राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने सोमवार को मुंबई और पुणे के पांच अलग-अलग इलाकों में प्रतिबंधित आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट से जुड़े मामलों में छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने आतंकी संगठन से जुड़े चार लोगों को गिरफ्तार भी किया है। एनआईए ने मध्य मुंबई के नागपाड़ा के एक संदिग्ध के खिलाफ आतंकी संगठन आईएसआईएस से जुड़े होने का मामला दर्ज किया है। अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए चार लोगों से पूछताछ जारी है।
सलाया बंदरगाह पर जब्त 500 किलोग्राम हेरोइन मामले में चार्जशीट
गुजरात के सलाया बंदरगाह पर पाकिस्तान से तस्करी कर लाई जा रही 500 किलोग्राम हेरोइन की जब्ती से संबंधित मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने सोमवार को अपना छठा पूरक आरोपपत्र दायर किया। एनआईए के मुताबिक, चार्जशीट में चारों आरोपियों को अहमदाबाद में एनआईए विशेष अदालत में भारतीय दंड संहिता, नारकोटिक्स-ड्रग और साइकोट्रोपिक पदार्थ अधिनियम और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम के तहत आरोपी बनाया गया है। मामले में अब तक कुल 24 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। नौ अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
18.59 करोड़ के मादक पदार्थ जब्त
मुंबई हवाई अड्डे के सीमा शुल्क विभाग ने दो जुलाई को एक भारतीय नागरिक से 1.85 किलोग्राम से अधिक कोकीन जब्त की। इसकी कीमत करीब 18.59 करोड़ रुपये आंकी गई। मुंबई सीमा शुल्क विभाग ने बताया कि प्रतिबंधित पदार्थ को बैकपैक और साथ लाए गए जूतों की परत के अंदर छुपाया गया था। यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया और आगे की जांच जारी है।
तेलंगाना: 14.2 करोड़ रुपये की हेरोइन जब्त
इस बीच नैरोबी की एक 43 वर्षीय महिला यात्री को हैदराबाद हवाई अड्डे पर रोका गया। जांच के दौरान उसके पास से 14.2 करोड़ रुपये की हेरोइन जब्त की गई। सीमा शुल्क विभाग ने इसकी जानकारी दी है।
बांकुड़ा में आकाशीय बिजली गिरने से दो महिलाओं की मौत
पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले में सोमवार को आकाशीय बिजली गिरने से दो महिलाओं की मौत हो गई। इस दौरान तीन अन्य लोग घायल भी हुए हैं। पुलिस ने बताया कि यह घटना गंगाजलघाटी थाना क्षेत्र के तारकाबैद गांव में उस वक्त हुई, जब कुछ महिलाएं जंगल से जलावन की लकड़ी लेकर घर लौट रही थीं।
पारिवारिक विवादों के कारण पुलिस अधिकारी ने की आत्महत्या
आंध्र प्रदेश के ताडीपत्रि में पारिवारिक विवाद के कारण एक पुलिस अधिकारी ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बताया कि 50 वर्षीय आनंद राव ताडिपत्रि पुलिस स्टेशन के सर्कल अफसर थे। उन्होंने रविवार और सोमवार की मध्यरात्रि के बीच खुद को फांसी लगा ली। अनंतपुर जिले के पुलिस अधीक्षक कांची श्रीवास्तव ने कहा कि उन्होंने लंबे समय से परिवार में चल रहे विवादों के कारण उन्होंने खुद को फांसी लगा ली। उन्होंने बताया कि आनंद राव के परिवार में अक्सर विवाद हुआ करता था, ऐसा रविवार को भी हुआ। पुलिस फिलहाल सीआरपीसी की धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर जांच में जुट चुकी है।