फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: कलकत्ता हाईकोर्ट से रोड पर हनुमान चालीसा की अनुमति नहीं; राणा से पहले दिन तीन घंटे पूछताछ, सहयोग नहीं

Fri, 11 Apr 2025 03:08 PM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

कलकत्ता हाईकोर्ट ने शुक्रवार कोलकाता के प्रतिष्ठित रेड रोड पर हनुमान चालीसा पाठ कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति देने से इन्कार कर दिया है। शनिवार को हनुमान जयंती है और कोर्ट ने आयोजकों से कार्यक्रम के लिए कोई वैकल्पिक स्थल चुनने को कहा है। याचिकाकर्ता ने अदालत का रुख करते हुए दावा किया कि पुलिस ने एक वैकल्पिक स्थान सुझाया था, लेकिन उन्होंने कार्यक्रम को 12 अप्रैल को रेड रोड पर ही करने की अनुमति मांगी।मुख्य न्यायाधीश टीएस शिवगणनम की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने आयोजक को निर्देश दिया कि वह रेड रोड के अलावा कोई और स्थल चुने। पुलिस ने प्रस्तावित स्थल का विरोध यह कहकर किया कि इससे यातायात में भारी अवरोध उत्पन्न होगा। याचिकाकर्ता ने पहले एकल पीठ न्यायाधीश तीर्थंकर घोष के आदेश को चुनौती दी थी, जिसमें रेड रोड पर कार्यक्रम की अनुमति देने से इन्कार किया गया था।

विज्ञापन


राणा से पहले दिन 3 घंटे पूछताछ, नहीं कर रहा सहयोग
एनआईए ने पहले दिन शुक्रवार को तहव्वुर राणा से तीन घंटे पूछताछ की। एजेंसी के अनुसार, राणा पूछताछ में सहयोग नहीं कर रहा है। जांच एजेंसी हिरासत के दौरान रोजाना राणा से पूछताछ की एक डायरी तैयार करेगी। अंतिम चरण की पूछताछ के बाद इसे डिस्क्लोजर बयान में रिकॉर्ड पर लिया जाएगा।

यूरोप के सफल दौरे के बाद भारत लौटीं राष्ट्रपति
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पुर्तगाल और स्लोवाकिया की चार दिवसीय राजकीय यात्रा के बाद दिल्ली वापस लौट आई हैं।


आंध्र प्रदेश में खराब देखभाल से 100 गायों की मौत, तिरुमला गोशाला पर वाईएसआरसीपी के गंभीर आरोप
वाईएस जगन मोहन रेड्डी के नेतृत्व वाली युवजन श्रमिक रायथू कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) गोशाला में पिछले तीन महीनों में करीब 100 गायों की मौत हो गई। वाईएसआरसीपी ने आरोप लगाया कि टीटीडी की लापरवाही और खराब देखभाल के कारण इन गायों की मौत हुई है। वाईएसआरसीपी ने सोशल मीडिया पर पर एक पोस्ट में कहा, टीटीडी गोशाला से दिल दहला देने वाले दृश्य सामने आए हैं, जहां पिछले तीन महीनों में करीब 100 मासूम गायों ने घोर उपेक्षा और खराब देखभाल के कारण अपनी जान गंवा दी है। उन्हें आश्रय देने और उनकी रक्षा करने के लिए बनाए गए पवित्र स्थान पर एक खामोश त्रासदी का खुलासा हो रहा है। वाईएसआरसीपी नेता एम भरत ने आंध्र प्रदेश की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के नेतृत्व वाली सरकार पर टीटीडी की गोशाला की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। राजमुंदरी के पूर्व सांसद ने कहा कि यह भगवान वेंकटेश्वर के साथ विश्वासघात है और राज्य सरकार को इन चौंकाने वाली पशुहानि के लिए जवाब देना चाहिए। उन्होंने हिंदू नेताओं से न्याय की मांग करने का आग्रह किया। सोशल मीडिया पर गायों की मौत के आरोप फर्जी: तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) ने गायों की मौत के आरोपों का जोरदार खंडन किया। टीटीडी ने 100 गायों की मौत के बारे में सोशल मीडिया पर किए जा रहे दावों को पूरी तरह से फर्जी और भ्रामक बताया है।
विज्ञापन


मालदा रेलवे स्टेशन पर रेल यातायात प्रभावित
पश्चिम बंगाल के मालदा में लोगों के एक समूह ने धुलियान गंगा और निमतिता स्टेशनों के बीच रेलवे ट्रैक को रोक दिया। इससे मालदा रेलवे स्टेशन पर यातायात प्रभावित हो गया। इस मामले में पूर्वी रेलवे के मुख्य जनसंपर्क पदाधिकारी (सीपीआरओ) दीप्तिमय दत्ता ने कहा, "अजीमगंज-न्यू फरक्का सेक्शन में ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुई है। लोगों का एक समूह धूलियान गंगा और निमतिता स्टेशनों के बीच रेलवे ट्रैक पर बैठा हुआ था। उन्होंने गेट नंबर 43 को भी नुकसान पहुंचाया। रेलवे ट्रैक अभी तक सुरक्षित है। दो ट्रेनें रद्द कर दी गईं और दो को बीच रास्ते में ही रोकना पड़ा है।  करीब पांच ट्रेनों का मार्ग बदला गया है। इससे पहले जारी एक अन्य बयान में रेलवे ने बताया कि शुक्रवार दोपहर 2.46 बजे लगभग 5000 लोगों के एक समूह ने धूलियान गंगा स्टेशन के पास ट्रेन की आवाजाही बाधित कर दी।ट्रेन नंबर 15644 डाउन कामाख्या - पुरी एक्सप्रेस की आवाजाही बाधित हुई।

तमिलनाडु अध्यक्ष पद के लिए भाजपा ने आमंत्रित किए आवेदन
भारतीय जनता पार्टी ने तमिलनाडु राज्य अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पार्टी ने एक बयान जारी कर इस पद के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। तमिलनाडु भाजपा के उपाध्यक्ष और राज्य चुनाव अधिकारी एम. चक्रवर्ती ने बृहस्पतिवार को बयान जारी कर पार्टी नेताओं से शुक्रवार को पद के लिए नामांकन जमा करने को कहा।

बयान में कहा गया कि जो लोग राज्य अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ना चाहते हैं, वे राज्य पार्टी की वेबसाइट से इच्छा पत्र डाउनलोड कर, उसे भरकर शुक्रवार दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक चेन्नई के कमलालयम स्थित राज्य भाजपा मुख्यालय में जमा करें। उम्मीदवार को कम से कम 10 साल तक भाजपा का सदस्य होना चाहिए। इसके साथ ही राष्ट्रीय सामान्य समिति के सदस्य पद के लिए भी आवेदन मांगे गए हैं।

वर्तमान भाजपा अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने पहले ही घोषणा कर दी है कि वह इस बार राज्य इकाई के प्रमुख बनने की दौड़ में नहीं हैं। उन्होंने कहा, तमिलनाडु भाजपा में कोई प्रतिस्पर्धा नहीं है; हम सर्वसम्मति से नेता चुनेंगे। पार्टी नियमों के अनुसार अन्नामलाई का कार्यकाल कुछ महीने पहले खत्म हो चुका है, और वे अगले अध्यक्ष के चयन तक पद पर बने हुए हैं।

रिश्वतखोरी में सीबीआई अधिकारी सहित तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज
रिश्वत मामले में सीबीआई ने अपने ही अफसर समेत तीन के खिलाफ केस दर्ज किया है। हिमांशु नानावटी सीबीआई की ओर से जांच किए जा रहे एक मामले में आरोपी है। हिमांशु ने सीबीआई को लिखित शिकायत में कहा था कि अवनीश कुमार ने सीबीआई अधिकारी बताकर केस के निपटारे के लिए उनसे संपर्क किया। बाद में अवनीश कुमार ने शिकायतकर्ता को अनिल तंवर से मिलवाया। उसने बताया कि अनिल सीबीआई का विधि अधिकारी है। उसने कहा कि वह मामले में उसकी मदद करेगा और इसके लिए 50 लाख रुपये रिश्वत की मांग की। बाद में सौदा 35 लाख रुपये में तय हुआ। अनिल तंवर ने शिकायतकर्ता को उसके साथ सहयोग करने के लिए कहा।

अवनीश कुमार ने बाद में शिकायतकर्ता को एक अन्य सीबीआई अधिकारी रमेश कुमार से मिलवाया। रमेश कुमार ने भी मदद करने की एवज में 10 लाख रुपये की मांग की और अवनीश कुमार के संपर्क में रहने के लिए कहा। राजस्व विभाग में कार्यरत अधिकारी ज्योतिमन डेठन ने भी ईडी अधिकारियों के प्रभावित करने के लिए शिकायतकर्ता से 50,000 रुपये की रिश्वत मांगी।

केंद्र के स्वास्थ्य कार्यक्रमों में दिल्ली शामिल, पीएम मोदी ने बताया क्रांतिकारी कदम 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को दिल्ली में बीमा कवर कार्यक्रम सहित केंद्र सरकार की दो स्वास्थ्य योजनाओं के कार्यान्वयन की सराहना करते हुए इसे क्रांतिकारी कदम बताया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार का यह मिशन दिल्ली के लाखों भाइयों और बहनों के लिए बहुत लाभकारी होने वाला है। मुझे खुशी है कि दिल्ली के लोग भी अब आयुष्मान योजना के तहत इलाज करा सकेंगे। दिल्ली की भाजपा सरकार ने गुरुवार को प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन (पीएम-एबीएचआईएम) के कार्यान्वयन के लिए केंद्र के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने गुरुवार को कहा कि इन कार्यक्रमों का विरोध करने वाली राज्य सरकारों को जनता वोट देकर सत्ता से बाहर कर रही है।

बीआरएस ने की 400 एकड़ भूमि बंधक मामले की जांच की मांग 
बीआरएस ने शुक्रवार को कांग्रेस सरकार द्वारा हैदराबाद विश्वविद्यालय से सटी 400 एकड़ जमीन को एक निजी बैंक को कथित रूप से गिरवी रखने के मामले की जांच सीबीआई जैसी केंद्रीय एजेंसियों से कराने की मांग की। बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव ने आरोप लगाया कि एक भाजपा सांसद भी मामले में शामिल हैं। वह मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी सरकार की मदद कर रहा है। हम मांग करते हैं कि केंद्र इस मामले की जांच के लिए आरबीआई या सीबीआई या एसएफआईओ या सीवीओ से जांच कराए। अगर केंद्र हमारी मांग पर ध्यान नहीं देता है, तो यह माना जा सकता है कि कांग्रेस सरकार और केंद्र मिले हुए हैं।
 

झारखंड में बिजली गिरने से चार लोगों की मौत
झारखंड के हजारीबाग जिले में बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई। पद्मा ब्लॉक में दो चचेरे भाइयों समेत तीन लोगों की मौत हो गई। इनकी पहचान शिवपूजन साव, अजय साव और सूरज कंडू के रूप में हुई। वे खेत में मवेशी चरा रहे थे और एक झोपड़ी के नीचे छिपे थे, तभी बिजली गिरने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि चर्चू गांव में एक अन्य घटना में गंगो किस्कू नामक व्यक्ति की बिजली गिरने से मौत हो गई। वह जंगल में लकड़ियां इकट्ठा कर रहा था। चारों शवों को गुरुवार शाम पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया। वहीं इचाक थाना क्षेत्र में 60 वर्षीय महिला मालती देवी खेत में काम करते समय बिजली गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गई।
 

कर्नाटक में कार-बस की टक्कर में चार लोगों की मौत
 कर्नाटक के यादगीर जिले के शाहपुर में एक कार और सरकारी बस की टक्कर में तीन महिलाओं सहित चार लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना गुरुवार रात मद्दारकी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 150ए पर हुई। मृतक यादगीर तालुका के वरकनहल्ली गांव के निवासी हैं। जांच चल रही है।

 

एएमएमके महासचिव को आज मिलेगी छुट्टी
टीटीवी दिनाकरन (एएमएमके महासचिव) को नियमित जांच के लिए 10 अप्रैल को अपोलो अस्पताल चेन्नई में भर्ती कराया गया था। उन्हें आज छुट्टी दे दी जाएगी।

अनिल यादव बने कांग्रेस ओबीसी विभाग के अध्यक्ष
कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को डॉ. अनिल कुमार यादव (अनिल जयहिंद) को अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के ओबीसी विभाग का नया चेयरमैन नियुक्त किया। नए ओबीसी प्रमुख यादव की नियुक्ति को पार्टी की पिछड़ा वर्गों तक पहुंच बढ़ाने की रणनीति के तहत देखा जा रहा है।

पार्टी ने निवर्तमान ओबीसी अध्यक्ष कैप्टन अजय सिंह यादव के योगदान की सराहना की। यह फैसला गुजरात के साबरमती नदी के किनारे पर संपन्न दो दिवसीय एआईसीसी सत्र के ठीक बाद लिया गया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार को इस सत्र में कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर अगले गुजरात चुनाव में सरकार बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, कांग्रेस गरीबों, अल्पसंख्यकों, पिछड़ों और दलितों के साथ खड़ी है। आप सभी का सहयोग मिले तो हम गुजरात में जरूर जीतेंगे।

भारतीय तटरक्षक बल ने ईईजेड के भीतर पकड़े मछुआरे
भारतीय तटरक्षक बल ने सागर लाइट से लगभग 72 समुद्री मील दूर भारतीय विशेष आर्थिक क्षेत्र (ईईजेड) के भीतर मछली पकड़ रही एक भारतीय नाव को पकड़ लिया। भारतीय तटरक्षक बल ने नाव पर सवार मछुआरों को भी अपनी हिरासत में लिया है। 
 

कार्ति चिदंबरम के खिलाफ आरोप तय करने की प्रक्रिया पर हाईकोर्ट का स्टे
मनी लॉन्ड्रिंग मामले में दिल्ली हाईकोर्ट ने कांग्रेस नेता कार्ति पी चिदंबरम की याचिका पर आरोप तय करने की प्रक्रिया को स्थगित करने का निर्देश दिया है। जस्टिस रविंदर डुडेजा की एकल पीठ ने कहा कि यह मामला विचारणीय है और इस पर गहन विचार की जरूरत है। कोर्ट ने ईडी को चार सप्ताह में जवाब दाखिल करने कहा। मामले की अगली सुनवाई 29 मई को होगी। बता दें कि कार्ति चिदंबरम ने याचिका दायर कर मांग की थी कि मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) के तहत चार्ज फ्रेम करने की प्रक्रिया को तब तक रोका जाए, जब तक मूल अपराध से जुड़े मामले में आरोप तय नहीं हो जाता। कार्ति के वकील वरिष्ठ अधिवक्ता सिद्धार्थ लूथरा ने तर्क दिया कि सुप्रीम कोर्ट के विजय मदनलाल चौधरी मामले (2023) के फैसले के अनुसार, मूल अपराध के बिना कार्रवाई नहीं हो सकती। अगर मूल अपराध में कार्ति को बरी या डिस्चार्ज कर दिया जाता है, तो मनी लॉन्ड्रिंग का मामला नहीं बनता। हालांकि ईडी ने आरोप तय करने की प्रक्रिया पर कोई रोक न होने की दलील दी। कोर्ट ने पाया कि विजय मदनलाल चौधरी मामले में सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि मूल अपराध के बिना मनी लॉन्ड्रिंग का अपराध नहीं बनता। कोर्ट ने विशेष जज को निर्देश दिया कि इस कोर्ट की अगली तारीख (29 मई) के बाद ही आरोप पर बहस की जाए।

कर्नाटक: पूर्व भाजपा सरकार के खिलाफ 40% कमीशन की एसआईटी करेगी जांच
कर्नाटक मंत्रिमंडल ने शुक्रवार को जस्टिस नागमोहन दास आयोग की जांच रिपोर्ट के आलोक में राज्य की पिछली भाजपा सरकार के खिलाफ 40 प्रतिशत कमीशन के आरोपों की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित करने का फैसला किया।कर्नाटक के कानून और संसदीय मामलों के मंत्री एचके पाटिल ने संवाददाताओं को बताया कि विशेष जांच दल दो महीने में जांच पूरी करके राज्य सरकार को रिपोर्ट सौंपेगा। पाटिल ने कहा कि इसके बाद जांच रिपोर्ट कैबिनेट की बैठक में पेश की जाएगी। मंत्री के अनुसार, जस्टिस नागमोहन दास की रिपोर्ट ने तीन लाख कार्यों में से 1,729 कार्यों का नमूना लिया और जांच की। मंत्री ने कहा, ‘रिपोर्ट दो खंडों में है। इसमें अनियमितताओं के आरोपों के बारे में कहा गया है।’ पाटिल ने कहा कि जारी की गई राशि स्वीकृत राशि से अधिक थी, अनापत्ति प्रमाण पत्र समय से पहले जारी किया गया था और निविदा प्रक्रिया में भी हस्तक्षेप किया गया था। मंत्री ने कहा, एसआईटी में क्षेत्र के विशेषज्ञ शामिल होंगे। एसआईटी को दो महीने में अपनी रिपोर्ट देनी होगी। यह जस्टिस नागमोहन दास की ओर से लिए गए केवल 1,729 नमूनों की नहीं, बल्कि पूरे मामले की जांच करेगी।

बंगाल के पूर्व मंत्री रज्जाक मोल्ला का निधन
पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री अब्दुर रज्जाक मोल्ला का शुक्रवार को निधन हो गया। वह 80 वर्ष के थे। उन्होंने दक्षिण 24 परगना जिले में भांगर क्षेत्र के बांकरी गांव में अपने पैतृक घर में अंतिम सांस ली। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, मोल्ला आयु संबंधी बीमारियों से पीड़ित थे। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने वरिष्ठ नेता के निधन पर शोक व्यक्त किया। सीएम ने कहा कि मोल्ला के निधन से राज्य की राजनीति में एक शून्य पैदा हो गया है। बनर्जी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, 'मैं अपने सहयोगी अब्दुर रज्जाक मोल्ला के निधन से दुखी और स्तब्ध हूं। वह राज्य मंत्रिमंडल में मेरे सहयोगी थे। मैं उनका सम्मान और आदर करती थी। बंगाल के ग्रामीण जीवन, कृषि अर्थव्यवस्था और भूमि सुधार में उनका ज्ञान और अनुभव सर्वविदित था। यही कारण है कि भले ही उन्होंने एक समय अलग विचारधारा की राजनीति की हो, लेकिन उनके लिए 'मा-माटी-मानुष' सरकार में शामिल होना आसान और स्वाभाविक था। उनके निधन ने बंगाल के राजनीतिक जीवन में एक अपूरणीय शून्य पैदा कर दिया है। मैं उनके परिवार, अनगिनत अनुयायियों और शुभचिंतकों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करती हूं।'
 

अमृत भारत योजना के तहत 104 रेलवे स्टेशनों का पुनर्निर्माण कार्य पूरा: रेल मंत्री
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को बताया कि अमृत भारत योजना के तहत देशभर में 1,300 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास कार्य में से 104 स्टेशनों का काम पूरा हो चुका है। योजना का उद्देश्य रेलवे नेटवर्क के स्टेशनों को आधुनिक बनाना और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2023 में योजना की आधारशिला रखी थी। मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में मीडिया को संबोधित करते हुए वैष्णव ने कहा कि इन 1,300 स्टेशनों में से कई पर पुनर्निर्माण कार्य अंतिम चरण में है, जिनमें से 132 स्टेशन महाराष्ट्र में स्थित हैं। उन्होंने बताया कि अन्य कई स्टेशनों पर भी कार्य में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। वैष्णव ने योजना के तहत चल रहे कार्यों की तस्वीरें दिखाईं, जिसमें मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) का पुनर्विकास भी शामिल है, जिसे विश्वस्तरीय रेल सुविधा के रूप में विकसित किया जा रहा है।
विज्ञापन

डीएमके के उप महासचिव पद से हटे वन मंत्री के पोनमुडी
डीएमके ने तमिलनाडु के वन मंत्री के पोनमुडी को पार्टी में उप महासचिव पद से हटा दिया है। साथ ही राज्यसभा सांसद और प्रचार सचिव त्रिची शिवा को उप महासचिव नियुक्त किया गया है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें