आईआईटी-खड़गपुर के कैंपस में शनिवार सुबह 21 वर्षीय एक छात्र का शव खून से लथपथ मिला। पुलिस को आशंका है कि छात्र ने हॉस्टल की आठवीं मंजिल से छलांग लगाकर जान दी है। मृतक की पहचान अहमदाबाद के रहने वाले जयवीर सिंह डोरिया के रूप में हुई है, जो बीटेक तीसरे वर्ष का छात्र था। पुलिस के अनुसार, कैंपस के सुरक्षाकर्मियों ने सुबह अटल बिहारी वाजपेयी हॉल के पास शव देखा और संस्थान के अधिकारियों को सूचित किया। छात्र को बीसी रॉय अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मौत के सटीक कारणों का पता पोस्टमार्टम के बाद चलेगा।
विहिप ने केरल में धर्मांतरण विरोधी कानून की मांग की
विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने शनिवार को आरोप लगाया कि केरल में लव जिहाद की घटनाएं बढ़ रही हैं। विहिप के राष्ट्रीय महासचिव मिलिंद परांडे ने राज्य में सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून बनाने की मांग की। उन्होंने प्रयागराज कुंभ मेले के दौरान चर्चा में आई एक आदिवासी युवती और मुस्लिम युवक के विवाह का उदाहरण दिया। परांडे का दावा है कि युवती नाबालिग थी और उसे मध्य प्रदेश से अगवा कर केरल लाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि केरल की वामपंथी सरकार के संरक्षण में केरल लव जिहादियों का स्वर्ग बन गया है। विहिप नेता ने मिशनरी संस्थाओं पर भी विदेशी धन के जरिये धर्मांतरण करने का आरोप लगाया।
पवन कल्याण की सर्जरी के बाद PM मोदी ने ठीक होने की कामना की
आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और जनसेना पार्टी प्रमुख पवन कल्याण की सर्जरी के बाद उनके स्वास्थ्य को लेकर देशभर से शुभकामनाएं मिल रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को उनसे फोन पर बात कर उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की और कहा कि वे मजबूत हैं और जल्दी ठीक हो जाएंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी लिखा कि उन्होंने पवन कल्याण से बात की और उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। उन्होंने उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना भी की।
इससे पहले आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने भी पवन कल्याण के जल्द स्वस्थ होने की कामना की थी। वहीं राज्यपाल एस. अब्दुल नजीर ने भी उनके अच्छे स्वास्थ्य की दुआ की। जानकारी के अनुसार, पवन कल्याण पिछले कुछ महीनों से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे। शुक्रवार को उन्हें प्रशासनिक कार्यों के दौरान असहज महसूस हुआ, जिसके बाद उन्होंने अस्पताल जाने का फैसला किया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद एमआरआई सहित कई टेस्ट किए और सर्जरी की सलाह दी। शनिवार शाम उनका ऑपरेशन किया गया। डॉक्टरों ने बताया है कि उन्हें पूरी तरह ठीक होने में कुछ समय लग सकता है और करीब 7 से 10 दिन आराम की सलाह दी गई है। हालांकि शुरुआती रिकवरी के बाद वे अपने काम पर लौट सकते हैं, लेकिन लंबे समय तक सावधानी बरतने की जरूरत होगी।