नादिया फास्ट ट्रैक कोर्ट ने नाबालिग बांग्लादेशी लड़की की तस्करी के आरोप में तीन को उम्रकैद की सजा सुनाई
पश्चिम बंगाल के नादिया जिले की एक फास्ट ट्रैक अदालत ने शनिवार को एक नाबालिग बांग्लादेशी लड़की के अपहरण और तस्करी के मामले में एक महिला सहित तीन लोगों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। अधिकारियों ने इस बारे में जानकारी दी।
राणाघाट पुलिस जिले के एसपी सनी कुमार राज ने कहा कि धनतला पुलिस स्टेशन में दर्ज मामले के अनुसार, तीनों 2021 में बांग्लादेश से भारत में लड़की की तस्करी में शामिल थे। उन्होंने कहा कि आरोपी - दो दलाल और एक स्थानीय हैंडलर ने भारत में नौकरी देने के बहाने बांग्लादेश से लड़की को फुसलाया था। बाद में उन्होंने उसे यौन शोषण के लिए बेंगलुरु, हैदराबाद और दिल्ली में बेच दिया। तीनों को बीएनएस की अपहरण और अनैतिक तस्करी की धाराओं के तहत दोषी ठहराया गया था।
सबसे लंबे और चुनौतीपूर्ण अभियान के लिए आईएनएसवी तारिणी न्यूजीलैंड से रवाना
नौसेना का पोत (आईएनएसवी) 'तारिणी' दो महिला अधिकारियों को लेकर शनिवार को अपने सबसे लंबे और चुनौतीपूर्ण अभियान के लिए न्यूजीलैंड के लिटलटन बंदरगाह से रवाना हुआ।
नौसेना के प्रवक्ता ने बताया कि आईएनएसवी तारिणी 22 दिसंबर को दो भारतीय महिला नौसेना अधिकारी लेफ्टिनेंट कमांडर दिलना के और लेफ्टिनेंट कमांडर रूपा ए को लेकर लिटलटन पहुंचा था। उन्होंने बताया कि माओरी समुदाय के कुछ सदस्यों ने अपने पारंपरिक अंदाज में चालक दल का स्वागत किया। नाविका सागर परिक्रमा II का चालक दल शनिवार सुबह लिटलटन बंदरगाह से अपने अभियान के तीसरे चरण (पोर्ट स्टेनली (फॉकलैंड द्वीप) के लिए रवाना हुआ।
अधिकारी ने बताया कि यह अभियान का सबसे लंबा चरण है, जिसकी दूरी लगभग 5,600 समुद्री मील (लगभग 10,400 किमी) है। लिटलटन में ठहरने के दौरान, चालक दल ने पोत की मरम्मत और रखरखाव का काम किया। अगले चरण में यह दक्षिण प्रशांत को पार करेगा। इस दौरान खतरनाक ड्रेक पैसेज से गुजरेगा और फिर केप हॉर्न को पार करके पोर्ट स्टेनली पहुंचेगा। प्रवक्ता ने कहा, दक्षिणी महासागर में टीम तारिणी को 50-60 नॉट्स (90-110 किमी प्रति घंटे) की गति वाली चुनौतीपूर्ण समुद्री हवाओं का सामना करना पड़ सकता है।
तमिलनाडु के मंत्री दुरईमुरुगन व सांसद बेटे ठिकानों ईडी के छापे
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने द्रमुक महासचिव व तमिलनाडु के जल संसाधन मंत्री दुरईमुरुगन और द्रमुक सांसद बेटे कथिर आनंद के वेल्लोर जिले में स्थित परिसरों पर 11 घंटे तक छापे की कार्रवाई की। शुक्रवार दोपहर शुरू तलाशी अभियान देर रात 1:35 बजे खत्म हुआ।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि यह कार्रवाई नोटबंदी के दौरान भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के दिशानिर्देशों के उल्लंघन और 500 व 1,000 रुपये के नोटों को 200 रुपये के नोट से बदलने में बैंक अधिकारियों के साथ मिलकर धोखाधड़ी से संबंधित मामले में की गई है। इस मामले में दुरईमुरुगन, बेटे कथिर समेत अन्य लोगों की संलिप्तता का आरोप है। एजेंसी
कोल इंडिया के खिलाफ गड़बड़ी की शिकायत खारिज
भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) ने दिसंबर 2022 में शुरू की गई ई-नीलामी योजना के संबंध में कोल इंडिया के खिलाफ प्रभुत्व के दुरुपयोग के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी ने मानदंडों का उल्लंघन नहीं किया है। कोल इंडिया लि. (सीआईएल) दुनिया की सबसे बड़ी कोयला उत्पादक कंपनी है। यह कोयला मंत्रालय के अंतर्गत एक महारत्न कंपनी है।
सीसीआई ने 30 दिसंबर को अपने आदेश में कहा, परिस्थितियों के मद्देनजर आयोग का मानना है कि नियमों के प्रावधानों के उल्लंघन का कोई प्रथमदृष्टया मामला नहीं है। बता दें कि दायर मामले में दावा किया गया था कि कोल इंडिया की 2022 ई-नीलामी योजना ने उसकी पिछली स्पॉट ई-नीलामी योजना 2007 की खरीदारी की शर्तों को बदल दिया गया है।
विस्तृत जांच के बाद, सीसीआई ने पाया कि कोल इंडिया भारत में गैर-कोकिंग कोयले के उत्पादन और बिक्री में महत्वपूर्ण बाजार शक्ति रखती है। उसने कहा कि ई-निलामी प्रतिस्पर्धा में कोई गड़बड़ी नहीं की गई है।
झारखंड : नक्सली हमले की जांच के लिए एनआईए का 8 जगह छापे
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने शनिवार को झारखंड के बोकारो जिले में 8 स्थानों पर छापेमारी की। टीम ने ओवरग्राउंड वर्कर्स (ओजीडब्ल्यू) के परिसरों की तलाशी ली और लैपटॉप, मोबाइल फोन और मेमोरी कार्ड जैसे डिजिटल उपकरणों के साथ-साथ सिम कार्ड, पॉकेट डायरी और आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए। एनआईए की यह कार्रवाई फरवरी 2024 में सुरक्षा बलों पर नक्सलियों की ओर से किए गए हमले की जांच से संबंधित है।
ब्रिटेन से वीडियो कॉल पर दिया तीन तलाक, पति व सास-ससुर पर केस
महाराष्ट्र की एक महिला ने यूनाइटेड किंगडम (यूके) में रहने वाले पति पर वीडियो कॉल पर तीन तलाक देने और सास-ससुर पर दहेज की मांग को लेकर उत्पीड़न का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर सागर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक,पीड़िता ने आरोप लगाया है कि 2022 में उसका निकाह आकिब भाटीवाला के साथ हुआ था। शुरुआत में सब ठीक लग रहा था, लेकिन वडाला में ससुराल जाने के बाद उनका उत्पीड़न शुरू हो गया।
हालात तब बदतर हो गए जब वह अपने पति और ससुराल वालों के साथ यूके गई। यहां भी ससुराल वाले का उनसे बुरा बर्ताव जारी रहा। घरेलू झगड़े के बाद पति ने महिला के सारे गहने जब्त कर उसे वापस भारत भेज दिया और उससे सारे संपर्क तोड़ लिए। इसके बाद एक वीडियो कॉल के दौरान ही यूके से पति ने उसे तलाक दे दिया। इसके बाद पीड़िता वापस यूके गई,लेकिन उसे पति ने घर में नहीं आने दिया।
नांदेड़ बम विस्फोट मामले में सभी नौ जीवित आरोपी बरी
महाराष्ट्र के नांदेड़ में सेशन कोर्ट ने 2006 के विस्फोट मामले में सभी नौ जीवित आरोपियों को बरी कर दिया। इस मामले में कुल 12 आरोपियों में से दो की विस्फोट में मौत हो गई थी, जबकि एक की मौत मुकदमे के दौरान हुई थी। शनिवार को जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश सीवी मराठे ने सुनवाई के दौरान कहा, यह साबित नहीं हो पाया कि यह घटना एक बम विस्फोट थी, इसलिए शेष आरोपियों को बरी किया जाता है।
पीएम मोदी ने ममता बनर्जी को दी जन्मदिन की बधाई
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष एवं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को उनके जन्मदिन पर बधाई दी और उनके लंबे व स्वस्थ जीवन की कामना की। पीएम मोदी ने ‘एक्स’ पर साझा एक पोस्ट में कहा, 'पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता दीदी को जन्मदिन की बधाई। उनके लंबे और स्वस्थ जीवन के लिए प्रार्थना करता हूं।’ ममता बनर्जी साल 2011 से पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री हैं, उनकी गिनती देश में विपक्ष के प्रमुख नेताओं में होती है।
प्रधानमंत्री मोदी ने मुरली मनोहर जोशी को उनके 91वें जन्मदिन पर बधाई दी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को भाजपा के पूर्व अध्यक्ष मुरली मनोहर जोशी को उनके 91वें जन्मदिन पर बधाई दी। पीएम मोदी ने कहा कि मुरली मनोहर जोशी करोड़ों भाजपा सदस्यों के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं और उनका ज्ञान, विशाल अनुभव और राष्ट्रवादी विचारधारा देश के लिए बहुत मूल्यवान है। अटल बिहारी वाजपेयी और लाल कृष्ण आडवाणी के साथ मुरली मनोहर जोशी ने तिकड़ी बनाई जिसने पार्टी के उदय के शुरुआती दशकों, खासकर 90 के दशक में पार्टी के मामलों को चलाने में अहम भूमिका निभाई। वे 1998-2004 के बीच वाजपेयी के नेतृत्व वाली सरकार में मंत्री थे।
सातवीं मंजिल से गिरकर मेडिकल छात्रा की मौत
कोच्चि पुलिस ने रविवार को बताया कि एक निजी मेडिकल कॉलेज के छात्रावास की इमारत की सातवीं मंजिल से गिरने से एक मेडिकल छात्रा की मौत हो गई। छात्रा की पहचान फातिमा शाहना के. के रूप में हुई है। शाहना कोच्चि के चलक्का में स्थित श्री नारायण इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज की एमबीबीएस द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। घटना शनिवार रात 11 बजे घटी। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि छात्रा सातवीं मंजिल पर छात्रावास के गलियारे में घूमते हुए फिसल कर नीचे गिर गई। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई है और जांच शुरू कर दी है।
केरल में कार दुर्घटना में दो सबरीमाला श्रद्धालुओं की मौत, तीन गंभीर रूप से घायल
केरल के कोल्लम जिले में हुए एक कार हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है। कोल्लम के चदयामंगलम के पास सबरीमाला श्रद्धालुओं को ले जा रही एक कार और पर्यटकों से भरी एक बस के बीच टक्कर हो गई, जिसमें दो सबरीमाला श्रद्धालुओं की मौत हो गई। हादसे में दो बच्चों समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
मृतकों की पहचान तमिलनाडु के तिरुनेलवेली के राधापुरम निवासी सरवनन (30) और तमिलनाडु के मार्थंडम निवासी शानमुखन अचारी (70) के रूप में हुई है। मृतक कार में यात्रा कर रहे थे। दुर्घटना शनिवार रात करीब 11:30 बजे हुई। हादसे में घायल लोगों का तिरुवनंतपुरम मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। उनकी पहचान वेदेश्वर (14), कनिश्वर (10) और वाहन चालक स्वामीनाथन के रूप में हुई है, जो तिरुनेलवेली के राधापुरम का निवासी है। कार सवार सबरीमाला मंदिर से दर्शन के बाद लौट रहे थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 जनवरी को ओडिशा पहुंचेंगे
ओडिशा में आयोजित 18वें प्रवासी भारतीय दिवस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 जनवरी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 9 जनवरी को ओडिशा पहुंचेंगी। 8-10 जनवरी से ओडिशा में पहली बार सम्मेलन का आयोजन हो रहा है।
आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, पहले दिन यानी 8 जनवरी को युवा प्रवासी भारतीय दिवस का आयोजन होगा। 8 जनवरी को पीएम मोदी विशाखापट्टनम से रात आठ बजे भारतीय वायुसेना के विमान से भुवनेश्वर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वह राजभवन में रात्रि विश्राम करेंगे। वह 9 जनवरी को सुबह 10 बजे जनता मैदान पहुंचेंगे और प्रवासी भारतीय दिवस का उद्घाटन करेंगे। पीएम वह सुबह 11.55 बजे शहर से रवाना हो जाएंगे।
राष्ट्रपति मुर्मू 9 जनवरी की शाम करीब 4:35 बजे पहुंचेंगी। राष्ट्रपति शुक्रवार को सुबह 11:40 बजे कार्यक्रम में पहुंचेंगी। वहीं पर वह त्रिनिदाद और टोबैगो की राष्ट्रपति क्रिस्टीन कार्ला कंगालू से मुलाकात करेंगी। राष्ट्रपति प्रवासी भारतीय सम्मान भी प्रदान करेंगी और उसके बाद शाम 5:25 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगीं।
मुख्यमंत्री स्टालिन का बड़ा एलान
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने रविवार को यहां कहा कि सिंधु घाटी लिपि एक अनसुलझी पहेली बनी हुई है और उन्होंने इसे पढ़ने वाले को 10 लाख डॉलर का पुरस्कार देने का एलान किया है। सिंधु सभ्यता की खोज के 100 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, ‘हम अब भी सिंधु घाटी सभ्यता की लिपि को स्पष्ट रूप से समझने में असमर्थ हैं।’
उन्होंने कहा कि इसे समझने का विद्वान आज भी प्रयास कर रहे हैं। ऐसे प्रयासों को प्रोत्साहित करने के मद्देनजर इस लिपि की पहेली को सुलझाने वाले व्यक्तियों या संगठनों को 10 लाख डॉलर का पुरस्कार दिया जाएगा। सिंधु सभ्यता, जो सबसे पुरानी सभ्यताओं में से एक है, अपनी शहरी संस्कृति के लिए प्रसिद्ध है और इसकी लिपि को अब तक पढ़ा नहीं जा सका है।
तीव्र गश्ती जहाज 'अमूल्य' और 'अक्षय' किए गए लॉन्च
भारतीय तटरक्षक बल के तीव्र गश्ती जहाजों अमूल्य और अक्षय को आज गोवा शिपयार्ड लिमिटेड में रक्षा उत्पादन सचिव संजीव कुमार की पत्नी वंदना अग्रवाल की तरफ से लॉन्च किया गया।
प्रसिद्ध लेखक ना. डिसूजा का 87 वर्ष की उम्र में निधन
मलनाड क्षेत्र के लोगों की आवाज रहे प्रसिद्ध उपन्यासकार ना. डिसूजा का रविवार को मंगलुरु में निधन हो गया। शिवमोगा जिले के सागर निवासी डिसूजा को इलाज के लिए मंगलुरु के फादर मुलर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वे पिछले कुछ दिनों से उम्र से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे। सागर में रह रहे उनके पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, लेखक का निधन रात करीब 8 बजे हुआ।