फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

News Updates: आंध्र प्रदेश में जंक्शन नामकरण विवाद पर हिंसा, CJI ने वायरल जातीय टिप्पणी को बताया फर्जी

Sun, 10 May 2026 11:16 PM IST
Pavan न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
द्रमुक के पूर्व मंत्री केआर पेरियाकरुप्पन ने मद्रास हाईकोर्ट में याचिका दायर कर टीवीके विधायक श्रीनिवास सेतुपति के चुनाव को चुनौती दी है। तिरुपत्तूर विधानसभा सीट पर सेतुपति सिर्फ एक वोट से जीते थे। उन्हें 83,365 वोट मिले, जबकि पेरियाकरुप्पन को 83,364 वोट प्राप्त हुए। याचिका में पुनर्मतगणना कराने और सेतुपति को विधायक पद की शपथ लेने से रोकने की मांग की गई है। मामले की सुनवाई जस्टिस एल विक्टोरिया गौरी और जस्टिस एन सेंथिलकुमार की अवकाशकालीन पीठ रविवार को विशेष बैठक में करेगी। चुनाव परिणाम के बाद क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
विज्ञापन


सीजेआई ने वायरल जातीय टिप्पणी को बताया फर्जी
भारत के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत ने सोशल मीडिया पर उनके नाम से वायरल जातीय टिप्पणी को पूरी तरह फर्जी और दुर्भावनापूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि इस तरह के मनगढ़ंत बयान न्यायपालिका की साख कमजोर करने और समाज में तनाव फैलाने की कोशिश हैं। जस्टिस सूर्यकांत ने कहा कि सर्वोच्च न्यायिक पद के नाम पर झूठे बयान फैलाना बेहद गैरजिम्मेदाराना और खतरनाक है। यह बयान सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट के बाद आया, जिसमें उनके नाम से कथित टिप्पणी साझा की गई थी। उन्होंने लोगों और मीडिया संस्थानों से ऐसे फर्जी संदेशों को आगे साझा नहीं करने की अपील की।

 शेख हसीना ने शुभेंदु अधिकारी को दी बधाई
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को भाजपा की बड़ी जीत के बाद पद संभालने पर बधाई दी है। हसीना ने कहा कि भारत और बांग्लादेश के रिश्तों में पश्चिम बंगाल की भूमिका हमेशा खास रही है और उन्हें उम्मीद है कि सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व में दोनों देशों के संबंध और मजबूत होंगे। हसीना ने अपने बयान में कहा कि बांग्लादेश हमेशा पश्चिम बंगाल में शांति और समृद्धि चाहता है। गौरतलब है कि शेख हसीना की अवामी लीग को पूर्व अंतरिम सरकार के दौरान प्रतिबंधित कर दिया गया था, जिसे मौजूदा सरकार ने भी संसद में समर्थन दिया। इस बीच जमात-ए-इस्लामी के प्रमुख शफीकुर रहमान ने कहा कि उनकी पार्टी पश्चिम बंगाल की स्थिति पर नजर बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय का उनकी पार्टी विरोध करती है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत एक धर्मनिरपेक्ष देश है और यहां सभी धर्मों के लोगों को समान अधिकार मिलना चाहिए।
विज्ञापन

 

ओडिशा में समुद्री तस्करी पर पुलिस का बड़ा एक्शन
ओडिशा पुलिस ने समुद्री तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गहरे समुद्री इलाके से करीब 3,500 लीटर डीजल जब्त किया है। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार भी किया गया है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई जगतसिंहपुर जिले के पारादीप मरीन पुलिस क्षेत्र में विशेष अभियान के दौरान की गई। पुलिस ने एक मोटरबोट को रोका, जिसमें अवैध तरीके से डीजल ले जाया जा रहा था। जब्त डीजल के साथ नाव और अन्य सामान भी कब्जे में लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुनपल्ली नीलय्या के रूप में हुई है, जो आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले का रहने वाला है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी जहाजों से अवैध लेनदेन में शामिल थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस नेटवर्क के जरिए डीजल के अलावा पहले से एक्टिव सिम कार्ड, शराब, मांस, सब्जियां, नशीले पदार्थ और नकदी की भी तस्करी की जा रही थी। पुलिस अब इस पूरे मामले की जांच संगठित अपराध और समुद्री सुरक्षा के नजरिए से कर रही है। फरार आरोपियों और इस रैकेट के मास्टरमाइंड की तलाश जारी है।
 

34 साल पुराना मर्डर केस सुलझा, DNA जांच से दो आरोपी गिरफ्तार
अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने 34 साल पुराने हत्या के मामले को डीएनए जांच की मदद से सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। मृत महिला की पहचान फरज़ाना राधनपुरी के रूप में हुई है, जो 1992 में लापता हो गई थीं। पुलिस को हाल ही में सूचना मिली थी कि वटवा इलाके के कुतुबनगर में जमीन के नीचे मानव अवशेष दबे हो सकते हैं। इसके बाद 29 अप्रैल को खुदाई की गई, जिसमें करीब 18 फीट नीचे से कंकाल बरामद हुआ। डीएनए जांच में यह पुष्टि हुई कि अवशेष फरजाना के ही हैं।

जांच में पता चला कि फरजाना की शादी शम्सुद्दीन खेड़ावाला से हुई थी और वैवाहिक विवाद के कारण उनकी हत्या की साजिश रची गई। पुलिस के अनुसार फरजाना की गला दबाकर हत्या की गई और शव को घर के पास दफना दिया गया। इस मामले में दो आरोपी पहले ही मर चुके हैं, जबकि शम्सुद्दीन और उसके भाई इकबाल को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि आधुनिक फोरेंसिक तकनीक की मदद से इतने पुराने केस को सुलझाना बड़ी सफलता है।
 

एक दशक बाद भारत-अफ्रीका शिखर सम्मेलन, रक्षा और ऊर्जा पर रहेगा फोकस
भारत इस महीने भारत-अफ्रीका फोरम शिखर सम्मेलन के चौथे संस्करण की मेजबानी करने जा रहा है। यह सम्मेलन 28 से 31 मई तक नई दिल्ली में होगा। करीब दस साल बाद आयोजित हो रहे इस सम्मेलन में भारत और अफ्रीकी देशों के बीच रणनीतिक, आर्थिक और विकास सहयोग पर चर्चा होगी। सरकारी सूत्रों के अनुसार सभी अफ्रीकी देशों को आमंत्रण भेजा गया है। सम्मेलन से पहले 29 मई को विदेश मंत्रियों की बैठक भी होगी। इस बार सम्मेलन की थीम 'नवाचार, लचीलापन और समावेशी परिवर्तन के लिए भारत-अफ्रीका रणनीतिक साझेदारी' रखी गई है।

भारत-अफ्रीका फोरम समिट की शुरुआत 2008 में हुई थी और यह भारत-अफ्रीका संबंधों का सबसे बड़ा मंच माना जाता है। इसमें रक्षा, ऊर्जा, व्यापार, शिक्षा, सांस्कृतिक संबंध और लोगों के बीच संपर्क जैसे मुद्दों पर चर्चा होती है। सरकार का मानना है कि अफ्रीका के साथ बढ़ता सहयोग भारत की वैश्विक रणनीति का अहम हिस्सा है। विशेषज्ञों के मुताबिक इस बार रक्षा सहयोग, ऊर्जा सुरक्षा और क्षमता निर्माण प्रमुख मुद्दे रह सकते हैं।

भारत दौरे पर पहुंचे चिली के विदेश मंत्री
फ्रांसिस्को पेरेज मैककेना सात दिन की आधिकारिक यात्रा पर भारत पहुंच गए हैं। विदेश मंत्रालय ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि यह दौरा भारत और चिली के संबंधों को नई मजबूती देगा। चिली के विदेश मंत्री 9 से 15 मई तक भारत में रहेंगे। इस दौरान वे नई दिल्ली में कई उच्च स्तरीय बैठकों और कारोबारी कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। विदेश मंत्रालय के मुताबिक उनका यह पहला आधिकारिक भारत दौरा है। 

मैकेंना भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई), एसोचैम और फोरम ऑफ इंडियन फूड इंपोर्टर्स द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इसके अलावा वे सीआईआई वार्षिक बिजनेस समिट 2026 में भी भाग लेंगे। भारत और चिली के बीच व्यापार, खनन, कृषि, खाद्य आयात और निवेश जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर जोर रहेगा। माना जा रहा है कि इस दौरे से दोनों देशों के आर्थिक और रणनीतिक रिश्तों को नई दिशा मिल सकती है।

अचल तटरक्षक बल में शामिल, सुरक्षा मजबूत
भारतीय तटरक्षक बल की समुद्री सुरक्षा क्षमता को और मजबूती देते हुए अत्याधुनिक फास्ट पेट्रोल वेसल (गश्ती पोत) ‘अचल’ को शनिवार को औपचारिक रूप से सेवा में शामिल कर लिया गया। गोवा शिपयार्ड लिमिटेड में आयोजित समारोह में रक्षा मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव और महानिदेशक (अधिग्रहण) ए अन्बारासु ने पोत को तटरक्षक बल को समर्पित किया। यह गोवा शिपयार्ड लिमिटेड द्वारा भारतीय तटरक्षक बल के लिए बनाए जा रहे आठ पोतों की शृंखला का पांचवां पोत है। तटरक्षक बल के अनुसार, इस पोत को गुजरात के वडिनार में तैनात किया जाएगा और यह उत्तर-पश्चिम क्षेत्र के प्रशासनिक और परिचालन नियंत्रण में काम करेगा। यह पोत समुद्री निगरानी, संदिग्ध गतिविधियों को रोकने, खोज एवं बचाव अभियान, तस्करी विरोधी कार्रवाई और समुद्री प्रदूषण नियंत्रण जैसे अभियानों में अहम भूमिका निभाएगा। इस पोत की कमान कमांडेंट (जूनियर ग्रेड) नवीन कुमार के हाथों में होगी। जहाज पर पांच अधिकारियों और 34 कर्मियों की टीम तैनात रहेगी, जिन्हें आधुनिक प्रणालियों के संचालन और विभिन्न समुद्री परिस्थितियों से निपटने का विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। ब्यूरो

50% से अधिक स्वदेशी उपकरण
गोवा शिपयार्ड लिमिटेड द्वारा डिजाइन और निर्मित यह 51 मीटर लंबा पोत स्वदेशी जहाज निर्माण क्षमता का नया उदाहरण माना जा रहा है। इसमें 50 प्रतिशत से अधिक स्वदेशी उपकरण और प्रणालियां लगाई गई हैं, जो आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया पहल को मजबूती देती हैं। पोत में स्वदेशी कंट्रोल योग्य पिच प्रोपेलर, उच्च क्षमता वाले गियरबॉक्स, एकीकृत ब्रिज सिस्टम, मशीनरी नियंत्रण प्रणाली और स्वचालित ऊर्जा प्रबंधन प्रणाली जैसी आधुनिक तकनीकें लगाई गई हैं।

मनरेगा खत्म कर गरीबों से छीना अधिकार- खरगे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मोदी सरकार पर महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम खत्म कर गरीबों से काम का अधिकार छीनने का आरोप लगाया। खरगे ने शनिवार को अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि मोदी सरकार ने मनरेगा को खत्म करने से पहले ही काम के अधिकार का गला घोंट दिया था, जिससे करोड़ों गरीब लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। खरगे ने एक ताजा रिपोर्ट को हवाला देते हुए कहा कि मनरेगा के तहत काम पाने वाले परिवारों की संख्या 2025-26 में 44 लाख कम हो गई और रोजगार पाने वाले मजदूरों की संख्या में 67 लाख की गिरावट आई। कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी दावा किया कि पूरे 100 दिनों का रोजगार पाने वाले परिवारों की संख्या में 40.5 फीसदी की कमी आई है और काम के दिनों की संख्या में 21.5 फीसदी की कमी हुई है। उन्होंने कहा कि वीबी-जी राम जी अभी लागू नहीं है।

भाजपा के खिलाफ संयुक्त मंच बनाएं सभी विपक्षी दल- ममता
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने भाजपा के खिलाफ सभी विपक्षी दलों से एकजुट होने की अपील की है। पूर्व मुख्यमंत्री ने शनिवार को कहा कि भाजपा का मुकाबला करने के लिए राज्य में संयुक्त मंच बनाया जाना चाहिए। रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती पर अपने कालीघाट स्थित आवास के बाहर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने वाम दलों, अति वामपंथी संगठनों, छात्र संगठनों और गैर सरकारी संगठनों (एनजीओ) से भाजपा विरोधी मोर्चे में शामिल होने की अपील की। ममता ने कहा, मैं सभी विपक्षी दलों, वामपंथियों और अति वामपंथी संगठनों से भाजपा के खिलाफ संयुक्त मंच बनाने की अपील करती हूं। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर के दलों से भी इसमें शामिल होने का आग्रह किया।

तृणमूल प्रमुख ने कहा, यदि कोई राजनीतिक दल इस मुद्दे पर उनसे बातचीत करना चाहता है तो वह संवाद के लिए तैयार हैं। यह सोचने का समय नहीं है कि दुश्मन का दुश्मन दोस्त होता है। हमारा पहला दुश्मन भाजपा है। ममता ने आरोप लगाया कि चुनाव परिणाम आने के बाद तृणमूल कार्यकर्ताओं और समर्थकों के खिलाफ अत्याचार किए जा रहे हैं।

कोलकाता पुलिस ने ममता बनर्जी को किया अनफॉलो
पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन होते ही प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव नजर आया। कोलकाता पुलिस के 'एक्स' हैंडल ने पश्चिम बंगाल के कई वरिष्ठ नेताओं को अनफॉलो कर दिया और नई सरकार के नेताओं को फॉलो किया। पश्चिम बंगाल चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को प्रचंड जीत मिली। इसी क्रम में सुवेंदु अधिकारी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के सीएम पद की शपथ ली। सत्ता परिवर्तन होते ही प्रशासनिक और राजनीतिक गतिविधियों में तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है। यह बदलाव सोशल मीडिया पर भी देखने को मिल रहा है।

इसी क्रम में कोलकाता पुलिस के एक्स अकाउंट ने पश्चिम बंगाल के वरिष्ठ नेताओं को अनफॉलो कर दिया है। जानकारी के अनुसार, कोलकाता पुलिस के आधिकारिक अकाउंट ने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी और पार्टी से जुड़े कुछ अन्य नेताओं को अनफॉलो कर दिया है। वहीं, कोलकाता पुलिस के एक्स हैंडल ने अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) और गृह मंत्रालय (एमएचए) के आधिकारिक हैंडल को फॉलो करना शुरू कर दिया है। साथ ही कोलकाता पुलिस ने पश्चिम बंगाल के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी को भी फॉलो किया। यह बदलाव राज्य में बदले सत्ता समीकरणों के बाद देखा जा रहा है।

भारत संग साझेदारी असीमित, नई ऊंचाइयों पर संबंध- यूरोपीय संघ
भारत और यूरोपीय संघ (ईयू) के बीच संबंध लगातार नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहे हैं। भारत में यूरोपीय संघ के राजदूत हर्वे डेल्फिन ने कहा कि ईयू-भारत साझेदारी असीमित, महत्वाकांक्षी और प्रगतिशील है। दोनों पक्षों ने अपने रिश्तों को गुणात्मक और रणनीतिक रूप से पूरी तरह नए स्तर पर पहुंचाया है।

यूरोप दिवस समारोह में डेल्फिन ने कहा, ईयू-भारत शिखर सम्मेलन ऐतिहासिक साबित हुआ। सम्मेलन में प्रतीकात्मकता, ठोस परिणाम और रणनीतिक महत्व का अनूठा संगम देखने को मिला, जिससे कई उपलब्धियां हासिल हुईं। दोनों पक्षों ने अगले पांच वर्षों के लिए संयुक्त रणनीतिक एजेंडा तैयार किया है। महत्वाकांक्षी मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर बातचीत पूरी करने, सुरक्षा व रक्षा साझेदारी समझौते पर हस्ताक्षर करने और गतिशीलता पर व्यापक ढांचे को अंतिम रूप देने जैसे बड़े कदम उठाए गए हैं। डेल्फिन ने कहा, भारत-ईयू वैश्विक स्थिरता, समृद्धि और सहयोग को बढ़ावा देने वाले विश्वसनीय साझेदार हैं। यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वान डेर लेयेन और यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनयो कोस्टा का भारत के गणतंत्र दिवस व शिखर सम्मेलन में मुख्य अतिथि होना संबंधों की गहराई का प्रतीक है।

पीएम मोदी का संदेश यूरोप की मूल भावना
डेल्फिन ने युद्ध को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी के संदेश, यह युद्ध का युग नहीं है, का उल्लेख करते हुए कहा कि यह विचार यूरोप की मूल भावना और मूल्यों से गहराई से मेल खाता है। उन्होंने यूरोपीय संघ को मूल रूप से शांति की परियोजना बताया। कार्यक्रम में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण समेत कई राजनयिक, शिक्षाविद और विदेश नीति विशेषज्ञ मौजूद थे।
 

हुगली में तृणमूल नेता की हत्या
पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में रविवार को तृणमूल कांग्रेस नेता सहदेव बाग का शव बरामद हुआ। वे गोघाट के नकुंडा इलाके के रहने वाले थे और उनकी पत्नी चीना बाग पंचायत सदस्य हैं। सहदेव शनिवार रात से लापता थे। रविवार सुबह उनका शव पार्टी कार्यालय के पीछे एक नाले में मिला।

पुलिस के अनुसार, शव पर चोट के निशान हैं और पास से एक लाठी भी मिली है। तृणमूल कांग्रेस और मृतक के परिवार ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर हत्या का आरोप लगाया है। पत्नी चीना बाग का कहना है कि चुनाव नतीजों के बाद से ही भाजपा नेता उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे थे। मृतक की बेटी ने भी भाजपा पर ही पिता की हत्या का आरोप लगाया है।

दूसरी ओर, भाजपा ने इन आरोपों को गलत बताया है। स्थानीय भाजपा नेता डोलन दास ने कहा कि उनकी पार्टी हिंसा की राजनीति में विश्वास नहीं करती। उन्होंने कहा कि पुलिस को मामले की जांच करने दें, दोषियों को सजा जरूर मिलेगी। फिलहाल पुलिस घटना की जांच कर रही है।
विज्ञापन

राष्ट्रपति ने रंगासामी को पुदुचेरी का मुख्यमंत्री नियुक्त किया
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एन रंगासामी को केंद्र शासित प्रदेश पुदुचेरी का मुख्यमंत्री नियुक्त किया है। गृह मंत्रालय की अधिसूचना के बाद उपराज्यपाल के कैलाशनाथन ने रंगासामी को सरकार बनाने का न्योता दिया। रंगासामी 13 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। हालिया विधानसभा चुनाव में एआईएनआरसी के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन ने 30 सदस्यीय विधानसभा में 18 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया है। एआईएनआरसी को 12 और भाजपा को चार सीटें मिली हैं। एआईएडीएमके और एलजेके ने एक-एक सीट जीती। रंगासामी पांचवीं बार पुदुचेरी के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं।

कडपा में जंक्शन नामकरण विवाद पर हिंसा, धारा 144 लागू
आंध्र प्रदेश के कडपा जिले में ट्रैफिक जंक्शन के नामकरण को लेकर विवाद हिंसक हो गया। अल्मासपेट ट्रैफिक सर्कल के पास दो पक्षों के बीच तनाव बढ़ने के बाद पत्थरबाजी और प्रदर्शन शुरू हो गया। घटना में कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया और कई लोगों को हिरासत में लिया। कुछ आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने इलाके में धारा 144 लागू कर दी है। विवाद जंक्शन का नाम टीपू सुल्तान या भगवान हनुमान के नाम पर रखने की मांग को लेकर शुरू हुआ था। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें