कर्नाटक की एक निचली अदालत ने जेडीएस के पूर्व सांसद प्रज्ज्वल रेवन्ना की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी। रेवन्ना बलात्कार और यौन उत्पीड़न के कई आरोपों का सामना कर रहे हैं। जनप्रतिनिधियों के लिए बनी विशेष अदालत के न्यायाधीश संतोष गजानन भट ने बंगलूरू की परप्पाना अग्रहारा जेल में बंद रेवन्ना की याचिका खारिज की। बता दें कि पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा के 33 वर्षीय पोते रेवन्ना के खिलाफ चार अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। इस हाई प्रोफाइल मामले की जांच एसआईटी कर रही है। पहला मामला 28 अप्रैल को हासन के पुलिस थाने में, जबकि दूसरा मामला एक मई को इसी जिले में दर्ज किया गया था। तीसरा मामला मैसूर में दर्ज कराया गया, जबकि चौथा मामला 12 जून को बंगलूरू सीआईडी के साइबर क्राइम पुलिस थाने में दर्ज किया गया।
विज्ञापन
84 साल में सबसे अधिक गर्म रहा 22 जुलाई; 24 घंटे में टूट गया रिकॉर्ड
यूरोपीय संघ की कोपरनिकस जलवायु परिवर्तन सेवा (सी3एस) के आकलन का दावा है कि 22 जुलाई धरती के इतिहास में सबसे अधिक गर्म रहा। संस्था के मुताबिक बीते लगभग 84 साल में तापनाम इस स्तर पर पहली बार पहुंचा है। वैश्विक औसत तापमान 17.15 डिग्री सेल्सियस के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंचने के साथ यह भी दिलचस्प है कि एक दिन पहले 21 जुलाई को दर्ज 17.09 डिग्री तापमान सबसे अधिक दर्ज किया था। इसका मतलब 24 घंटे में ही दुनिया के सबसे गर्म दिन का रिकॉर्ड टूट गया। सी3एस के प्रारंभिक आंकड़ों से पता चला कि 22 जुलाई, 1940 के बाद से सबसे गर्म दिन 2024 की 22 जुलाई को रहा।
मणिपुर की महिलाओं ने रैली निकाली, असम में 3 लोगों की हत्या की न्यायिक जांच की मांग की
मणिपुर के कुकी और हमार समुदायों के दो महिला संगठनों ने बुधवार को चुराचंदपुर जिले में एक रैली निकाली और इस महीने की शुरुआत में असम में पुलिस मुठभेड़ में तीन हमार पुरुषों की हत्या की जांच सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश से कराने की मांग की। कुकी महिला मानवाधिकार संगठन और हमार महिला संघ की तरफ से आयोजित रैली मुओलवाइफेई खेल के मैदान से शांति मैदान के पास स्मृति दीवार तक निकाली गई। वहीं इस मामले में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि 17 जुलाई को कछार जिले में पुलिस की तरफ से की गई मुठभेड़ में तीन आतंकवादी मारे गए थे। हालांकि, मृतक लोगों के परिवार ने आरोप लगाया कि मुठभेड़ फर्जी था। वहीं दोनों संगठनों ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को दिए ज्ञापन में कहा, हम मामले के तथ्यों को समझने के लिए विस्तृत जांच के लिए भारत के सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश की अध्यक्षता में एक विशेष जांच दल के गठन का अनुरोध करते हैं।
विज्ञापन
असम के मोरेगांव में हेरोइन के साथ दो लोग गिरफ्तार
असम के मोरेगांव में दो लोगों के पास से 1.57 करोड़ रुपये कीमत की हेरोइन जब्त करने के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया है। एक गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस की एक टीम ने बरचल गांव में तलाशी अभियान चलाकर एक घर से 875 ग्राम नशीला पदार्थ जब्त किया। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। हेरोइन को 77 साबुन के डिब्बों में छिपाकर रखा गया था। इसे नागालैंड के दीमापुर से यहां लाया गया था। पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
महाराष्ट्र में बाइक की भिड़ंत में चार लोगों की मौत
महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में दो मोटरसाइकिल के टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई। वहीं इस हादसे में एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। एक पुलिस अधिकारी ने इस घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह घटना मंगलवार की शाम को मुंबई से करीब 700 किलोमीटर दूर भोकर-म्हैसा रोड पर पिंपलधाव गांव के पास घटी। मृतकों की पहचान 55 वर्षीय गंगाधर, 50 वर्षीय परसराम डेकोर, 25 वर्षीय दानेश्वर और 23 वर्षीय विनायक के तौर पर की गई है।
अधिकारी ने कहा, ''एक मोटरसाइकिल पर तीन व्यक्ति और दूसरी मोटरसाइकिल पर दो व्यक्ति सवार थे, तभी उनके वाहन आमने-सामने से टकरा गए। टक्कर के कारण वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।'' उन्होंने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं और मामले में आगे की जांच जारी है।
बंगलूरू में बिहार की रहने महिला की निर्मम हत्या, जांच में जुटी पुलिस
बंगलूरू में बिहार की रहने वाली एक महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई, पुलिस ने बताया कि बुधवार को कोरमंगला में एक पेइंग गेस्ट आवास में महिला का शव मिला है। पुलिस ने कहा कि यह हत्या का मामला प्रतीत होता है और संदेह है कि हमलावर उसका कोई परिचित हो सकता है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि 24 वर्षीय कृति कुमारी बिहार की रहने वाली थी। वह शहर में एक निजी कंपनी में काम करती थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
चेंबूर में दो गुटों के बीच झड़प, एक शख्स की मौत
महाराष्ट्र में मुंबई के चेंबूर इलाके में दो गुटों के बीच हुई झड़प में एक व्यक्ति की मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है। झगड़ा पुरानी रंजिश को लेकर हुआ था। मृतक की पहचान 32 वर्षीय सिद्धार्थ कांबले के तौर पर की गई है। आरोपी शराब के नशे में था और उनमें से दो का आपराधिक रिकॉर्ड भी है। पीड़ित पर धारदार हथियार से हमला किया गया था। इस घटना के बाद पीड़ित को इलाज के लिए तुरंत पास के अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुंबई आरसीएफ पुलिस स्टेशन ने इस घटना की जानकारी दी।
असम के मोरीगांव में जापानी इंसेफेलाइटिस से तीन की मौत
असम के मोरीगांव के एक अधिकारी ने जानकारी दी कि जिले में तीन लोगों की जापानी इंसेफेलाइटिस के कारण मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि फिलहाल जिले में 11 मरीजों का इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। वहीं मरने वालों में 22 साल का राजमणि मेधी भी शामिल है, जिसकी बीमारी के बारे में पिछले हफ्ते पता चलने के बाद बुधवार को गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में उसकी मौत हो गई। जबकि अन्य दो मृतक गगलमारी गांव की सात साल की इमराना बेगम और शिमुलुगुरी के 66 साल के भबकांता नाथ हैं। इधर जिला मलेरिया अधिकारी सुप्रिया दास ने बताया कि मलेरिया के पांच मामले भी सामने आए हैं और सभी मरीज ठीक हो गए हैं। बता दें कि राज्य में बाढ़ का पानी कम होने के बाद जापानी इंसेफेलाइटिस और मलेरिया दोनों के मामले सामने आए।