मणिपुर के इंफाल पश्चिम जिले में प्रतिबंधित संगठन कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (पीडब्ल्यूजी) के एक उग्रवादी को गिरफ्तार किया गया। जबकि इंफाल पूर्व और काकचिंग जिलों में अलग-अलग तलाशी अभियानों में भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी जब्त किया गया। सुरक्षा बल के अधिकारी ने बताया कि उग्रवादी की पहचान यांगलेम सदानंद सिंह (26) के रूप में हुई है और उसके पास से जबरन वसूली के लिए इस्तेमाल किए गए कुल 19 मांग पत्र जब्त किए गए। इसके अलावा इंफाल पूर्वी जिले के मायोफुंग-सनसाबी हिल में तलाशी अभियान में एक .303 बाइपॉड माउंटेड राइफल, सात .303 कारतूस, दो भारी कैलिबर मोर्टार, 20 भारी कैलिबर मोर्टार गोले, दो आईईडी, चार्जर के साथ चार रेडियो सेट, तीन कारतूस के साथ एक पिस्तौल, 12 ग्रेनेड और एक बुलेटप्रूफ जैकेट जब्त किया गया।
इंफाल पूर्वी जिले के चिंगखेई चिंग फकनंग गांव की तलहटी में एक अन्य तलाशी अभियान में, मैगजीन के साथ एक इंसास लाइट मशीन गन, मैगजीन के साथ एक इंसास राइफल, मैगजीन के साथ दो सेल्फ-लोडिंग राइफल, एक स्नाइपर राइफल, मैगजीन के साथ एक .32 पिस्तौल, छह 5.56 मिमी इंसास कारतूस, 5.56 मिमी के इक्कीस खाली खोखे और 9 मिमी के चार खाली खोखे जब्त किए गए। काकचिंग जिले के नोंग्माइखोंग माखा लेइकाई पहाड़ी क्षेत्र से दो मैगजीन के साथ एक एसएमजी कार्बाइन, एक एके-47 राइफल, दो सिंगल बैरल बंदूकें, दो मैगजीन के साथ एक संशोधित 9 मिमी पिस्तौल, तीन आईईडी (लगभग 2 किलोग्राम वजन), आठ वायर डेटोनेटर और 125 ग्राम वजन वाले 10 पीईके विस्फोटक पैकेट जब्त किए गए।
लंदन जा रही फ्लाइट ऑपरेशनल कारणों से चेन्नई लौटी
लंदन जाने वाली एक अंतरराष्ट्रीय एयरलाइन रविवार को परिचालन संबंधी कारणों से चेन्नई लौट आई। हवाईअड्डे के अधिकारियों ने बताया कि लगभग 209 यात्रियों को लेकर जा रहा विमान उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद वापस लौट आया। उन्होंने बताया कि यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।
प. बंगाल के हुगली में फंदे से लटका मिला भाजपा नेता का शव
प. बंगाल के हुगली जिले के गोगट में शनिवार को एक स्थानीय भाजपा नेता का शव उनके आवास पर फंदे से लटका हुआ मिला। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान गोगट में भाजपा के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष शेख बाकिबुल्ला के रूप में हुई। उनका शव उनके घर की दूसरी मंजिल की बालकनी में मिला। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि जब शव को पोस्टमॉर्टम के लिए ले जाने के लिए पुलिस टीम उनके घर पहुंची तो स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। बाकिबुल्ला की पत्नी ने बताया, रात का खाना खाने के बाद, वह सोने चले गए थे। पुलिस का कहना है कि वे सभी पहलुओं की जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं, ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।
अरुणाचलः 210 किलो गांजे के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
अरुणाचल प्रदेश में पुलिस ने एक अभियान के तहत 210 किलो गांजे के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बताया कि 15 जून को पूर्वी कामेंग जिले के सेप्पा निवासी पासांग डोका को 5.01 किलो गांजा रखने के आरोप में गिरफ्तार किए जाने के बाद नशा विरोधी अभियान शुरू किया गया था। पूछताछ के दौरान डोका ने बताया कि वह पश्चिमी कामेंग जिले के कलाकटंग क्षेत्र के निवासी त्सेरिंग फुंत्सो से इस मादक पदार्थ को लाया था। इसके बाद, 18 जून को पुलिस ने रंगथांगजोरपम गांव के पास से फुंत्सो को धर दबोचा और उसके पास से गांजे से भरा एक बोरा जब्त किया। इसके बाद, रंगथांगजोरपम में ही तीसरे आरोपी येशी वांगडी के घर की तलाशी ली गई। इस दौरान गांजे से भरे नौ और बोरे बरामद हुए।पुलिस ने बताया कि अभियान में जब्त किए गए प्रतिबंधित पदार्थ की कुल मात्रा लगभग 210 किलो थी, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 60 लाख रुपये है। तीनों तस्करों के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
2018 में शुरू हुआ प्रतिष्ठित जेसीबी पुरस्कार बंद
प्रतिष्ठित जेसीबी पुरस्कार बिना किसी आधिकारिक घोषणा के चुपचाप बंद कर दिया गया है। आमतौर पर इस पुरस्कार लिए मार्च के प्रथम सप्ताह में प्रविष्टियां आमंत्रित की जाती थीं, लेकिन इस बार ऐसा नहीं किया गया। पुरस्कार से जुड़े एक व्यक्ति ने शनिवार को इसके बंद होने की सूचना दी, जिससे लेखकों और प्रकाशकों समेत साहित्य प्रेमियों में निराशा फैल गई है।
2018 में स्थापित इस साहित्य पुरस्कार का उद्देश्य भारतीय लेखकों को प्रोत्साहित करना और उनके कार्यों को मान्यता देना था। पिछले साल 23 नवंबर को अंग्रेजी लेखक उपमन्यु चटर्जी को पुरस्कार देने के बाद जेसीबी पुरस्कार फाउंडेशन ने चुप्पी साध रखी है। इसकी आखिरी सोशल मीडिया पोस्ट 27 नवंबर को इंस्टाग्राम पर अपलोड की गई थी, जिसमें चटर्जी को 25 लाख रुपये का पुरस्कार जीतने पर बधाई दी गई थी।
नगालैंड : करोड़ों की चोरियों में शामिल सरकारी कर्मचारी गिरफ्तार
कोहिमा म्युनिसिपल काउंसिल (केएमसी) कार्यालय समेत 11 चोरियों में शामिल एक सरकारी कर्मचारी केकिएटुओ को नगालैंड पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसकी गिरफ्तारी हाल ही में केएमसी कार्यालय में हुई करीब एक करोड़ रुपये की चोरी के बाद हुई। केकिएटुओ पुलिस इंजीनियरिंग प्रोजेक्ट के मुख्य अभियंता कार्यालय में कर्मचारी है। शुक्रवार को गिरफ्तारी के बाद प्रारंभिक जांच में उसने सभी अपराधों को कबूल कर लिया है।
कोहिमा पुलिस के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और जनसंपर्क अधिकारी के. सोरिसो ने शनिवार को मीडिया को बताया कि 3 जून को केएमसी कार्यालय में सेंधमारी के बाद गठित विशेष जांच दल ने दो सप्ताह की गहन जांच के बाद यह सफलता हासिल की। उन्होंने कहा कि उन्नत फोरेंसिक उपकरण, निगरानी, वित्तीय ट्रैकिंग और मानव खुफिया जानकारी ने मामले को सुलझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कोहिमा पुलिस ने आरोपी के टीखल कोहिमा गांव स्थित आवास से 38 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा चोरी के पैसे से खरीदी गई गाड़ियां और अपराध में इस्तेमाल 50 से अधिक सामान उसके घर और वाहन से जब्त किए गए। मामले की जांच जारी है।
केरल में भारत माता की तस्वीर पर विवाद को लेकर प्रदर्शन
केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर के हाल में राजभवन में एक आधिकारिक कार्यक्रम के दौरान भारत माता की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित करने को लेकर शनिवार को तीखी बयानबाजी हुई और सड़कों पर प्रदर्शन भी किया गया। दूसरी तरफ, राजभवन की ओर से जारी ताजा तस्वीरों के अनुसार, राज्यपाल ने शनिवार को योग दिवस समारोह के दौरान भारत माता की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की।
राज्य में सत्तारूढ़ माकपा के आधिकारिक मुखपत्र में राजभवन के खिलाफ एक कड़ा संपादकीय प्रकाशित किया गया। इसमें कहा गया कि राजभवन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की कोई शाखा नहीं है। वामपंथी पार्टी के ट्रेड यूनियन संगठन सीटू (सीआईटीयू) ने राजभवन की ओर विरोध मार्च निकाला और राज्यपाल पर आरोप लगाया कि वे राजभवन को आरएसएस का केंद्र बनाने तथा देश के संविधान का उल्लंघन करने की कोशिश कर रहे हैं।
कोझिकोड में भाजपा की युवा शाखा भारतीय जनता युवा मोर्चा ने सामान्य शिक्षा मंत्री वी. शिवनकुट्टी के खिलाफ काले झंडे लहराए। मंत्री ने राजभवन में भारत माता की तस्वीर लगाए जाने के विरोध में हाल ही में एक कार्यक्रम का बहिष्कार किया था। इस बीच, केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. सुरेंद्रन ने राजभवन के कार्यक्रमों में भारत माता की तस्वीर लगाए जाने को पूरी तरह उचित ठहराया है।
ठगी के आरोप में जिम्बाब्वे के तीन नागरिक गिरफ्तार
कोलकाता पुलिस ने पंजाब के मोहाली से जिम्बाब्वे के तीन नागरिकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर कोलकाता के निवासियों से करोड़ों रुपये ठगने का आरोप है। कोलकाता के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने कथित तौर पर पीड़ितों को विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) और एबॉट फार्मास्युटिकल्स से जुड़े निवेश पर उच्च रिटर्न का वादा करके लालच दिया। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने इस उद्देश्य के लिए फर्जी लेटरहेड, मेल पते और व्हाट्सएप ग्रुप बनाए। आरोपियों की पहचान तिनशे गादजीक्वा प्रीसे (22), मालवर्न माटुमगामिरे (25) और नामहुंगा लेनन कुडाकोशे (23) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि आरोपियों के कब्जे से छह मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और कई दस्तावेज जब्त किए गए हैं। तीनों को ट्रांजिट रिमांड के लिए मोहाली की एक अदालत में पेश किया गया।
कांग्रेस ने गुजरात में जिला और शहर अध्यक्षों की नियुक्ति की
कांग्रेस ने शनिवार रात गुजरात में जिला और शहर कांग्रेस कमेटियों (DCC) के नए अध्यक्षों की नियुक्ति की। यह फैसला पार्टी के संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए किया गया है। यह नियुक्तियां कांग्रेस के 'संगठन सृजन अभियान' का हिस्सा हैं, जिसकी शुरुआत अप्रैल में की गई थी। इस अभियान का उद्देश्य पार्टी की संरचना को बूथ से लेकर जिले तक दोबारा खड़ा करना है। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया कि यह पूरा अभियान पारदर्शिता, सभी को साथ लेकर चलने और विचारधारा को ध्यान में रखकर नेतृत्व चुनने पर आधारित था।
वसूली मामले में बीआरएस विधायक पी कौशिक रेड्डी गिरफ्तार
तेलंगाना में जबरन वसूली के मामले में वारंगल पुलिस ने बीआरएस विधायक पी कौशिक रेड्डी को गिरफ्तार कर लिया। हुजूराबाद के विधायक को शनिवार को आरजीआई हवाईअड्डे से गिरफ्तार किया गया और वारंगल ले जाया गया। रेड्डी पर एक खदान के मालिक को धमकाकर उनसे 25 लाख रुपये वसूलने के आरोप हैं। शिकायकर्ता का आरोप है कि इसके बावजूद भी वह 50 लाख रुपये और वसूलना चाहते थे। इसलिए उन्होंने पुलिस में केस दर्ज करा दिया। उधर, बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामाराव ने रेड्डी पर लगे आरोप को झूठा बताया और उन्हें तत्काल रिहा करने की मांग की। देर शाम रेड्डी को जमानत मिल गई।
कोलकाता में डेंगू से किशोरी की मौत
पश्चिम बंगाल के एक निजी अस्पताल भर्ती 13 वर्षीय लड़की की डेंगू के कारण शनिवार को मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि लड़की की पहचान सरनी बंदोपाध्याय के रूप में हुई है, जो दमदम के मोनजेंद्र दत्ता रोड की निवासी थी। सातवीं कक्षा की छात्रा को 19 जून को शहर के दक्षिणी हिस्से के तोपसिया इलाके में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। नगरपालिका सूत्रों ने बताया कि फिलहाल दमदम में डेंगू के दो मामले सामने आए हैं।
कल जारी होगा राष्ट्रपति मुर्मू के 51 भाषणों का संकलन 'आशाओं की उड़ान-2'
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सोमवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दूसरे साल के दौरान दिए गए 51 महत्वपूर्ण भाषणों का संकलन विंग्स टू आवर होप्स वॉल्यूम 2 और इसका हिंदी संस्करण आशाओं की उड़ान खंड 2 जारी करेंगे। यह कार्यक्रम राष्ट्रपति भवन परिसर में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव और राज्य मंत्री एल मुरुगन भी शामिल होंगे।
बता दें कि यह संकलन अगस्त 2023 से जुलाई 2024 के बीच राष्ट्रपति मुर्मू द्वारा देश के विभिन्न मंचों पर दिए गए भाषणों को संकलित करता है। इन भाषणों के माध्यम से उनके विचार, दृष्टिकोण और राष्ट्रीय प्राथमिकताएं सामने आती हैं।
राष्ट्रपति भवन द्वारा तैयार किया गया है पुस्तक का प्रकाशन
इस पुस्तक का प्रकाशन राष्ट्रपति भवन द्वारा तैयार किया गया है और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के प्रकाशन प्रभाग द्वारा प्रकाशित किया गया है। मामले में सूचना और प्रसारण मंत्रालय के मुताबिक, यह संकलन न सिर्फ शासन और समावेशिता पर आधारित विचारों को दर्शाता है, बल्कि राष्ट्र की आकांक्षाओं को भी उजागर करता है।
डिजिटल संस्करण भी किया जाएगा जारी
इस पुस्तक का ई-वर्जन (डिजिटल संस्करण) भी जारी किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इसे पढ़ सकें। गौरतलब है कि यह दूसरा खंड राष्ट्रपति मुर्मू के विचारों को जनता तक पहुंचाने और नई पीढ़ी को प्रेरणा देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है।
अगले छह महीनें में अपलोड होगा वक्फ संपत्तियों का पूरा विवरण
अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय ने रविवार को कहा कि भारत में सभी पंजीकृत वक्फ संपत्तियों का विवरण छह महीने के भीतर अनिवार्य रूप से 'उम्मीद' पोर्टल पर अपलोड करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए सरकार राज्यों के साथ मिलकर काम कर रही है।
मंत्रालय ने कहा कि अल्पसंख्यक मामलों के सचिव चंद्र शेखर कुमार ने 21 जून को राज्य सचिव, वरिष्ठ अधिकारियों और महाराष्ट्र राज्य वक्फ बोर्ड के सीईओ के साथ व्यापक समीक्षा बैठक करने के लिए मुंबई का दौरा किया। वक्फ बोर्ड के सीईओ ने केंद्र से वक्फ संपत्तियों से संबंधित कुछ पट्टे प्रावधानों पर फिर से विचार करने और उन्हें आसान बनाने का अनुरोध किया।
इस पर कुमार ने आश्वासन दिया कि केंद्र इसके लिए प्रतिबद्धता है। उम्मीद पोर्टल के कार्यान्वयन की समीक्षा के अलावा, सचिव ने महाराष्ट्र में प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम (पीएमजेवीके) के तहत परियोजनाओं की स्थिति का भी आकलन किया। उन्होंने राज्य के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए एक सप्ताह के भीतर सभी लंबित प्रस्ताव मंत्रालय को प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
गुवाहाटी में 10 साल से अवैध तरीके से रह रहे चार अफगान नागरिक गिरफ्तार
असम के गुवाहाटी से अफगानिस्तान के चार नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। ये सभी पिछले 10 साल से यहां अवैध रूप से रह रहे थे। आरोपियों के पास से केंद्र और राज्य सरकार की ओर जारी होने वाले दस्तावेज सहित कई आपत्तिजनक कागजात मिले हैं।
एक अधिकारी ने बताया कि खुफिया सूचना पर पुलिस ने रविवार को हाटीगांव इलाके में स्थित एक घर में छापा मारा और चारों को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि ये आरोपी ऊंची ब्याज दरों पर पैसे उधार देने के अवैध धंधे में शामिल थे और पैसे वापस पाने के लिए दबाव बनाते थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
टीएमसी सांसद सौगत रॉय अस्पताल में भर्ती
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के वरिष्ठ नेता और सांसद सौगत रॉय को बेचैनी की शिकायत के बाद रविवार को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। 77 वर्षीय रॉय को दोपहर में अपने लेक गार्डन निवास पर तकलीफ होने के बाद दक्षिण कोलकाता के अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल के प्रवक्ता ने कहा, कल से उन्हें कई बार दस्त हुए हैं। सीटी ब्रेन में कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं दिखा। बाकी जांच चल रही हैं। उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। रॉ के परिवार ने कहा कि दमदम के सांसद को मार्च में भी विभिन्न परेशानियों के कारण दो बार अस्पताल में भर्ती कराया गया था।