली जानकारी के मुताबिक, बिस्वास कैंसर से पीड़ित थे। वह ऑल असम बंगाली यूथ एंड स्टूडेंट्स फेडरेशन (AABYSF) के पूर्व अध्यक्ष भी थे। उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि बिस्वास को राज्य में बंगाली समुदाय के समग्र उत्थान के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के लिए याद किया जाएगा।

मानसिक रूप से विक्षिप्त नाबालिग लड़की के साथ रेप का आरोपी गिरफ्तार

 महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में मानसिक रूप से विक्षिप्त नाबालिग लड़की से कथित रूप से बलात्कार करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, मामले के दूसरे आरोपी की तलाश जारी है। इस मामले में मुंबई के एमआरए मार्ग पुलिस स्टेशन में आईपीसी की धारा 376 (बलात्कार) और 34 (सामान्य इरादे को आगे बढ़ाने में कई व्यक्तियों द्वारा किए गए कार्य) और पॉक्सो अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

राष्ट्रपति अपने अंगरक्षक को भेंट करेंगी सिल्वर ट्रम्पेट और ट्रम्पेट बैनर  

27 अक्टूबर को दिल्ली में राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में एक समारोह आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने अंगरक्षक को सिल्वर ट्रम्पेट और ट्रम्पेट बैनर भेंट करेंगी।
 

तमिलनाडु: सफाई कर्मचारियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा की

कोयंबटूर सिटी म्युनिसिपल कॉरपोरेशन (सीसीएमसी) के सफाई कर्मचारियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा की है। इससे शहर में साफ-सफाई को लेकर समस्या खड़ी हो सकती है। CCMC के साथ 7,000 से अधिक लोग स्वच्छता कर्मचारी के रूप में कार्यरत हैं, जिनमें 2,750 स्थायी कर्मचारी शामिल हैं। अस्थाई कर्मचारियों की मांग है कि उनके वेतन में संशोधन किया जाए। इससे पहले भी ये लोग अपनी 18 सूत्री मांगों को लेकर दबाव बनाने के लिए दो अक्तूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए थे।

सनएडिसन इन्फ्रास्ट्रक्चर का नाम बदला

सनएडिसन इन्फ्रास्ट्रक्चर का नाम बदलकर रेफेक्स रिन्यूएबल्स एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर कर दिया गया है। कंपनी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। शेयर बाजारों को भेजी सूचना में कंपनी ने बताया कि शेयरधारकों ने 30 सितंबर 2022 को आयोजित अपनी 28वीं वार्षिक आम बैठक में विशेष प्रस्ताव के माध्यम से कंपनी के नाम को सनएडिसन इन्फ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड से बदलकर रेफेक्स रिन्यूएबल्स एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड करने को मंजूरी दी है।

ओवैसी ने साधा भाजपा पर निशाना

AIMIM सांसद व प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कर्नाटक में भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि हलाल मांस खतरा है, मुसलमान की दाढ़ी खतरा है, मुसलमान की टोपी खतरा है, भाजपा मुस्लिम पहचान के खिलाफ है। दिल्ली में प्रधानमंत्री कहते हैं सबका साथ और सबका विकास लेकिन ये सब जबानी बातें हैं।
 


 

भारत में चीनी राजदूत ने विदाई भाषण में कही यह बात

भारत में चीनी राजदूत सन वेइदॉन्ग ने अपनी विदाई टिप्पणी में कहा कि चीन ने भारतीय नागरिकों के लिए चीन की यात्रा के लिए वीजा आवेदन प्रक्रिया को अनुकूलित कर दिया है। लंबी अवधि के अध्ययन करने वाले छात्रों के लिए वीजा आवेदनों को फिर से शुरू किया गया है। इसके साथ ही व्यापार, काम और परिवार के काम के लिए चीन आने वाले लोगों को भी वीजा दिया जा रहा है। अब तक भारतीय छात्रों को 1800 से अधिक वीजा जारी किए जा चुके हैं और हम आशा करते हैं कि हमारे दोनों देशों के बीच यात्राओं का अधिक से अधिक आदान-प्रदान होगा।
विज्ञापन

मानसिक बीमारी से पीड़ित महिला से मारपीट

उत्तरी गोवा जिले में मंगलवार की सुबह मानसिक बीमारी से पीड़ित एक महिला पर बच्चों के अपहरणकर्ता होने के संदेह में महिलाओं के एक समूह ने हमला किया। पुलिस ने यह जानकारी दी। करीब 20 साल की लग रही महिला एक दिन पहले अपने घर से लापता हो गई थी। उत्तरी गोवा जिले के कुम्भरजुआ गांव में कई महिलाओं द्वारा पीड़िता की पिटाई का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। देर शाम तक मारपीट के मामले में पुलिस में कोई मामला दर्ज नहीं किया गया था।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें