फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

News Updates: तेलंगाना में कल होंगे नगर निकाय चुनाव; बंगाल में 28 फरवरी को होगा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन

Tue, 10 Feb 2026 08:58 PM IST
पवन पांडेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
तेलंगाना में बुधवार, 11 फरवरी को 116 नगरपालिकाओं और 7 नगर निगमों के लिए मतदान होगा। इस चुनाव में 52 लाख से अधिक मतदाता करीब 13 हजार उम्मीदवारों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे। यह चुनाव सत्तारूढ़ कांग्रेस के साथ-साथ विपक्षी भाजपा और बीआरएस के लिए भी अहम माना जा रहा है। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, मतदान सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मतगणना 13 फरवरी को होगी।
विज्ञापन


चुनाव से जुड़े अहम आंकड़े:-
राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक:-
  • 116 नगरपालिकाओं के 2,569 वार्डों में 10,719 उम्मीदवार मैदान में हैं।
  • 7 नगर निगमों के 412 वार्डों में 2,225 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।
  • कुल 52.17 लाख मतदाता, जिनमें 25.50 लाख पुरुष और 26.67 लाख महिलाएं शामिल हैं, मतदान के पात्र हैं।
  • चुनाव ड्यूटी में 41,773 मतदान कर्मी तैनात किए जाएंगे।
  • मतदान के लिए 16,382 बैलेट बॉक्स का इस्तेमाल होगा।
बंगाल में 28 फरवरी को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन
चुनाव आयोग ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद मंगलवार को पश्चिम बंगाल के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम में संशोधन किया है। अब राज्य की अंतिम मतदाता सूची 28 फरवरी को प्रकाशित की जाएगी। इससे पहले इसे 14 फरवरी को जारी किया जाना था। चुनाव आयोग ने बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को पत्र लिखकर सूचित किया कि यह निर्णय 9 फरवरी को आए शीर्ष अदालत के निर्देश के अनुपालन में लिया गया है।
विज्ञापन


संशोधित समयसीमा के अनुसार, नोटिसों पर सुनवाई 14 फरवरी तक पूरी होगी। इसके बाद 21 फरवरी तक दस्तावेजों की जांच और मामलों का निपटारा किया जाएगा। मतदान केंद्रों का युक्तिकरण 25 फरवरी तक और स्वास्थ्य मानकों की जांच 27 फरवरी तक पूरी होगी। मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद राज्य में चुनावों की तैयारी तेज होने की उम्मीद है।

बैंक धोखाधड़ी मामले में अंडमान के पूर्व सांसद कुलदीप राय शर्मा की जमानत याचिका खारिज
कलकत्ता उच्च न्यायालय ने मंगलवार को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के पूर्व सांसद कुलदीप राय शर्मा और एक अन्य आरोपी संजय लाल की जमानत याचिका खारिज कर दी। ये दोनों 500 करोड़ रुपये के बैंक धोखाधड़ी मामले में आरोपी हैं। हालांकि, अदालत ने अंडमान और निकोबार राज्य सहकारी बैंक के पूर्व प्रबंध निदेशक के मुरुगन को स्वास्थ्य आधार पर जमानत दे दी। बता दें कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शर्मा और मुरुगन को पिछले साल सितंबर में गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया है कि 100 से अधिक फर्जी कंपनियों के नाम पर धोखाधड़ी से ऋण दिए गए थे। आरोप है कि लगभग 230 करोड़ रुपये सीधे तौर पर शर्मा और उनके करीबियों के फायदे के लिए हड़पे गए। मामला मई 2025 में दर्ज हुई एक एफआईआर के बाद सामने आया था।

रचिता भंडारी माल्टा में भारत की नई उच्चायुक्त नियुक्त
विदेश मंत्रालय ने रचिता भंडारी को माल्टा में भारत की अगली उच्चायुक्त नियुक्त किया है। वह 2005 बैच की भारतीय विदेश सेवा अधिकारी हैं और फिलहाल मंत्रालय में संयुक्त सचिव के पद पर कार्यरत हैं। जल्द ही वह अपना नया कार्यभार संभालेंगी। भारत और माल्टा के बीच संबंध काफी पुराने और मैत्रीपूर्ण रहे हैं। भारत ने 1964 में माल्टा की स्वतंत्रता को मान्यता दी थी। दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक सहयोग भी मजबूत है। माल्टा में महात्मा गांधी की प्रतिमा स्थापित है और वहां योग दिवस नियमित रूप से मनाया जाता है।

माल्टा में भारतीय समुदाय की संख्या करीब 18,000 है, जो हाल के वर्षों में तेजी से बढ़ी है। भारतीय नागरिक स्वास्थ्य, आईटी, निर्माण और होटल उद्योग जैसे क्षेत्रों में काम कर रहे हैं। भारतीय उच्चायोग माल्टा में फिल्म महोत्सव, सांस्कृतिक कार्यक्रम और भारतीय त्योहारों का आयोजन करता रहा है। रचिता भंडारी की नियुक्ति से भारत-माल्टा संबंधों को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

असम: डॉ. संजू बरुआ ने पार्टी से त्यागपत्र दिया
असम कांग्रेस में राजनीतिक हलचल बढ़ गई है। डॉ. संजू बरुआ, जो 2026 के लिए असम कांग्रेस अभियान समिति के उपाध्यक्ष, असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ प्रवक्ता और कार्यकारिणी सदस्य थे, ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है।

भारत-दक्षिण कोरिया विदेश नीति वार्ता का छठा दौर
विदेश मंत्रालय में सचिव (पूर्व) पी. कुमारन 12 से 13 फरवरी तक दक्षिण कोरिया की आधिकारिक यात्रा पर जा रहे हैं। इस दौरान वह भारत-दक्षिण कोरिया छठी विदेश नीति और सुरक्षा वार्ता (FPSD)की सह-अध्यक्षता करेंगे। कोरियाई पक्ष से इस वार्ता की अगुवाई पार्क यून‑जू, प्रथम उप विदेश मंत्री करेंगे। इस वार्ता में दोनों देश अपने विशेष रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर चर्चा करेंगे। इसमें व्यापार, निवेश, रक्षा, सुरक्षा, विज्ञान और तकनीक जैसे अहम विषय शामिल होंगे। दोनों देशों ने यह भी सहमति जताई है कि वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं को अधिक मजबूत और भरोसेमंद बनाया जाए।

भारत और दक्षिण कोरिया के बीच द्विपक्षीय व्यापार इस समय करीब 28 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच चुका है। दोनों देशों का लक्ष्य इसे 2030 तक 50 अरब डॉलर तक ले जाना है। इसके लिए ठोस कदम उठाने पर सहमति बनी है। इस वार्ता में हिंद-प्रशांत क्षेत्र और कोरियाई प्रायद्वीप की स्थिति जैसे क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचार किया जाएगा। साथ ही, जी-20 में भारत की प्राथमिकताओं पर भी चर्चा होगी।
 

मुख्यमंत्री खुद AIMIM से मदद मांगते हैं- अकबरुद्दीन ओवैसी
एआईएमआईएम के विधायक अकबरुद्दीन ओवैसी ने कहा है कि तमाम मुख्यमंत्री उनकी पार्टी से मदद मांगते हैं, न कि एआईएमआईएम किसी से सहयोग मांगती है। करीमनगर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने सवाल उठाया कि क्या तेलंगाना में जुबली हिल्स विधानसभा उपचुनाव कांग्रेस एआईएमआईएम के समर्थन के बिना जीत पाती। उन्होंने दावा किया कि एआईएमआईएम की राजनीतिक ताकत को सभी को मानना पड़ता है।

अकबरुद्दीन ओवैसी ने तेलंगाना सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जीएसटी के कारण राज्य को करीब 7,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने अल्पसंख्यक कल्याण से जुड़े अपने वादे पूरे नहीं किए, जैसे बजट बढ़ाना और सस्ती ऋण योजनाएं लागू करना। उन्होंने भाजपा पर भी हमला करते हुए कहा कि 2014 के बाद से हिंदू-मुस्लिम मुद्दों को जानबूझकर उछाला जा रहा है, जबकि असली मुद्दे रोजगार, किसानों की हालत और गरीबों को मकान देने जैसे हैं। ओवैसी ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमलों और उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों में मुसलमानों पर कथित अत्याचारों की भी निंदा की।

CBCI ने चर्च और समाज के लिए उत्कृष्ट सेवा करने वालों को सम्मानित किया
भारत का कैथोलिक बिशप सम्मेलन (सीबीसीआई) ने देशभर में चर्च, समाज और राष्ट्र के लिए उल्लेखनीय सेवा करने वाले 19 लोगों को राष्ट्रीय स्तर के पुरस्कारों से सम्मानित किया। यह सम्मान उन लोगों को दिया गया, जिन्होंने मानव गरिमा, शिक्षा, न्याय, नेतृत्व और समाज सेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। सीबीसीआई की ओर से जारी बयान में कहा गया कि ये पुरस्कार उन व्यक्तियों को दिए गए हैं जो ईसाई मूल्यों को अपनाकर समाज के लिए निस्वार्थ भाव से काम कर रहे हैं। सम्मान पाने वालों में अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े धर्मगुरु, शिक्षाविद, सामाजिक कार्यकर्ता और जनसेवक शामिल हैं।

पुरस्कार पाने वालों मेंकॉनराड के. संगमा को सुशासन और जननेतृत्व के लिए सम्मानित किया गया। वहीं, प्रोफेसर डेविड आर सियेमलीह को शिक्षा और बौद्धिक योगदान के लिए, फादर माइकल वेट्टिकट को पादरी सेवा के लिए और डॉ. ए. अरोकियासामी को शिक्षा व सामाजिक सेवा के लिए सम्मान मिला। सीबीसीआई ने कहा कि ऐसे सम्मान समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वालों को प्रोत्साहित करते हैं और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का काम करते हैं।

गुजरात- ई़डी ने जब्त की 10 लाख रुपये की क्रिप्टो और 13.5 लाख की नकदी
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अहमदाबाद के एक अवैध कॉल सेंटर पर छापे मारकर करीब 10 लाख रुपये की क्रिप्टो करंसी और 13.5 लाख रुपये नकद जब्त किए गए हैं। यह कॉल सेंटर अमेरिकी नागरिकों को ठगी का शिकार बना रहा था। एजेंसी ने 4 फरवरी को अहमदाबाद के छह ठिकानों पर छापे मारे थे।

जांच में सामने आया कि आरोपी खुद को अमेरिकी सरकारी एजेंसियों या निजी कंपनियों का अधिकारी बताकर लोगों को डराते थे। वे कर्ज, टैक्स बकाया या कानूनी कार्रवाई का झूठा डर दिखाकर पीड़ितों से गिफ्ट कार्ड खरीदने या डिजिटल पेमेंट करने को मजबूर करते थे। ठगी से जुटाई गई रकम अमेजन गिफ्ट कार्ड के जरिये ली जाती थी और बाद में उसे बिटकॉइन जैसी क्रिप्टो करंसी में बदला जाता था। मामले में मोहम्मद अंसारी, आकिब घांची, विकास निमार, डी रावल, प्रदीप राठौड़ समेत अन्य लोग शामिल बताए गए हैं। ईडी ने अकीब घांची से 12,000 डॉलर (करीब 10 लाख रुपये) की क्रिप्टो जब्त कर उसे जांच के लिए अपने वॉलेट में ट्रांसफर किया। 31 बैंक खाते और एक लॉकर भी फ्रीज किए गए हैं।

अरुणाचल प्रदेश के पश्चिम कामेंग में 3.1 तीव्रता का भूकंप आया
अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को तड़के 12:58 बजे अरुणाचल प्रदेश के पश्चिम कामेंग जिले में रिक्टर स्केल पर 3.1 तीव्रता का भूकंप आया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) ने ट्वीट किया कि भूकंप का केंद्र 10 किलोमीटर की गहराई पर 27.45° उत्तरी अक्षांश और 92.11° पूर्वी देशांतर पर दर्ज किया गया। इससे पहले, पिछले साल 28 जुलाई को भारतीय मानक समय (IST) के अनुसार, अरुणाचल प्रदेश के तिरप जिले में 3.5 तीव्रता का भूकंप आया था। एनसीएस के अनुसार, भूकंप का केंद्र 27.06° उत्तरी अक्षांश और 95.42° पूर्वी देशांतर पर 7 किलोमीटर की गहराई पर था।
 

उपमुख्यमंत्री सांघवी ने की गुजरात ATS की तारीफ
गुजरात के उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री हर्ष सांघवी ने कहा है कि गुजरात आतंकवाद विरोधी दस्ता (एटीएस) ने आतंकवाद के खिलाफ देश में सबसे बेहतरीन प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि गुजरात एटीएस ने न सिर्फ आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया, बल्कि ऑनलाइन माध्यमों से युवाओं को कट्टरपंथ की ओर ले जाने की कोशिशों को भी समय रहते रोका है। यह राज्य की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है।

सांघवी अहमदाबाद में पुलिस विभाग की करीब 202 करोड़ रुपये की परियोजनाओं के ई-शिलान्यास कार्यक्रम में बोल रहे थे। इनमें चरोड़ी में बनने वाला अत्याधुनिक एटीएस भवन, नए शहरी पुलिस थाने, पुलिस आवास और डॉग ट्रेनिंग सेंटर शामिल हैं। उन्होंने बताया कि गुजरात की 1600 किलोमीटर लंबी समुद्री सीमा की सुरक्षा आसान काम नहीं है। एटीएस और सुरक्षा बलों ने सीमा पर घुसपैठ की कोशिश कर रहे 75 से ज्यादा पाकिस्तानी नागरिकों को पकड़ा है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि एटीएस एक 'साइलेंट फोर्स' है, जो बिना रुके 24 घंटे, 365 दिन राज्य की सुरक्षा में लगी रहती है और सरकार इसे तकनीक व बजट दोनों स्तर पर और मजबूत करेगी।

सनाए ताकाइची को दलाई लामा ने दी बधाई
दलाई लामा ने सनाए ताकाइची को जापान की प्रधानमंत्री चुने जाने पर हार्दिक बधाई देते हुए पत्र लिखा है। 'यह देखकर खुशी होती है कि जापान के लोगों ने आपके काबिल नेतृत्व पर भरोसा जताया है। ऐसे समय में जब हमारी दुनिया कई जटिल चुनौतियों का सामना कर रही है, करुणा और दूसरों की भलाई के लिए सच्ची चिंता पर आधारित नेतृत्व बहुत जरूरी है। मुझे उम्मीद है कि आपका चुनाव कई लोगों के लिए प्रेरणा बनेगा और एक ज़्यादा मानवीय, सहयोगी और शांतिपूर्ण वैश्विक समुदाय बनाने में योगदान देगा। मैं आपको हर सफलता की कामना करता हूं, क्योंकि आप जापान के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए अपने पद की ज़िम्मेदारियों को निभा रही हैं और एक ज़्यादा दयालु और शांतिपूर्ण दुनिया बनाने की दिशा में काम कर रही हैं।'
 
विज्ञापन

तिरुपति लड्डू विवाद: जनसेना ने YSRCP पर लगाए गंभीर आरोप, देश से माफी की मांग
आंध्र प्रदेश में तिरुपति लड्डू को लेकर सियासी विवाद तेज हो गया है। जनसेना पार्टी के सांसद तंगेला उदय श्रीनिवास ने वाईएसआर कांग्रेस पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी को पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि वाईएसआरसीपी सरकार के कार्यकाल में तिरुमला के पवित्र लड्डुओं में बड़े पैमाने पर मिलावट की गई। सांसद ने कहा कि पार्टी के नेता और आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण इस मुद्दे को लगातार उठा रहे हैं।

तंगेला उदय श्रीनिवास ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में, जब राज्य में जगन मोहन रेड्डी की सरकार थी, तब तिरुपति लड्डुओं की शुद्धता से खिलवाड़ हुआ। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वाईएसआरसीपी को भगवान में आस्था नहीं है और पवित्र प्रसाद में मिलावट करना सबसे बड़ा पाप है।

इससे पहले उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने गहरी नाराजगी जताते हुए कहा कि एसआईटी (विशेष जांच दल) की रिपोर्ट में साफ तौर पर सामने आया है कि वाईएसआरसीपी शासन के दौरान तिरुमला श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर के लड्डू प्रसादम में इस्तेमाल किया गया घी असली नहीं था। उनका आरोप है कि लड्डू रसायनों और पाम ऑयल से बने तेल से तैयार किए गए, जिससे करोड़ों श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है। जनसेना पार्टी ने इस पूरे मामले पर वाईएसआरसीपी से देश से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें