रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ आईपीएल 2026 के 54वें मैच में उतरते ही मुंबई इंडियंस के दिग्गज खिलाड़ी रोहित शर्मा ने बड़ा रिकॉर्ड बना दिया। रोहित आईपीएल इतिहास में सर्वाधिक मैच खेलने वाले संयुक्त रूप से 'नंबर-1' खिलाड़ी बन गए।
रोहित शर्मा
- फोटो : PTI
रोहित ने की कोहली और धोनी की बराबरी
रविवार को शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में जारी इस मुकाबले में जब रोहित उतरे, तो यह उनका 278वां आईपीएल मैच था। महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली भी इतने ही आईपीएल मैच खेल चुके हैं। इस लिस्ट में दूसरे पायदान पर मौजूद रवींद्र जडेजा ने अपने आईपीएल करियर में 265 मैच खेले हैं, जबकि दिनेश कार्तिक 257 मुकाबलों के साथ तीसरे पायदान पर हैं। आईपीएल में अब तक सिर्फ 12 ही खिलाड़ी 200 मैच खेले हैं।
रोहित शर्मा
- फोटो : PTI
रोहित का आईपीएल करियर
रोहित शर्मा ने 278 आईपीएल मुकाबलों में अब तक 7,289 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से दो शतक भी आए, जबकि कोहली ने इतने ही मुकाबलों में आठ शतकों के साथ 9,040 रन जुटाए हैं। महेंद्र सिंह धोनी ने 278 आईपीएल मुकाबलों में 5,439 रन बनाए हैं।
मुंबई बनाम आरसीबी
- फोटो : IANS
मुंबई ने 166 रन बनाए
आरसीबी के खिलाफ रोहित शर्मा ने 10 गेंदों में दो छक्कों और दो चौकों के साथ 22 रन बनाए। टॉस हारकर बल्लेबाजी के लिए उतरी मुंबई इंडियंस ने 20 ओवरों के खेल में सात विकेट खोकर 166 रन बनाए। इस टीम ने 28 के स्कोर तक अपने तीन विकेट खो दिए थे। यहां से नमन धीर ने तिलक वर्मा के साथ चौथे विकेट के लिए 57 गेंदों में 82 रन जुटाए। नमन 32 गेंदों में दो छक्कों और पांच चौकों के साथ 47 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद तिलक वर्मा ने छोटी-छोटी साझेदारियां करते हुए टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया।
तिलक वर्मा 42 गेंदों में 57 रन बनाकर आउट हुए। उनकी इस पारी में दो छक्के और तीन चौके शामिल रहे, जबकि राज बावा ने 16 रन और विल जैक्स ने 10 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। विपक्षी खेमे से भुवनेश्वर कुमार ने सर्वाधिक चार विकेट हासिल किए, जबकि जोश हेजलवुड, रासिख सलाम डार और रोमारियो शेफर्ड ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।